IPL 2023 में शानदार प्रदर्शन कर रहे पांच अनकैप्ड खिलाड़ी जिन्हें मिलना चाहिए भारतीय टीम में मौका

इन युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से इस सीजन सबका मन मोह लिया है।
भारत में युवा क्रिकेटरों के लिए आईपीएल (IPL) एक शानदार मंच है। हर साल कई सारे युवा खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टीम में जगह बनाते हैं। कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन जैसे कई खिलाड़ी आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करके भारतीय टीम में जगह बना चुके हैं और अच्छा खासा नाम भी कमा चुके हैं।
आईपीएल के 16वें सीजन में भी कई सारे युवा खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में भारतीय चयनकर्ताओं की नजरें उन पर जरूर टिकी होंगी। यदि वह IPL 2023 में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो निश्चित ही उन्हें आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका मिल सकता है।
IPL 2023 में कई सारे युवा खिलाड़ियों ने अलग-अलग टीमों की ओर से खेलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन करके दिखाया है और अपनी टीमों के लिए गेम चेंजर भी बने हैं। कई युवा खिलाड़ी तो अपनी-अपनी टीमों के लिए गेंदबाजी या बल्लेबाजी विभाग में रीढ़ की हड्डी भी बने हुए हैं।
नीचे हम आपको उन 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें IPL 2023 में उनके शानदार प्रदर्शन के चलते भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए।
5. तुषार देशपांडे:
मुंबई के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने 2020 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था, लेकिन इस सीजन वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा है। दीपक चाहर की अनुपस्थिति में तुषार देशपांडे टीम की तेज गेंदबाजी विभाग की कमान संभाल रहे हैं और उन्होंने अब तक अच्छा प्रदर्शन करके भी दिखाया है।
हालांकि, भले ही तुषार देशपांडे की इकोनॉमी काफी अधिक रही है, लेकिन उनके पास तेजी के साथ साथ विकेट लेने की भी काबिलियत है। वह अब तक इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से 5 मैचों में 20.9 की औसत और 11.0 की स्ट्राइक रेट से 10 विकेट चटका चुके हैं।
देशपांडे इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं। इतना ही नहीं, वह सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में छठे स्थान पर हैं और पर्पल कैप होल्डर मोहम्मद सिराज से मात्र 2 विकेट पीछे हैं। इसके अलावा, वह इस सीजन अब तक सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले अनकैप्ड गेंदबाज भी हैं।
4. साईं सुदर्शन:
तमिलनाडु के 21 वर्षीय बल्लेबाज साईं सुदर्शन आईपीएल 2022 से ही गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा है। उन्होंने इस सीजन अपनी टीम के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और एक मैच में अर्धशतक जड़कर प्लेयर ऑफ द मैच भी बन चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करके अपना नाम ऊंचा किया है।
यदि IPL 2023 में साईं सुदर्शन के अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने 5 मैचों में 44.0 की औसत और 123.94 की स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतकों के साथ 62 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी भी शामिल हैं। वह इस सीजन अब तक 14 चौके और 4 छक्के जड़ चुके हैं।
3. यशस्वी जायसवाल:
मुंबई के 21 वर्षीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 2020 से ही राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा है और उनके लिए बतौर सलामी बल्लेबाज लगातार शानदार प्रदर्शन करते भी आ रहे हैं। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में भी उनके आंकड़े काफी अच्छे हैं जो उन्हें भारतीय टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार भी बनाते हैं।
IPL 2023 में भी यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अब तक 6 मैचों में 30.0 की औसत और 142.86 की स्ट्राइक रेट से 180 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने इस सीजन 60 रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेली है। इतना ही नहीं वह अब तक 27 चौके और 4 छक्के भी जड़ चुके हैं।
2. रिंकू सिंह:
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए फिनिशर की भूमिका निभा रहे उत्तर प्रदेश के 25 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने इस सीजन आईपीएल में वह कारनामा करके दिखाया है, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले कभी नहीं हुआ था। उसी के बाद से उन्हें भारतीय टीम के अगले फिनिशर के रूप में देखा जाने लगा है।
रिंकू ने इसी सीजन गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए एक मुकाबले में 20वें ओवर की अंतिम 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। उस मैच में उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स को अंतिम 5 गेंदों में जीत हासिल करने के लिए 28 रनों की आवश्यकता थी।
यदि IPL 2023 में रिंकू सिंह के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 6 मैचों में 45.0 की औसत और 156.52 की स्ट्राइक रेट से 180 रन बनाए हैं, जिसमें 58 रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी भी शामिल है। उन्होंने अब तक 10 चौके और 13 छक्के भी जड़े हैं।
1. तिलक वर्मा:
हैदराबाद के 20 वर्षीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हैं। उन्हें पिछले सीजन के ऑक्शन में फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदा गया था और उन्होंने उस सीजन शानदार प्रदर्शन करके टीम में अपनी जगह भी पक्की कर ली। वह इस सीजन भी अच्छे लय में नजर आ रहे हैं।
पिछले सीजन से ही तिलक वर्मा के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए यह कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि वह भी जल्द ही भारतीय टीम में जगह बना सकते हैं। क्योंकि मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा वर्तमान समय में भारतीय टीम के नियमित कप्तान हैं और वह उन्हें करीब से देखते हुए आ रहे हैं।
तिलक वर्मा ने IPL 2023 में अब तक कुल 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 53.5 की औसत और 158.52 की स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 84* रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेली है। वह इस सीजन अब तक 17 चौके और 14 छक्के भी जड़ चुके हैं।