पांच कारण कि क्यों Ajinkya Rahane को WTC Final में भारत की प्लेइंग XI में मौका मिलना चाहिए

बीसीसीआई ने WTC फाइनल लिए स्क्वाड की घोषणा कर दी है और इसमें अजिंक्य रहाणे का नाम भी शामिल है।
ICC World Test Championship 2021-23 चक्र के फाइनल मैच में भारतीय टीम का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होने वाला है। यह मुकाबला 07 जून से 11 जून तक लंदन के केनिंगटन ओवल में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारत के मध्य-क्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के चलते यह सवाल उठ रहे हैं कि उनकी जगह पर किस खिलाड़ी को भारतीय टीम के प्लेइंग 11 में मौका दिया जाए। ऐसे में अनुभवी बल्लेबाज Ajinkya Rahane एक अच्छे विकल्प दिख रहे हैं।
वैसे तो Ajinkya Rahane लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे और उनकी जगह पर श्रेयस अय्यर भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। लेकिन अब एक ऐसी स्थिति आकर खड़ी हो गई है जिसके चलते रहाणे को एक बार फिर से भारत की टेस्ट टीम में वापसी करने का मौका मिल चुका है। 35 वर्षीय बल्लेबाज इस समय अच्छे फॉर्म में नजर भी आ रहे हैं और चयनकर्ताओं ने Rahane को अच्छे फॉर्म का इनाम देते हुए WTC फाइनल स्क्वाड में उनका नाम शामिल कर दिया है।
रणजी ट्रॉफी 2022-23 में मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब वह आईपीएल 2023 में भी अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वह सीएसके के लिए लगातार रन भी बना रहे हैं।
रहाणे के पास विदेशों में टेस्ट क्रिकेट खेलने का पर्याप्त अनुभव है। उन्होंने अब तक भारत से बाहर 50 टेस्ट मैच खेले हैं। इसके अलावा इंग्लैंड में भी वह काउंटी क्रिकेट और 15 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इतना ही नहीं वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 17 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। ये कुछ ऐसे आँकड़े हैं जो रहाणे को World Test Championship Final के प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के दावेदार बनाते हैं।
नीचे हम आप वे 5 कारण बताने जा रहे हैं कि क्यों Ajinkya Rahane को WTC Final में भारत की प्लेइंग XI में मौका मिलना चाहिए।
1. रणजी ट्रॉफी 2022-23 में शानदार प्रदर्शन:
क्लासिकल बल्लेबाज Ajinkya Rahane रणजी ट्रॉफी 2022-23 में मुंबई की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 7 मैचों की 11 पारियों में 57.63 की औसत से 634 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और एक अर्धशतक के साथ 204 रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल थी। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके पिछले प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ता जरूर ही उन पर विचार करेंगे।
2. टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन:
35 वर्षीय Ajinkya Rahane भारत के उन बल्लेबाजों में शामिल हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ कुल 17 मुकाबलों की 32 पारियों में 37.58 की औसत से 1090 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। इस बीच उन्होंने 147 रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेली है।
3. विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में अच्छा अनुभव:
अनुभवी Ajinkya Rahane ने अपने 82 मैचों में अब तक के टेस्ट करियर में सबसे अधिक मुकाबले विदेशों में ही खेले हैं। उन्होंने अब तक 32 मुकाबले घर पर और 49 मुकाबले विदेशों में खेले हैं। इसके अलावा, साल 2021 का World Test Championship Final न्यूट्रल वेन्यू था लेकिन उनके लिए विदेशी सरजमीं पर खेला गया था, उसमें भी रहाणे ने हिस्सा लिया था।
यदि विदेशी सरजमीं पर Ajinkya Rahane के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने 49 मैचों में 40.28 की औसत से 3223 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 147 रहा है। इसके अलावा, World Test Championship 2019-2021 चक्र के फाइनल में उन्होंने 2 पारियों में 64 रन बनाए थे, जिसमें 49 रनों की एक पारी शामिल थी।
4. श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में किसी अनुभवी खिलाड़ी की कमी:
श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के चलते फरवरी महीने में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में सूर्यकुमार यादव को मौका मिला था, लेकिन वह इस मौके को नहीं भुना सके थे। World Test Championship Final जैसे महत्वपूर्ण मैच के लिए टीम में किसी अनुभवी खिलाड़ी की जरूरत पड़ेगी, जो टेस्ट क्रिकेट को अच्छी तरह से समझता हो।
इस स्थिति में Ajinkya Rahane से बेहतर भला कौन हो सकता है, जिन्होंने भारत को अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर सीरीज जिताया। कप्तानी के मामले में उनका रिकॉर्ड काफी बेहतर है। उनकी कप्तानी में भारत को 6 मैचों में 4 जीत मिली है और 2 मैच ड्रॉ हुए हैं। उनकी बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों का अनुभव यह दर्शाता है कि उन्हें जरूर WTC Final के लिए भारत की प्लेइंग XI में जगह मिलनी चाहिए।
5. टेस्ट क्रिकेट में नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए अच्छे आँकड़े:
Ajinkya Rahane ने टेस्ट क्रिकेट में नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 66 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इस पोजीशन पर उन्होंने 102 पारियों में 37.03 की औसत से 3555 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें 188 रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी भी शामिल है।
रहाणे ने नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में 406 चौके और 20 छक्के भी जड़े हैं। इतना ही नहीं, यदि जरूरत पड़ी तो वह नंबर 6 पर भी बल्लेबाजी कर सकते हैं और इस पोजीशन पर भी उनके आँकड़े अच्छे हैं। वह नंबर 6 पर 13 मैचों की 17 पारियों में 40.92 की औसत से 533 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल है। उनके ये आँकड़े उन्हें WTC Final में भारत की प्लेइंग XI में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त हैं।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube and join our community on Telegram.