पुनेरी पलटन PKL 10 के लिए इन पांच खिलाडियों को करेगी रिटेन

ये खिलाड़ी टीम को एक बार फिर फाइनल में पहुंचा सकते हैं।
पुनेरी पलटन ने प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 9वें सीजन के दौरान काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया और फाइनल में जगह बनाई। बीते पीकेएल सीजन टीम नए कोच और नए कप्तान की अगुवाई में मैदान में उतरी थी और उनका प्रदर्शन भी काफी बदला-बदला नजर आया। टीम ने 22 में से 14 मुकाबले जीते और डायरेक्ट सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद तमिल थलाइवाज को हराकर उन्होंने फाइनल में भी जगह बना ली। फाइनल में उनके दो मेन रेडर असलम ईनामदार और मोहित गोयत इंजरी की वजह से नहीं खेल पाए लेकिन इसके बावजूद टीम ने काफी कड़ा संघर्ष किया। इसलिए कह सकते हैं पुनेरी पलटन के लिए ये काफी ड्रीम सीजन रहा।
सुल्तान फजल अत्राचली की अगुवाई में पलटन के लिए बीते सीजन कई खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। कई बेहतरीन युवा खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया और इनको आगामी सीजन के लिए एक बार फिर रिटेन किया जा सकता है। हम आपको इस लिस्ट में बताते हैं कि पीकेएल के आगामी सीजन के लिए किन-किन प्लेयर्स को पुनेरी पलटन रिटेन करे।
5. मोहम्मद नबीबख्श (ऑलराउंडर)
मोहम्मद नबीबख्श जैसा ऑलराउंडर मिलना काफी मुश्किल होता है। वो रेडिंग और डिफेंस दोनों ही डिपार्टमेंट में अपने खेल से मैच जिताने में माहिर हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर वो टीम को लीड भी कर सकते हैं। बंगाल वॉरियर्स ने जब सातवें सीजन का टाइटल जीता था तो मोहम्मद नबीबख्श के हैरतगेंज परफॉर्मेंस की बदौलत ही उन्होंने ये कारनामा किया था।
नबीबख्श की खास बात ये है कि वो जब तक मैट पर हैं टीम को ऑल आउट नहीं होने देते हैं, क्योंकि सुपर टैकल में वो माहिर हैं। इसके अलावा रेडिंग में वो जरूरी प्वॉइंट लाने में माहिर हैं। पिछले सीजन भले ही वो उस हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन उनके एक्सपीरियंस को देखते हुए उन्हें रिटेन करना सही फैसला रहेगा।
4. मोहित गोयत (रेडर)
मोहित गोयत की अगर बात करें तो वो एक बेहतरीन युवा रेडर हैं। उन्होंने अपने टैलेंट और स्किल से काफी ज्यादा प्रभावित किया है। वो पिछले दो सीजन से पुनेरी पलटन का ही हिस्सा हैं और उनके लिए एक बेहतरीन रेडर बनकर उभरे हैं। मोहित गोयत जैसे-जैसे पीकेएल में खेलते जा रहे हैं, उनके पास वो मैच्योरिटी आती जा रही है और उनके अंदर परदीप नरवाल और पवन सेहरावत जैसा बड़ा रेडर बनने की पूरी क्षमता है। बीते सीजन उन्होंने 17 मैचों में 137 प्वॉइंट हासिल किए थे और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अपना अहम योगदान दिया था और इसी वजह से टीम को चाहिए को उनको अगले सीजन के लिए भी रिटेन करे।
3. आकाश शिंदे (रेडर)
पुनेरी पलटन की टीम बीते सीजन इतनी सफल इसलिए रही, क्योंकि इस टीम में यंग प्लेयर्स की भरमार थी और इन युवा खिलाड़ियों ने जरूरत पड़ने पर टीम के लिए जबरदस्त काम किया। अगर बात आकाश शिंदे की करें तो उन्होंने जिस तरह से बीते सीजन अपनी स्किल और योग्यता दिखाई वो काफी काबिलेतारीफ रहा। सेमीफाइनल और फाइनल मैच में आकाश शिंदे ने असलम ईनामदार और मोहित गोयित की गैरमौजूदगी में टीम को लीड किया। उन्होंने 9वें सीजन में 22 मैचों में 139 प्वॉइंट हासिल किए और टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर रहे।
2. असलम ईनामदार (रेडर)
असलम ईनामदार को पुनेरी पलटन ने आठवें सीजन के दौरान साइन किया था और तबसे ही वो टीम के लिए काफी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कई मैचों में अपनी टीम को बीते सीजन जीत दिलाई। असलम ईनामदार ने 17 मैचों में 138 प्वॉइंट हासिल किए और अपनी टीम की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर रहे। टीम को उनकी कमी सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में काफी खली। उन्हें आगामी सीजन के लिए एक और मौका देना चाहिए।
1. फजल अत्राचली (डिफेंडर)
पीकेएल इतिहास में सुल्तान फजल अत्राचली का नाम ही काफी है। वो पीकेएल इतिहास के सबसे सबसे सफल डिफेंडर्स हैं। उन्होंने अभी तक 146 मैचों में 424 प्वॉइंट हासिल किए हैं और अभी तक किसी भी डिफेंडर ने 400 प्वॉइंट का आंकड़ा भी हासिल नहीं किया है। फजल अत्राचली के ऊपर बीते सीजन बड़ी जिम्मेदारी थी और उन्होंने टीम को फाइनल में पहुंचाकर इस जिम्मेदारी को उन्होंने बखूबी निभाया। फजल अत्राचली का खुद का परफॉर्मेंस भी काफी अच्छा रहा। उन्होंने 21 मैचों में 56 टैकल प्वॉइंट हासिल किए और ओवरऑल 10वें पायदान पर रहे। ऐसे में टीम को चाहिए कि एक बार फिर वो अपने कप्तान पर भरोसा दिखाएं।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.