Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

चार बड़े रिकॉर्ड्स जिन्हें Virat Kohli IPL 2023 के दूसरे हाफ में तोड़ सकते हैं

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :May 4, 2023 at 3:26 AM
Modified at :May 4, 2023 at 3:27 AM
चार बड़े रिकॉर्ड्स जिन्हें Virat Kohli IPL 2023 के दूसरे हाफ में तोड़ सकते हैं

रिकॉर्ड के बादशाह चार और रिकॉर्ड अपने नाम करने को हैं तैयार।

Virat Kohli IPL इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहले सीजन यानी 2008 से लेकर अब तक एक ही टीम Royal Challengers Bangalore का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने IPL में कई सारे ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं जिन्हें तोड़ना असंभव सा लगता है। वह वर्तमान समय में IPL में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

RCB के बल्लेबाज Virat Kohli के नाम IPL एक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है जिसके आसपास भी आज तक कोई भी बल्लेबाज नहीं पहुंच सका है। इतना ही नहीं एक सीजन में सबसे अधिक शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी उनके नाम ही दर्ज है। हालांकि, जोस बटलर ने 2022 में इस रिकॉर्ड की बराबरी जरूर की थी, लेकिन वह इसे तोड़ने में कामयाब नहीं रहे हैं और भविष्य में भी इस का टूटना काफी मुश्किल लग रहा है।

IPL 2023 के पहले हाफ में Virat Kohli का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उन्होंने इस सीजन 9 मैचों में 5 अर्धशतकों की मदद से 364 रन बनाए हैं। वह इस सीजन सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। हालांकि, IPL 2023 के दूसरे हाफ में Virat Kohli के निशाने पर कुछ ऐसे रिकॉर्ड हैं, जिन्हें तोड़कर वह अन्य सभी खिलाड़ियों से आगे निकल जाएंगे।

नीचे हम आपको उन 4 बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिन्हें Virat Kohli IPL 2023 के दूसरे हाफ में तोड़ सकते हैं। (यहाँ दिए गए सभी आँकड़े 03 मई 2023 के अनुसार हैं।)

1. नॉन-विकेटकीपर के रूप में सबसे अधिक कैच:

वर्तमान समय में नॉन-विकेटकीपर के रूप में IPL में सबसे अधिक कैच लेने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुरेश रैना के नाम दर्ज है, जिन्होंने अपने IPL करियर में 205 मैच खेलते हुए कुल 109 कैच लिए हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से किरोन पोलार्ड और Virat Kohli का नाम नाम है। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अब तक 103 कैच लिए हैं।

हालांकि, किरोन पोलार्ड इस समय IPL से संन्यास ले चुके हैं, इसीलिए अब उनके आंकड़ों में बढ़ोतरी होना असंभव है। ऐसे में यदि Virat Kohli IPL 2023 के दूसरे हाफ में 7 कैच ले लेते हैं तो वह सुरेश रैना को पीछे छोड़ देंगे और इस मामले में पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे। यह कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि Virat Kohli आने वाले मैचों में इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।

2. IPL में सबसे पहले 7000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज:

यदि Virat Kohli के IPL करियर पर नजर डाला जाए तो उन्होंने अब तक 232 मैचों की 224 पारियों में कुल 6988 रन बनाए हैं। इस लिहाज से वह IPL में 7000 रन पूरे करने से मात्र 22 रन दूर हैं। यदि वह आने वाले मैचों में मात्र 22 रन बना देते हैं तो फिर वह IPL में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

आपको बता दें कि, Virat Kohli ने IPL में सबसे पहले 4000 रन पूरे किए थे। लेकिन सुरेश रैना IPL में सबसे पहले 5000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने थे। हालांकि, फिर कोहली सबसे पहले 6000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने और अब वह जल्द ही 7000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन जाएंगे।

3. सबसे अधिक शतक:

IPL में सबसे अधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड पूर्व दिग्गज क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने अपने IPL करियर में कुल 6 शतक जड़े हैं। इसके अलावा Virat Kohli के नाम अब तक 5 शतक दर्ज हैं। यदि वह IPL 2023 के दूसरे हाफ में 2 शतक जड़ देते हैं तो वह इस मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ देंगे।

4. 50 अर्धशतक पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज:

यदि Virat Kohli के IPL करियर पर नजर डाला जाए तो उन्होंने अब तक कुल 49 अर्धशतक जड़े हैं। IPL में सबसे अधिक अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में उनका नाम शिखर धवन के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर मौजूद हैं। दोनों ही खिलाड़ियों के नाम अब तक 49-49 अर्धशतक दर्ज हैं।

लेकिन यदि वह अगले मैच में धवन से पहले एक अर्धशतक जड़ देते हैं तो IPL में 50 अर्धशतक पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। हालांकि, यदि IPL में सबसे अधिक बार 50 से अधिक रनों की पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात की जाए तो उसमें Virat Kohli (54) का नाम पहले स्थान पर मौजूद है। उन्होंने IPL में अब तक 49 अर्धशतक और 5 शतक जड़े हैं।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.