PKL 9: दबंग दिल्ली और तमिल थलाइवाज के बीच टॉप-5 में जाने की होगी जंग

दोनों ही टीमों के पास कई शानदार खिलाड़ी मौजूद हैं।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में बुधवार को दबंग दिल्ली और तमिल थलाइवाज के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों ही टीमें प्वॉइंट्स टेबल में आगे जाने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं और इस मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी उसकी टॉप-5 में जगह सुनिश्चित हो जाएगी। दबंग दिल्ली की अगर बात करें तो पिछले पांच में से वो दो मुकाबले हार चुके हैं और पिछले मैच में जयपुर के खिलाफ जिस तरह से वो हारे उससे उनके मनोबल पर जरूर असर पड़ा होगा। टीम को इस मुकाबले में जीत हासिल करना ही होगा।
वहीं तमिल थलाइवाज भी जीत हासिल करने के लिए अपना पूरा जोर लगा देगी। वे ऐसी स्थिति में नहीं फंसना चाहेंगे जहां पर उनके लिए हर एक मैच करो या मरो वाला हो। फैंस को एक जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है। जान लेते हैं कि कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और क्या कहते हैं आंकड़े ?
दबंग दिल्ली
दिल्ली की टीम ने अपने पिछले मैच में बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ शुरूआती बढ़त जरूर हासिल की थी लेकिन उसके बाद वो मुकाबला हर गए। इससे पता चलता है कि दबाव पड़ने पर टीम बिखर जाती है। रेडर्स तो अपना काम कर रहे हैं लेकिन डिफेंडर्स काफी सारे प्वॉइंट्स लुटा रहे हैं। डिफेंडर्स को और जिम्मेदारी लेनी होगी क्योंकि डिफेंस टीम के लिए एक कमजोर कड़ी साबित हुई है और इसी वजह से अब आने वाले मुकाबलों में डिफेंडर्स को बेहतर करना होगा। टीम के डिफेंडर्स में अमित हूडा ही केवल निरंतरता दिखा रहे हैं। बाकी खिलाड़ियों को और जोर लगाना होगा और तभी टीम थलाइवाज के खिलाफ जीत हासिल कर सकती है।
दबंग दिल्ली की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
नवीन कुमार, रवि कुमार, विशाल, आशु मलिक, विजय मलिक, अमित हूडा और संदीप धुल।
तमिल थलाइवाज
थलाइवाज ने अपने पिछले मैच में गुजरात जायंट्स को बेहतरीन तरीके से हराया है और दबंग दिल्ली के खिलाफ मैच के लिए अब उनका आत्मविश्वास बढ़ गया होगा। नरेंद्र ने तो प्वॉइंट लाए ही इसके साथ अजिंक्य पंवार ने भी उनका अच्छा साथ दिया और 12 प्वॉइंट्स लेकर आए। इससे एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन बन गया। राइट कॉर्नर में अर्पित सरोहा को मौका दिया गया और उन्होंने इस फैसले को सही साबित करते हुए तीन टैकल प्वॉइंट लिए। उन्हें एक और मौका मिल सकता है। थलाइवाज के लिए जरूरी है कि वो निरंतरता के साथ खेलें क्योंकि इस सीजन उनके अंदर इसकी कमी देखने को मिली है। किसी मैच में उनका परफॉर्मेंस काफी अच्छा रहा है तो अगले ही मैच में वो बुरी तरह हारे भी हैं।
तमिल थलाइवाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन –
नरेंद्र, मोहित, एम अभिषेक, हिमांशु, अजिंक्य पंवार, अर्पित सारोहा और साहिल गूलिया।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
तमिल थलाइवाज और दबंग दिल्ली के बीच अभी तक पीकेएल में कुल मिलाकर सात मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान तमिल थलाइवाज ने सिर्फ एक मुकाबले में जीत हासिल की है और दबंग दिल्ली ने पांच मुकाबले जीते हैं। वहीं दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ है। इस सीजन तमिल थलाइवाज की टीम एक मैच में दबंग दिल्ली को हरा चुकी है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
दिल्ली की टीम अपने रेडर्स नवीन कुमार और विजय मलिक से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। इसके अलावा टीम चाहेगी कि डिफेंडर्स भी बेहतर खेल दिखाएं। वहीं तमिल थलाइवाज की टीम में सारी निगाहें अजिंक्य पंवार पर होंगी जिन्होंने पिछले मैच में सुपर-10 लगाया था।
सफलता का मंत्र
थलाइवाज को अगर जीत हासिल करनी है तो फिर उनके रेडर्स को अच्छा करना होगा। नरेंद्र और अजिंक्य पंवार अगर रेडिंग में लगातार प्वॉइंट लाएंगे तो उनके पास ऐसा डिफेंस मौजूद है जो दबंग दिल्ली के रेडर्स को रोक सकता है। वहीं दिल्ली के लिए भी डिफेंस ही बड़ी समस्या रही है और उनको भी जीत हासिल करने के लिए डिफेंडर्स का अच्छा करना जरूरी होगा।
फैंटेसी के लिए टीम
नरेंद्र, नवीन, विजय मलिक, एम अभिषेक, साहिल गूलिया, अमित हूडा और विशाल।
क्या आप जानते हैं ?
तमिल थलाइवाज ने ऑक्शन के दौरान पवन सेहरावत को 2 करोड़ से ज्यादा की बोली लगाकर खरीदा था लेकिन इंजरी की वजह से वो बाहर हो गए और टीम को बड़ा झटका लगा। हालांकि इसके बावजूद टीम ने बेहतर खेल दिखाया है।
तमिल थलाइवाज और दबंग दिल्ली के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.