PKL 9: अपने आखिरी लीग मैच में भिड़ेंगी पुनेरी पलटन और यूपी योद्धाज

(Courtesy : PKL)
दोनों टीमों के लिए ये मैच औपचारिकता मात्र है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में शुक्रवार को इस टूर्नामेंट की दो बेहतरीन टीमों पुनेरी पलटन और यूपी योद्धाज के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस सीजन दोनों ही टीमों ने काफी अच्छा खेल दिखाया है। पुनेरी पलटन की टीम ने 21 में से 14 मुकाबले जीतकर डायरेक्ट सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम चाहेगी कि यूपी योद्धाज को हराकर ना केवल सेमीफाइनल मुकाबले के लिए कॉन्फिडेंस हासिल किया जाए बल्कि टॉप पर जाने की कोशिश की जाए। अगर पुनेरी पलटन ने अपना आखिरी लीग मैच जीत लिया और जयपुर अपना आखिरी लीग मैच हार गई तो फिर पुनेरी पलटन की टीम टॉप पर पहुंच जाएगी।
वहीं यूपी योद्धाज की अगर बात करें तो वो प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं और वो हारें या जीतें उनकी स्थिति पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। अगर टीम पुनेरी पलटन के खिलाफ जीत भी जाए तब भी प्लेऑफ में उन्हें तमिल थलाइवाज से भिड़ना है और हारने पर भी थलाइवाज की टीम ही उनके सामने होगी।
स्क्वाड
यूपी योद्धाज
योद्धाज ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम इस वक्त काफी लय में है और पिछले पांच में से तीन मुकाबलों में उन्होंने जीत हासिल की है। यूपी योद्धाज ने अपने पिछले मैच में बेंच स्ट्रेंथ को आजमाया। परदीप नरवाल जैसे दिग्गज रेडर को बाहर बैठाकर नितिन तोमर को मौका दिया गया। इसके अलावा अनिल कुमार, गुरदीप और महिपाल जैसे खिलाड़ियों को आजमाया गया। टीम भले ही ये मैच हार गई लेकिन इस हार से उनके ऊपर ज्यादा फर्क नहीं पड़ा होगा। वो अब पुनेरी पलटन के खिलाफ भी अपने आखिरी लीग मैच में इसी प्लेइंग सेवन के साथ उतर सकते हैं। एलिमिनेटर मुकाबले से पहले टीम चाहेगी कि उसके जो प्रमुख खिलाड़ी हैं वो पूरी तरह से फिट और तरोताजा रहें और इसी वजह से वो एक बार फिर अपनी बी टीम के साथ उतर सकते हैं।
यूपी योद्धाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
नितिन तोमर, नितिन पंवार, गुरदीप, महिपाल, अनिल कुमार, नितेश कुमार और जयदीप।
पुनेरी पलटन
पलटन की टीम इस पीकेएल सीजन काफी जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। टीम अंक तालिका में दूसरे पायदान पर मौजूद है। उन्होंने अभी तक 21 में से 14 मुकाबले जीते हैं और पांच मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दो मुकाबले उन्होंने टाई खेले हैं। टीम ने अपने पिछले मैच में पटना पाइरेट्स को हराया था और अब यूपी योद्धाज को हराकर अंक तालिका में एकदम टॉप पर अपनी जगह सुनिश्चित करना चाहेंगे। टीम के रेडर्स काफी अच्छा काम कर रहे हैं और आकाश शिंदे ने पिछले मैच में 13 प्वॉइंट लाकर दिखाया कि टीम उनके ऊपर भी काफी ज्यादा डिपेंड कर सकती है। हालांकि अब आने वाले मुकाबलों में असलम ईनामदार और मोहित गोयत को भी ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट लाने होंगे। अब सेमीफाइनल मैच में टीम को उनसे ज्यादा उम्मीदें होंगी।
पुनेरी पलटन की संभावित स्टार्टिंग सेवन –
अबिनेश नादराजन, संकेत सावंत, मोहम्मद नबीबख्श, मोहित गोयत, आकाश शिंदे, सोमबीर और फजल अत्राचली।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
पुनेरी पलटन और यूपी योद्धाज के बीच अभी तक पीकेएल में कुल मिलाकर 9 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान पुनेरी पलटन ने चार मुकाबलों में जीत हासिल की है और यूपी योद्धाज ने पांच मुकाबले जीते हैं। इससे पता चलता है कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
पुनेरी पलटन की टीम में सारी निगाहें युवा रेडर आकाश शिंदे पर होंगी जिन्होंने अपने पिछले मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। टीम उनसे एक बार फिर उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। वहीं यूपी योद्धाज की टीम अपने बेंच स्ट्रेंथ से उम्मीद करेगी कि वो बेहतरीन खेल दिखाए।
सफलता का मंत्र
पुनेरी पलटन के लिए जरूरी है कि वो केवल आकाश शिंदे के ऊपर ही रेडिंग में निर्भर ना रहें। पिछले कुछ मैचों से देखा गया है कि अकेले आकाश शिंदे ने ही ज्यादा प्वॉइंट लाए हैं। वहीं यूपी योद्धाज की सफलता के लिए जरूरी है कि वो अपने सारे नए प्लेयर्स को मैदान पर ना उतारें। कुछ अनुभवी खिलाड़ियों की जरूरत उन्हें होगी।
फैंटेसी के लिए टीम
आकाश शिंदे, अनिल कुमार, पंकज मोहिते, मोहम्मद नबीबख्श, संकेत सावंत, नितेश कुमार और जयदीप।
क्या आप जानते हैं ?
यूपी योद्धाज ने जबसे पीकेएल में खेलना शुरू किया है तबसे वो हर बार प्लेऑफ में पहुंचे हैं। इस बार भी उन्होंने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
पुनेरी पलटन और यूपी योद्धाज के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.