PKL 9: तेलुगु टाइटंस के सामने सम्मान बचाने की चुनौती, यू-मुम्बा से होगी टक्कर

टाइटंस अब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में शनिवार को 9वें सीजन का 88वां मुकाबला यू-मुम्बा और तेलुगु टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यू-मुम्बा की टीम इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में चल रही है और दूसरी तरफ तेलुगु टाइटंस का हाल भी पिछले सीजन के जैसा ही है। यू-मुम्बा की टीम इस सीजन अभी तक 14 में से आठ मुकाबले जीत चुकी है। वहीं दूसरी तरफ तेलुगु टाइटंस की टीम 15 में से केवल एक ही मैच जीत पाई है। वहीं 14 मैचों में उन्हें अभी तक हार झेलनी पड़ी है। इससे साफ पता चलता है कि पिछले सीजन की तरह इस बार भी तेलुगु टाइटंस लगातार शिकस्त का सामना कर रही है। आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन किस पर भारी है।
स्क्वाड
यू-मुम्बा
शुरूआती कुछ मैचों में लड़खड़ाने के बाद यू-मुम्बा की टीम अब बेहतरीन फॉर्म में आ गई है। हालांकि जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद टीम के कॉन्फिडेंस पर थोड़ा असर जरूर पड़ा। पिछले मैच में टीम के हार की प्रमुख वजह ये थी कि सारे रेडर्स फ्लॉप रहे थे और इसी वजह से टीम जीत हासिल नहीं कर पाई थी। डिफेंडर्स ने तो अपना काम बखूबी किया था लेकिन रेडर्स का परफॉर्मेंस वैसा नहीं रहा था। यू-मुम्बा की टीम चाहेगी कि अपनी इस कमी को जल्द से जल्द सुधारे।
यू-मुम्बा की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
गुमान सिंह, जय भगवान, हरेंद्र कुमार, आशीष, रिंकू, किरण माग और मोहित।
तेलुगु टाइटंस
टाइटंस इस सीजन नए जोश और उम्मीद के साथ उतरी थी। इसकी वजह ये थी कि उन्होंने कई बेहतरीन प्लेयर्स का चयन किया था। उनकी टीम में कई बड़े नाम थे लेकिन रिजल्ट पिछले सीजन के जैसा ही रहा है। टीम ने अभी तक जितने भी खिलाड़ियों को आजमाया है लगभग सबका परफॉर्मेंस खराब रहा है। मोनू गोयत, अभिषेक सिंह, परवेश भैंसवाल, विशाल भारद्वाज, रविंदर पहल जैसे सितारों से सजी टीम लगातार जीत के लिए संघर्ष कर रही है। टीम सिर्फ एक खिलाड़ी सिद्धार्थ देसाई पर काफी ज्यादा निर्भर रही है। सिद्धार्थ देसाई टीम की तरफ से अकेले लड़ रहे हैं। रेडिंग में वो लगातार प्वॉइंट्स ला रहे हैं लेकिन उन्हें बाकी खिलाड़ियों का साथ नहीं मिल रहा है। पिछले मुकाबले में अभिषेक सिंह ने जरूर 9 प्वॉइंट्स लिए लेकिन इसके बावजूद टीम हार गई। अब टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
तेलुगु टाइटंस की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
अभिषेक, डी प्रिंस, प्रवेश भैंसवाल, टी आदर्श, सिद्धार्थ देसाई, अंकित और विशाल भारद्वाज।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
तेलुगु टाइटंस और यू-मुम्बा के बीच अभी तक कुल मिलाकर पीकेएल में 15 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से यू-मुम्बा ने 9 मैचों में जीत हासिल की है और तेलुगु टाइटंस को सिर्फ चार ही मुकाबलों में जीत मिली है। दो मैच टाई पर समाप्त हुए हैं। इससे साफ पता चलता है कि यू-मुम्बा का पलड़ा तेलुगु टाइटंस के खिलाफ भारी रहा है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
यू-मुम्बा की तरफ से गुमान सिंह जबरदस्त प्रदर्शन कर सकते हैं। डिफेंस में रिंकू और मोहित की जोड़ी से उम्मीदें होंगी। वहीं तेलुगु टाइटंस की टीम सिद्धार्थ देसाई से काफी उम्मीद करेगी। एक वही प्लेयर हैं जो टीम को जीत की पटरी पर लौटा सकते हैं।
सफलता का मंत्र
अगर यू-मुम्बा को जीत हासिल करनी है तो फिर रेडर्स को डिफेंस का साथ देना होगा। पिछले मैच वाली गलती नहीं दोहरानी होगी। वहीं तेलुगु टाइंटस के लिए जरूरी है कि जिस तरह का खेल वो पहले हाफ में दिखाते हैं वैसा ही खेल दूसरे हाफ में दिखाएं। टीम हमेशा दूसरे हाफ में आकर बिखर जाती है।
फैंटेसी के लिए टीम
रेडिंग - गुमान सिंह, जय भगवान और सिद्धार्थ देसाई।
डिफेंस - रिंकू, किरण मागर, विशाल भारद्वाज और अंकित।
क्या आप जानते हैं ?
तेलुगु टाइटंस को पिछले सीजन सिर्फ एक ही मैच में जीत मिली थी। बाकी मुकाबलों में उन्हें या तो हार मिली थी या फिर मैच टाई रहा था। इस बार भी वो उसी तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि टीम में इस बार युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।
तेलुगु टाइटंस और यू-मुम्बा के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.