पीकेएल 9 में सबसे ज्यादा हाई-5 लगाने वाले टॉप पांच डिफेंडर

(Courtesy : PKL)
इन डिफेंडर्स ने इस सीजन जबरदस्त प्रदर्शन किया।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) का 9 वां सीजन खत्म हो गया है। इस सीजन कई ऐसे प्लेयर रहे जिन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। जिन टीमों ने इस सीजन अच्छा परफॉर्म किया और प्लेऑफ में जगह बनाई उनके प्लेयर्स का परफॉर्मेंस तो अच्छा ही रहा लेकिन साथ में जो टीमें प्लेऑफ में नहीं जा पाई उनके भी कुछ खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया। किसी भी टूर्नामेंट को जीतने के लिए डिफेंडर्स की काफी अहम भूमिका होती है। अगर आपको पीकेएल की ट्रॉफी जीतनी है तो ना केवल रेडर्स बल्कि डिफेंडर्स को बेहतर खेल दिखाना होगा।
पीकेएल इतिहास पर अगर नजर डालें तो टूर्नामेंट जिताने में डिफेंडर्स का योगदान काफी ज्यादा रहा। इस सीजन भी कई ऐसे डिफेंडर रहे जिन्होंने अपनी चमक बिखेरी और काफी प्वॉइंट हासिल किए। बड़े से बड़े रेडर्स को भी इन डिफेंडर्स के सामने परेशानी हुई और इन्होंने एक ही मैच में कई सारे प्वॉइंट लिए। हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे कि पीकेएल के 9वें सीजन में सबसे ज्यादा हाई-फाइव किन-किन डिफेंडर्स ने लगाए।
5.गिरीश एर्नाक (बंगाल वॉरियर्स)
गिरीश एर्नाक ने इस पीकेएल सीजन 18 मैचों में 51 प्वॉइंट हासिल किए और ओवरऑल टैकल प्वॉइंट के मामले में 15वें पायदान पर रहे। कई मैच तो ऐसे रहे जिसमें उन्होंने प्वॉइंट्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने चार हाई फाइव लगाए और बॉडी ब्लॉक के जरिए कई बेहतरीन रेडर्स को रोका। बंगाल वॉरियर्स की टीम टाइटल भले ही नहीं जीत पाई लेकिन गिरीश ने अपने परफॉर्मेंस से सबको काफी प्रभावित किया। अगर उन्हें टीम के और डिफेंडर्स का साथ मिला होता तो स्थिति अलग हो सकती थी। गिरीश एर्नाक पीकेएल इतिहास में चौथे सबसे ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने अभी तक 143 मैचों में 359 टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं।
4.सागर (तमिल थलाइवाज)
तमिल थलाइवाज की टीम अगर इस सीजन सेमीफाइनल में पहुंची और इतिहास रचा तो उसमें सागर के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। इंजरी की वजह से वो बाद के मैचों में नहीं खेल पाए लेकिन जब तक मैट पर रहे अपने परफॉर्मेंस से टीम को जीत दिलाई। सागर ने इस पीकेएल सीजन 17 मैच खेले और 53 टैकल प्वॉइंट हासिल किए और इस दौरान पांच हाई-फाइव लगाया। सागर की सेवाएं तमिल थलाइवाज को प्लेऑफ में और सेमीफाइनल मैच में नहीं मिल पाई। इंजरी की वजह से वो नहीं खेल पाए। अगर वो सारे मैचों में खेलते तो शायद उनके टैकल प्वॉइंट काफी ज्यादा हो सकते थे, इसकी वजह है कि वो बेहतरीन फॉर्म में थे।
3.मोहम्मदरेजा चियानेह (पटना पाइरेट्स)
मोहम्मदरेजा चियानेह ने जबसे अपना पीकेएल डेब्यू किया है वो रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाते जा रहे हैं। पिछले सीजन की फाइनलिस्ट पटना पाइरेट्स की टीम भले ही इस सीजन वैसा परफॉर्मेंस नहीं दोहरा पाई लेकिन मोहम्मदरेजा ने अपने प्रदर्शन को जरूर रिपीट किया। उन्होंने पिछले सीजन 89 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे और इस सीजन भी 84 प्वॉइंट हासिल किए और सीजन के दूसरे सबसे बेस्ट डिफेंडर साबित हुए। इस सीजन उन्होंने एक ही मैच में 19 प्वॉइंट हासिल कर नया कीर्तिमान बना दिया। उन्होंने इस सीजन कुल छह बार हाई-फाइव लगाया।
2.प्रवेश भैंसवाल (तेलुगु टाइटंस)
तेलुगु टाइटंस की टीम पीकेएल 9 में लगातार मुकाबले हार रही थी लेकिन लेफ्ट कवर पर प्रवेश भैंसवाल अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। प्रवेश भैंसवाल गुजरात जायंट्स की टीम से तेलुगु टाइटंस में आए थे और उन्होंने टीम की तरह निराश नहीं किया। प्रवेश भैंसवाल ने 21 मैचों में 44 टैकल प्वॉइंट लिए और टीम के सबसे बेस्ट डिफेंडर साबित हुए और छह बार हाई-फाइव लगाया। सबसे ज्यादा हाई-फाइव के मामले में वो दूसरे पायदान पर रहे। इसके अलावा भैंसवाल इस सीजन सबसे ज्यादा सुपर टैकल करने वाले खिलाड़ी भी रहे और 21 मैचों में उन्होंने 10 सुपर टैकल किए और शायद यही वजह रही कि टाइटंस की टीम भी इस सीजन सबसे ज्यादा सुपर टैकल करने वाली टीम रही।
1.अंकुश (जयपुर पिंक पैंथर्स)
जयपुर पिंक पैंथर्स के लेफ्ट कॉर्नर स्पेशलिस्ट अंकुश पीकेएल 9 के सबसे सफल डिफेंडर साबित हुए। वो ना केवल सबसे ज्यादा हाई फाइव लगाने वाले प्लेयर रहे बल्कि सबसे ज्यादा टैकल प्वॉइंट भी हासिल किए। अंकुश ने इस सीजन सबसे ज्यादा 9 बार हाई-फाइव लगाया और इस मामले में कोई दूसरा डिफेंडर उनके आस-पास भी नहीं है। जयपुर पिंक पैंथर्स को चैंपियन बनाने में अंकुश का काफी बड़ा योगदान रहा। भले ही ये उनका डेब्यू सीजन था लेकिन इसके बावजूद वो लीग के बेस्ट डिफेंडर साबित हुए।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.