PKL 9 एलिमिनेटर: बेंगलुरू बुल्स की चुनौती को क्या पार कर पाएगी दबंग दिल्ली?

(Courtesy : PKL)
दोनों ही टीमें एक-एक बार पीकेएल का टाइटल अपने नाम कर चुकी हैं।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में अब एलिमिनेटर मुकाबलों की बारी है। 13 दिसंबर को पहला एलिमिनेटर मैच मुंबई में बेंगलुरू बुल्स और डिफेंडिंग चैंपियन दबंग दिल्ली के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरू बुल्स की टीम इस सीजन 22 में से 13 मुकाबले जीतकर तीसरे पायदान पर रही। वहीं दबंग दिल्ली प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली आखिरी टीम थी। उन्होंने 22 में से 10 मैच जीते और 10 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
अब प्लेऑफ में दोनों ही टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। जो भी टीम इस मैच को जीतेगी वो सेमीफाइनल में जाएगी। इस सीजन दोनों ही टीमें दो बार आपस में भिड़ चुकी हैं और दोनों ही बार बेंगलुरू की टीम ने जीत हासिल की है। इसी वजह से दबंग दिल्ली के लिए एक बड़ी चुनौती सामने है। मुकाबले से पहले जान लेते हैं दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े क्या हैं और कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है ?
स्क्वाड
बेंगलुरू बुल्स
बुल्स इस पीकेएल सीजन पवन सेहरावत के बिना खेलने के लिए उतरी थी। टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था और ऑक्शन के दौरान खरीद नहीं पाए थे लेकिन किसी को उम्मीद नहीं थी कि ये टीम बिना पवन सेहरावत के भी कमाल कर सकती है। टीम ने इस सीजन जबरदस्त प्रदर्शन किया। एक समय वो प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर थे लेकिन आखिर में कुछ मैच हारने के कारण उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। पवन सेहरावत की गैरमौजूदगी में भरत टीम के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे और बेहतरीन प्रदर्शन किया। विकाश कंडोला ने भी उनका अच्छा साथ दिया। वहीं डिफेंस की बात करें तो सौरभ नांदल, अमन और महेंद्र सिंह की तिकड़ी ने अपनी छाप छोड़ी। कुल मिलाकर बेंगलुरू बुल्स की टीम इस सीजन एकजुट होकर खेली है और इसी वजह से एलिमिनेटर मैच में वो दबंग दिल्ली के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
भरत, विकाश कंडोला, नीरज नरवाल, सौरभ नांदल, अमन, मयूर कदम और महेंद्र सिंह।
दबंग दिल्ली
डिफेंडिंग चैंपियन दबंग दिल्ली ने सीजन का आगाज काफी शानदार तरीके से किया था। शुरूआत में वो लगातार मुकाबले जीत रहे थे लेकिन बीच में आकर टीम काफी मुकाबले हारने लगी और इसी वजह से उनके लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल होती चली गई। हालांकि उन्हें शुरू में मैच जीतने का फायदा हुआ और गिरते-पड़ते उन्होंने अंतिम-6 में जगह बना ली। अब उनके सामने बेंगलुरू बुल्स की टीम है जिनसे वो इस सीजन दो बार हार चुके हैं। ऐसे में टीम के ऊपर इसका एक प्रेशर जरूर होगा।
नवीन कुमार की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। वो एक ऐसे प्लेयर हैं जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं। इसके अलावा दबंग दिल्ली को अपने डिफेंस पर भी ध्यान देना होगा क्योंकि भरत जैसे लंबे कद के रेडर के सामने डिफेंस बिखर सकता है। अमित हूडा ने जरूर कुछ मैचों से अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम को उनसे उसी निरंतरता की उम्मीद होगी।
दबंग दिल्ली की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
नवीन कुमार, रवि कुमार, विशाल, आशु मलिक, विजय मलिक, अमित हूडा और संदीप धुल।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बेंगलुरू बुल्स और दबंग दिल्ली के बीच अभी तक पीकेएल में कुल मिलाकर 19 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान बेंगलुरू बुल्स ने आठ मुकाबलों में जीत हासिल की है और दबंग दिल्ली ने 9 मुकाबले जीते हैं। वहीं दोनों टीमों के बीच दो मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
बेंगलुरू बुल्स की टीम में सारी निगाहें भरत पर होंगी जो इस सीजन कमाल कर रहे हैं। इसके अलावा नीरज नरवाल भी चौंका सकते हैं। दबंग दिल्ली की अगर बात करें तो वो एक बार फिर से अपने मेन रेडर नवीन कुमार और डिफेंस में अमित हूडा से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे।
सफलता का मंत्र
दबंग दिल्ली को अगर इस मैच में जीत हासिल करनी है तो फिर ना केवल नवीन कुमार को रेडिंग में ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट लाने होंगे, बल्कि उनके डिफेंस को भरत को रोकना होगा। वहीं बेंगलुरू बुल्स के लिए जरूरी है कि वो दबंग दिल्ली के रेडर्स को टार्गेट करें और नवीन कुमार को ज्यादा देर तक मैट पर ना रहने दें।
फैंटेसी के लिए टीम
भरत, विजय मलिक, नवीन, अमन, सौरभ नांदल, विशाल और अमित हूडा।
क्या आप जानते हैं?
बेंगलुरू बुल्स के हेड कोच रणधीर सिंह सेहरावत पीकेएल के पहले सीजन से ही टीम के कोच हैं। वो पीकेएल के एकमात्र ऐसे कोच हैं जो लगातार 9 सीजन से एक ही टीम के कोच हैं।
बेंगलुरू बुल्स और दबंग दिल्ली के बीच एलिमिनेटर मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.