Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 9: महाराष्ट्रियन डर्बी में यू-मुम्बा और पुनेरी पलटन के बीच होगी टक्कर

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :November 11, 2022 at 8:39 AM
Modified at :November 11, 2022 at 8:39 AM
PKL 9: महाराष्ट्रियन डर्बी में यू-मुम्बा और पुनेरी पलटन के बीच होगी टक्कर

दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले में पलटन ने जीत हासिल की थी।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन में शुक्रवार को कुल मिलाकर तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दिन का दूसरा मैच पुनेरी पलटन और यू-मुम्बा के बीच रात 8:30 बजे से खेला जाएगा। यू-मुम्बा की टीम इस सीजन अभी तक 11 में से छह मुकाबले जीत चुकी है और पांच मैचों में उन्हें हार मिली है। यू-मुम्बा की टीम चाहेगी कि सेकेंड हाफ में अब वो बेहतर प्रदर्शन करें। वहीं दूसरी तरफ पुनेरी पलटन की अगर बात करें तो वो काफी जबरदस्त फॉर्म में हैं। टीम 12 में से सात मुकाबले जीतकर प्वॉइंट्स टेबल में इस वक्त पहले पायदान पर है। इससे पता चलता है कि टीम का परफॉर्मेंस कितना जबरदस्त रहा है। मैच से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और क्या कहते हैं आंकड़े।

स्क्वाड

पुनेरी पलटन

पलटन के लिए सीजन की शुरूआत भले ही उतनी अच्छी नहीं हुई थी लेकिन जिस तरह से उन्होंने वापसी की है वो काबिलेतारीफ है। टीम लगातार मैच जीत रही है और इसमें टीम के मेन प्लेयर्स का काफी अहम योगदान रहा है। असलम ईनामदार और मोहित गोयत की जोड़ी प्वॉइंट्स ला रही है। इसके अलावा आकाश शिंदे के रूप में टीम को एक और बेहतरीन युवा रेडर मिला है। पिछले मैच में सब्सीट्यूट के तौर पर आने के बाद उन्होंने सुपर -10 लगा दिया था और इससे उनकी काबिलियत का पता चलता है। वहीं डिफेंस में कप्तान फजल अत्राचली शानदार फॉर्म में हैं। तमिल थलाइवाज के खिलाफ पिछले ही मुकाबले में उन्होंने हाई -फाइव लगाया है। संकेत सावंत, सोमबीर और अबिनेश नादराजन उन्हें अच्छी तरह से सपोर्ट कर रहे हैं। कुल मिलाकर पुनेरी पलटन की टीम पूरी तरह से एकजुट होकर खेल रही है।

पुनेरी पलटन की संभावित स्टार्टिंग सेवन -

अबिनेश नादराजन, संकेत सावंत, असलम ईनामदार, मोहित गोयत, आकाश शिंदे, सोमबीर और फजल अत्राचली

यू-मुम्बा

मुम्बा की टीम इस वक्त संघर्ष करती हुई नजर आ रही है। टीम टॉप-6 में जरूर है लेकिन पिछले कुछ मैचों से उनका परफॉर्मेंस वैसा नहीं रहा है जैसा होना चाहिए। पटना पाइरेट्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ वो लगातार मुकाबले हार चुके हैं। गुमान सिंह की कमी टीम को काफी खल रही है। उनकी अनुपस्थिति में जय भगवान और आशीष रेडिंग में उतने प्वॉइंट्स नहीं ला पा रहे हैं जिसकी जरूरत है। वहीं डिफेंस में भी टीम की कमजोरी साफ दिख रही है। रिंकू, कप्तान सुरेंदर सिंह और मोहित प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे हैं। पुनेरी पलटन के खिलाफ यू-मुम्बा को अपने दोनों ही डिपार्टमेंट पर ध्यान देना होगा क्योंकि उनके सामने वाली टीम हर एक विभाग में बेहतरीन खेल दिखा रही है।

यू-मुम्बा की संभावित स्टार्टिंग सेवन -

आशीष, सुरेंदर सिंह, हरेंद्र कुमार, हैदरअली एकरामी, जय भगवान, रिंकू और मोहित।

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े

यू-मुम्बा और पुनेरी पलटन के बीच अभी तक जितने भी मैच हुए हैं उसमें दोनों ही टीमों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी है। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 19 मैच हुए हैं जिसमें यू-मुम्बा ने 9 और पुनेरी पलटन ने आठ मुकाबले जीते हैं। दो मैच दोनों टीमों के बीच अभी तक टाई रहा है।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

यू-मुम्बा की अगर बात करें तो उनकी टीम में सारी निगाहें उनके युवा रेडर्स और कप्तान सुरेंदर सिंह पर रहने वाली हैं। अगर सुरेंदर सिंह डिफेंस में कुछ कमाल करते हैं तभी टीम जीत की राह पर लौट पाएगी। वहीं पुनेरी पलटन टीम में कप्तान फजल अत्राचली के ऊपर निगाहें होंगी। जबकि युवा रेडर असलम ईनामदार कमाल कर सकते हैं।

सफलता का मंत्र

पुनेरी पलटन चाहेगी कि उनके दोनों रेडर्स एक बार फिर उसी तरह का परफॉर्मेंस करें जैसा करते आए हैं। वहीं डिफेंस में सुल्तान फजल अत्राचली बेहतर करना चाहेंगे। वहीं यू-मुम्बा की टीम चाहेगी कि रेडर्स और डिफेंडर्स मिलकर अपना 100 प्रतिशत खेल दिखाएं।

फैंटसी के लिए टीम

रेडर - आकाश शिंदे (पुनेरी पलटन), जय भगवान (यू-मुम्बा) और असलम ईनामदार (पुनेरी पलटन)।

डिफेंडर - सोमबीर (पुनेरी पलटन), फजल अत्राचली (पुनेरी पलटन), रिंकू (यू-मुम्बा) और हरेंद्र कुमार (यू-मुम्बा)।

क्या आप जानते हैं ?

गुमान सिंह को ऑक्शन के दौरान यू-मुम्बा ने एक करोड़ और 22 लाख की रकम में खरीदा था। वहीं फजल अत्राचली जो इससे पहले तक यू-मुम्बा के कप्तान थे उन्हें पुनेरी पलटन ने एक करोड़ 38 लाख की रकम में खरीदा था।

यू-मुम्बा और पुनेरी पलटन के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.