PKL 9: क्या पुनेरी पलटन को चुनौती दे पाएगी निचले क्रम पर मौजूद तेलुगु टाइटंस ?

टाइटंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में शनिवार को दूसरा मुकाबला पुनेरी पलटन और तेलुगु टाइटंस के बीच खेला जाएगा। अगर इस सीजन को देखें तो दोनों ही टीमों का परफॉर्मेंस एक दूसरे से काफी जुदा रहा है। पुनेरी पलटन की टीम 17 में से 11 मुकाबले जीतकर प्वॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर है और वहीं तेलुगु टाइटंस 17 में से सिर्फ दो मुकाबले जीतकर और 15 मैच हारकर अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। तेलुगु टाइटंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और उनके लिए अब केवल सम्मान बचाने की लड़ाई है। वहीं पुनेरी पलटन की टीम एक और जीत हासिल कर टॉप पर अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेगी। मुकाबले से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है।
तेलुगु टाइटंस
टाइटंस की टीम पिछले पांच में से चार मुकाबले हार चुकी है। हालांकि टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है लेकिन पिछली बार की तरह इस बार वो सबसे निचले पायदान पर सीजन को खत्म नहीं करना चाहेंगे और इसी वजह से जीत उनके लिए काफी जरूरी है। टीम ने अपने पिछले सीजन के रिकॉर्ड को जरूर बेहतर किया है और यू-मुम्बा को हराकर दूसरी जीत हासिल की। अब टीम चाहेगी कि आने वाले मैचों को भी जीतकर टूर्नामेंट से सम्मान के साथ विदाई ली जाए। उन्हें अपने होम ग्राउंड में खेलने का फायदा भी मिलेगा और वो फैंस को निराश नहीं करना चाहेंगे। टीम अब अपने और प्लेयर्स को ट्राई कर सकती है।
तेलुगु टाइटंस की संभावित स्टार्टिंग सेवन –
अभिषेक सिंह, डी प्रिंस, प्रवेश भैंसवाल, मोहसिन मोगसोदुलू, सिद्धार्थ देसाई, अंकित और विशाल भारद्वाज।
पुनेरी पलटन
पलटन के लिए सीजन की शुरूआत भले ही उतनी अच्छी नहीं हुई थी लेकिन जिस तरह से उन्होंने वापसी की है वो काबिलेतारीफ है। टीम लगातार मैच जीत रही है और इसमें टीम के मेन प्लेयर्स का काफी अहम योगदान रहा है। असलम ईनामदार और मोहित गोयत की जोड़ी लगातार प्वॉइंट्स ला रही है। इसके अलावा आकाश शिंदे के रूप में टीम को एक और बेहतरीन युवा रेडर मिला है। फजल अत्राचली की अगर बात करें तो वो भी डिफेंस में अच्छा कर रहे हैं। हालांकि जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ वो एक भी प्वॉइंट नहीं ले पाए थे लेकिन इसके बावजूद टीम ने जीत हासिल की थी। इससे पता चलता है कि पुनेरी पलटन की टीम में कितनी गहराई है और किसी एक या दो प्लेयर पर वो डिपेंड नहीं हैं।
पुनेरी पलटन की संभावित स्टार्टिंग सेवन –
अबिनेश नादराजन, संकेत सावंत, असलम ईनामदार, मोहित गोयत, आकाश शिंदे, सोमबीर और फजल अत्राचली।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
तेलुगु टाइटंस और पुनेरी पलटन के बीच अगर हेड टू हेड आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 17 मैच हुए हैं। इसमें से पुनेरी पलटन ने 10 और तेलुगु टाइटंस ने महज छह ही मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं एक मुकाबला टाई रहा है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
पुनेरी पलटन की टीम में निश्चित तौर पर सारी निगाहें कप्तान अफजल फत्राचली और रेडिंग जोड़ी असलम ईनामदार और मोहित गोयत पर होंगी। इन खिलाड़ियों पर इस बार भी सारा दारोमदार इन्हीं पर होगा। वहीं तेलुगु टाइटंस अपने डिफेंस और रेडर्स से उम्मीद करेगी। खासकर सिद्धार्थ देसाई के ऊपर काफी निगाहें होंगी।
सफलता का मंत्र
तेलुगु टाइटंस को सफल होने के लिए जरूरी है कि उनके जितने भी अनुभवी खिलाड़ी हैं वो दमदार प्रदर्शन करें। खासकर टीम का दूसरे हाफ में प्वॉइंट्स लाना काफी जरूरी है। वो वहीं पर आकर मात खा जाते हैं। वहीं पुनेरी पलटन की सफलता के लिए जरूरी है कि कप्तान फजल अत्राचली डिफेंस में अपना जादू दिखाएं। इसके अलावा असलम ईनामदार और मोहित गोयत इसी तरह प्वॉइंट्स लाते रहें।
फैंटेसी के लिए टीम
असलम ईनामदार, आकाश शिंदे, सिद्धार्थ देसाई, सोमबीर, अबिनेश नादराजन, विशाल भारद्वाज और प्रवेश भैंसवाल।
क्या आप जानते हैं ?
तेलुगु टाइटंस को पिछले सीजन सिर्फ एक ही मैच में जीत मिली थी। बाकी मुकाबलों में उन्हें या तो हार मिली थी या फिर मैच टाई रहा था। हालांकि इस बार टीम दो मुकाबले जीत चुकी है और वो अपने परफॉर्मेंस को बेहतर करना चाहेंगे।
पुनेरी पलटन और तेलुगु टाइटंस के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.