PKL 10 के लिए UP Yoddhas करेगी इन खिलाडियों को रिटेन?

ये खिलाड़ी टीम के लिए अगले सीजन कर सकते हैं कमाल।
UP Yoddhas की टीम प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) की उन टीमों में से है जिसने हर एक सीजन लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस टीम ने पीकेएल में अपने डेब्यू से ही हर एक सीजन प्लेऑफ में जरूर जगह बनाई है। टीम ने 9वें सीजन के दौरान भी प्लेऑफ तक का सफर तय किया लेकिन एक बार फिर इससे आगे नहीं बढ़ पाए और उनके ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया।
तमिल थलाइवाज के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में टीम टाई ब्रेकर में आकर हार गई। एक समय यूपी योद्धाज की टीम जीतने के लिए बेहतर पोजिशन में थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मुकाबला गंवा दिया। इससे पता चलता है कि यूपी योद्धाज का जो प्लेऑफ का जिंक्स है वो अभी तक बरकरार है।
पीकेएल के 9वें सीजन के दौरान UP Yoddhas ने 22 में से 12 मुकाबले जीते और 8 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा और दो मैच टाई पर समाप्त हुए। इस दौरान कई ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया और इन प्लेयर्स को एक बार फिर से PKL 10 के लिए टीम में रिटेन किया जाना चाहिए।
5.आशु सिंह (डिफेंडर)
दिग्गज डिफेंडर नितेश कुमार भले ही पीकेएल के 9वें सीजन में ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाए लेकिन आशु सिंह ने इसकी कमी नहीं महसूस होने दी। उन्होंने डिफेंस में सुमित का पूरा साथ दिया और राइट कवर पर उनका परफॉर्मेंस काफी जबरदस्त रहा। आशु सिंह ने 23 मैचों में कुल मिलाकर 49 प्वॉइंट हासिल किए। इसी वजह से उन्हें आगामी सीजन के लिए भी रिटेन किया जाना चाहिए। वो एक जबरदस्त प्लेयर साबित हो सकते हैं।
4.नितेश कुमार (डिफेंडर)
नितेश कुमार के लिए भले ही पीकेएल का 9वां सीजन उतना ज्यादा अच्छा नहीं रहा लेकिन सिर्फ एक सीजन के प्रदर्शन के आधार पर उनका आंकलन नहीं किया जा सकता है। वो काफी बड़े प्लेयर हैं और टीम को मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। उन्हें एक बार फिर से टीम में मौका देना चाहिए ताकि फैंस को नितेश और सुमित की जबरदस्त जोड़ी एक बार फिर देखने को मिले।
3.सुमित (डिफेंडर)
कई सीजन से सुमित पीकेएल में यूपी योद्धाज का हिस्सा हैं और हर एक बार वो उम्मीद से बढ़कर परफॉर्मेंस देते हैं। पीकेएल के 9वें सीजन में डिफेंस में सुमित यूपी योद्धाज के लिए सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे। आमतौर पर हर एक सीजन सुमित और नितेश की जोड़ी कहर ढाती थी लेकिन इस बार सुमित को नितेश का ज्यादा साथ नहीं मिल पाया। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने 21 मैचों में 54 टैकल प्वॉइंट हासिल किए और अपनी उपयोगिता साबित की।
2.सुरेंदर गिल (रेडर)
सुरेंदर गिल ने आठवें सीजन के दौरान यूपी योद्धाज के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया था। हालांकि 9वें सीजन के दौरान वो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से इंजरी का शिकार हो गए। सुरेंदर गिल भले बीते सीजन चोटिल हो गए लेकिन उन्होंने अपने परफॉर्मेंस से टीम को बिल्कुल भी निराश नहीं किया। उन्होंने सिर्फ 14 ही मैच खेले लेकिन कुल 140 रेड प्वॉइंट हासिल किए। इसके अलावा कई मौकों पर उन्होंने डिफेंस में भी प्वॉइंट लिए। जिस भी मैच में सुरेंदर गिल ने खेला वहां पर अपनी उपयोगिता साबित की। सुरेंदर गिल के अंदर एक बेहतरीन ऑलराउंडर के गुण मौजूद हैं और इसी वजह से उनको रिटेन किया जाना चाहिए।
1.परदीप नरवाल (रेडर)
परदीप नरवाल के ऊपर यूपी योद्धाज ने एक बार फिर भरोसा जताया और वो उस भरोसे पर खरे भी उतरे। पीकेएल के 9वें सीजन के दौरान सुरेंदर गिल इंजरी का शिकार हो गए थे और इसी वजह से परदीप नरवाल के ऊपर काफी जिम्मेदारी आ गई थी। परदीप ने इस जिम्मेदारी को काफी अच्छी तरह से निभाया और असिस्ट रेडर रोहित तोमर के साथ मिलकर टीम को लगातार पांचवीं बार प्लेऑफ में पहुंचा दिया। इस सीजन डुबकी किंग ने 22 मैचों में 220 प्वॉइंट लिए और इस मामले में छठे पायदान पर रहे। परदीप नरवाल जैसे रेडर को रिलीज करने की गलती यूपी योद्धाज को नहीं करनी चाहिए और उन्हें टीम में बनाए रखना चाहिए।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.