PKL 9: बंगाल वॉरियर्स के सामने तमिल थलाइवाज, जबरदस्त टक्कर की उम्मीद

दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में सोमवार को 9वें सीजन का 92वां मुकाबला बंगाल वॉरियर्स और तमिल थलाइवाज के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों की अगर बात करें तो पिछले कुछ मुकाबले उनके लिए मिले-जुले रहे हैं। बंगाल वॉरियर्स ने अपने पिछले पांच मैचों में से तीन मैचों में जीत हासिल की है और एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं तमिल थलाइवाज ने अपने पिछले पांच में से दो मुकाबले जीते हैं और दो हारे हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अब होने वाले सारे मैच काफी अहम हैं इसलिए दोनों ही टीमें जीत हासिल करना चाहेंगी। आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन किस पर भारी है।
स्क्वाड
बंगाल वॉरियर्स
वॉरियर्स की बात करें तो वो भले ही प्वॉइंट्स टेबल में काफी नीचे थे लेकिन अपने पिछले मैच में उन्होंने तेलुगु टाइटंस के खिलाफ जबरदस्त जीत हासिल की थी। मनिंदर सिंह ने 12 प्वॉइंट्स रेडिंग में लिए थे। इसके अलावा श्रीकांत जाधव ने भी सात प्वॉइंट हासिल कर अपने कप्तान को काफी अच्छी तरह से असिस्ट किया था। सबसे अच्छा बात ये रही कि टीम के दोनों कॉर्नर्स ने काफी अच्छा खेल दिखाया। राइट कॉर्नर में शुभम शिंदे और लेफ्ट कॉर्नर में गिरीश एर्नाक अपने फॉर्म में दिखे। बंगाल की टीम चाहेगी कि तमिल थलाइवाज के खिलाफ मुकाबले में ये दोनों डिफेंडर एक बार फिर अपना दमखम दिखाएं।
बंगाल वॉरियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
मनिंदर सिंह, वैभव गरजे, डी बालाजी, दीपक हूडा, श्रीकांत जाधव, शुभम शिंदे और गिरीश एर्नाक।
तमिल थलाइवाज
थलाइवाज की टीम बीच में काफी अच्छा कर रही थी और पुनेरी पलटन को हराकर उन्होंने बाकी टीमों को एक कड़ा संदेश दिया था। हालांकि उसके बाद दो मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था लेकिन अपने पिछले मुकाबले में पटना पाइरेट्स से उन्होंने मैच टाई कराया। नरेंद्र ने एक बार फिर जबरदस्त खेल दिखाया और 16 प्वॉइंट लिए। अजिंक्य पंवार ने भी सात प्वॉइंट लाकर उनका अच्छा साथ दिया। कुल मिलाकर तमिल थलाइवाज को बंगाल वॉरियर्स के खिलाफ अपने डिफेंस पर ध्यान देना होगा।
तमिल थलाइवाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
नरेंद्र, मोहित, एम अभिषेक, हिमांशु, अजिंक्य पंवार, सागर और साहिल गूलिया।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बंगाल वॉरियर्स और तमिल थलाइवाज के बीच अगर हेड टू हेड आंकड़ों की बात करें तो यहां पर बंगाल वॉरियर्स का पलड़ा पूरी तरह से भारी है। दोनों ही टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 11 मैच हुए हैं जिसमें से बंगाल वॉरियर्स ने 9 और तमिल थलाइवाज को सिर्फ एक ही मुकाबले में जीत मिली है। वहीं इस सीजन दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला टाई रहा है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
तमिल थलाइवाज की निगाहें एक बार फिर नरेंद्र पर होंगी। इस सीजन वो पांचवें सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले रेडर हैं और इसी वजह से टीम को उनसे एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं बंगाल वॉरियर्स उम्मीद करेगी कि कप्तान मनिंदर सिंह जबरदस्त खेल दिखाकर टीम को जीत दिलाएं।
सफलता का मंत्र
तमिल थलाइवाज की टीम पूरी तरह से अपने युवा रेडर नरेंद्र पर डिपेंड करेगी। अगर वो रेडिंग में उसी तरह खेल गए तो फिर टीम बेहतरीन जीत हासिल कर सकती है। इसके अलावा तमिल थलाइवाज के डिफेंस के ऊपर भी जिम्मेदारी होगी कि वो मनिंदर सिंह को रोककर रखें। बंगाल वॉरियर्स की सफलता के लिए जरूरी है कि कप्तान मनिंदर सिंह रेडिंग में ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट्स लाएं और डिफेंस में गिरीश एर्नाक अपना दमखम दिखाएं। वहीं दीपक हूडा का चलना काफी जरूरी है।
फैंटेसी के लिए टीम
रेडिंग - नरेंद्र (तमिल थलाइवाज), श्रीकांत जाधव (बंगाल वॉरियर्स) और मनिंदर सिंह (बंगाल वॉरियर्स)।
डिफेंस - शुभम शिंदे (बंगाल वॉरियर्स), सुनील (बंगाल वॉरियर्स), एम अभिषेक (तमिल थलाइवाज) और सागर (तमिल थलाइवाज)।
क्या आप जानते हैं ?
युवा रेडर नरेंद्र ने इस सीजन अपना पीकेएल डेब्यू किया था और तमिल थलाइवाज की तरफ से खेलते हुए उन्होंने अपने पहले ही मैच में सुपर-10 लगा दिया था। इस सीजन वो अभी तक 120 रेड प्वॉइंट्स हासिल कर चुके हैं।
बंगाल वॉरियर्स और तमिल थलाइवाज के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.