PKL 9: जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरू बुल्स में से किसे मिलेगा फाइनल का टिकट ?

(Courtesy : PKL Media)
दोनों ही टीमें अभी तक एक-एक बार टाइटल जीत चुकी हैं।
पहले सीजन की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स और छठे सीजन की चैंपियन बेंगलुरू बुल्स के बीच इस पीकेएल सीजन का पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें इस पीकेएल सीजन जबरदस्त फॉर्म में हैं। जयपुर पिंक पैंथर्स ने इस सीजन कमाल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में डायरेक्ट अपनी जगह पक्की कर ली थी। उन्हें प्लेऑफ में खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी थी। टीम 22 में से 15 मुकाबले जीतकर प्वॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर रही थी और सेमीफाइनल मैच में वो बेंगलुरू बुल्स को हराकर फाइनल का टिकट पक्का करना चाहेंगे।
वहीं बेंगलुरू बुल्स की टीम भी बेहतरीन फॉर्म में है। टीम दबंग दिल्ली को एलिमिनेटर मैच में बड़े अंतर से हराकर आ रही है और इसी वजह से उनके हौंसले बुलंद होंगे। मुकाबले से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और आंकड़े क्या कहते हैं।
स्क्वाड
जयपुर पिंक पैंथर्स
पहले सीजन की चैंपियन टीम जयपुर पिंक पैंथर्स के पास सुनहरा मौका है कि वो इस बार टाइटल अपने नाम करें। इसके लिए सबसे पहले उन्हें बेंगलुरू बुल्स को हराना होगा जो अब अपने बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अर्जुन देशवाल और अंकुश की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। ये दोनों प्लेयर इस सीजन पैंथर्स के लिए सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं और इसी वजह से काफी सारा दारोमदार इनके ऊपर भी होगा। वहीं टीम चाहेगी कि बाकी प्लेयर्स भी सेमीफाइनल मैच में अपना 100 प्रतिशत दें।
जयपुर इस सीजन की सबसे बेहतरीन ऑलराउंड टीम रही है। हर एक डिपार्टमेंट में जयपुर ने बेहतरीन खेल दिखाया है और सेमीफाइनल मैच में वो काफी घातक साबित हो सकते हैं। पहले सीजन की चैंपियन टीम किसी एक प्लेयर के भरोसे नहीं है और हर एक खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता रखता है।
जयपुर पिंक पैंथर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
अर्जुन देशवाल, सुनील कुमार, केएस अभिषेक, रीजा मीरबाघेरी, वी अजीत, साहुल कुमार और अंकुश।
बेंगलुरू बुल्स
रणधीर सिंह की अगुवाई में बेंगलुरु बुल्स की टीम भी दूसरी बार खिताब जीतने के लिए अपना पूरा जोर लगा रही है। भरत के रूप में उन्हें इस सीजन एक सबसे बड़ा सुपरस्टार मिला है। वो अकेले दम पर किसी भी मैच को जिताने की क्षमता रखते हैं। टीम के लिए अच्छी बात ये है कि विकाश कंडोला भी अब अपने पूरे लय में आ गए हैं। दबंग दिल्ली के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में उन्होंने 13 प्वॉइंट हासिल किए थे और ज्यादातर रेड उनसे ही करवाई गई थी।
विकाश और भरत की जोड़ी रेडिंग में जयपुर के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकती है। जिस तरह से पैंथर्स का डिफेंस सॉलिड है उसी तरह बुल्स का डिफेंस भी कमाल का है। सौरभ नांदल, अमन और कप्तान महेंद्र सिंह किसी भी रेडर को रोकने की क्षमता रखते हैं। अर्जुन देशवाल के खिलाफ ये डिफेंडर्स एक खास रणनीति के साथ उतर सकते हैं। पोनाप्रतिभन सुब्रमण्यम ने भी काफी प्रभावित किया है।
बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
भरत, विकाश कंडोला, नीरज नरवाल, सौरभ नांदल, अमन, पोनाप्रतिभन सुब्रमण्यम और महेंद्र सिंह।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बेंगलुरू बुल्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच अभी तक पीकेएल में कुल मिलाकर 17 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान बेंगलुरू बुल्स ने आठ मुकाबलों में जीत हासिल की है और जयपुर पिंक पैंथर्स ने भी आठ ही मुकाबले जीते हैं, वहीं एक मैच टाई रहा है। इस सीजन दोनों ही टीमें एक दूसरे को एक-एक बार हरा चुकी हैं और इससे पता चलता है कि कितने कांटे की टक्कर दोनों टीमों के बीच रही है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
बेंगलुरू बुल्स की टीम में सारी निगाहें भरत और विकाश कंडोला पर होंगी। टीम के कोच और फैंस एक बार फिर उनसे उसी तरह के जादुई प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम को अर्जुन देशवाल से काफी उम्मीदें होंगी। इसके अलावा डिफेंस में अंकुश के ऊपर भी सबकी निगाहें होंगी।
सफलता का मंत्र
जयपुर को अगर इस मुकाबले में जीत हासिल करनी है तो उन्हें बेंगलुरू बुल्स के रेडर्स को रोकना होगा। अगर उन्होंने रेडर्स को ज्यादा प्वॉइंट्स नहीं लाने दिए तो फिर मैच में बने रह सकते हैं। वहीं बेंगलुरू बुल्स के लिए जरूरी है कि वो अपने रेडिंग पर ध्यान देने के अलावा अर्जुन देशवाल के खिलाफ एक विशेष रणनीति के साथ उतरें। वो टीम के सबसे मेन रेडर हैं और अगर उन्हें रोक लिया गया तो फिर बेंगलुरू बुल्स के लिए चीजें आसान हो जाएंगी।
फैंटेसी के लिए टीम
भरत, विकाश कंडोला, अर्जुन देशवाल, अंकुश, साहुल कुमार, पोनाप्रतिभन सुब्रमण्यम और महेंद्र सिंह।
क्या आप जानते हैं ?
बेंगलुरू बुल्स के हेड कोच रणधीर सिंह सेहरावत पीकेएल के पहले सीजन से ही टीम के कोच हैं। वो पीकेएल के एकमात्र ऐसे कोच हैं जो लगातार 9 सीजन से एक ही टीम के कोच हैं।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.