Asian Kabaddi Championship 2023: पहले दिन चमके असलम ईनामदार और सुरजीत सिंह, कप्तान पवन सेहरावत ने भी किया प्रभावित

टीम इंडिया ने अपने दोनों ही मुकाबलों में काफी बड़ी जीत हासिल की।
Asian Kabaddi Championship 2023 में भारतीय टीम ने काफी धमाकेदार आगाज किया है। टीम ने अपने दोनों ही मैचों में बेहतरीन जीत हासिल की। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में मेजबान कोरिया को 76-13 के बड़े अंतर से बुरी तरह हरा दिया। मुकाबले में भारतीय टीम ने कोरिया को कुल सात बार ऑल आउट दिया और भारत की मजबूत टीम के सामने कोरिया की टीम बिल्कुल भी नहीं टिक पाई।
वहीं Asian Kabaddi Championship 2023 के दूसरे मुकाबले में में भी भारतीय टीम ने बेहतरीन जीत हासिल की। टीम इंडिया ने चाइनीज ताइपे को 53-20 के अंतर से हराया। भारत की तरफ से कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कप्तान पवन सेहरावत काफी अच्छे टच में नजर आए और टीम को उन्होंने लगातार प्वॉइंट्स दिलाए।
आइए जानते हैं Asian Kabaddi Championship 2023 के पहले दिन भारतीय टीम के खिलाड़ियों का परफॉर्मेंस कैसा रहा।
रेडिंग डिपार्टमेंट में असलम ईनामदार और सचिन तंवर ने दिखाया दमखम
नियमित कप्तान सुनील कुमार Asian Kabaddi Championship 2023 के पहले दिन उपलब्ध नहीं थे और ऐसे में पवन सेहरावत ने उनकी जगह कप्तानी की और बेहतरीन प्रदर्शन भी किया। दोनों ही मैचों में उन्होंने उपयोगी योगदान दिया। कोरिया और चाइनीज ताइपे दोनों ही टीमों के खिलाफ उन्होंने रेडिंग में टीम को पहला प्वॉइंट दिलाया। चाइनीज ताइपे के खिलाफ जब मैच में 9 मिनट बचे थे तब उन्हें सब्सीट्यूट कर दिया गया था। कुल मिलाकर पवन सेहरावत ने रेडिंग में काफी अच्छा खेल दिखाया।
नवीन कुमार और अर्जुन देशवाल पहले दिन उतना ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाए। नवीन कुमार दूसरे मैच में कई बार टैकल किए गए और इस दौरान उन्हें इंजरी भी हो गई। देखने वाली बात होगी कि वो दूसरे दिन जापान के खिलाफ मैच खेलते हैं या नहीं। अर्जुन देशवाल ने भी सपोर्ट अच्छा दिया लेकिन कोई धमाकेदार प्रदर्शन नहीं दे पाए।
असलम ईनामदार और सचिन तंवर की अगर बात करें तो इन दोनों प्लेयर्स ने अपेक्षाकृत बेहतर खेल दिखाया। असलम ईनामदार को सब्सीट्यूट के तौर पर लाया गया लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सुपर-10 लगाया और काफी प्रभावित किया। वहीं सचिन तंवर की अगर बात करें तो उनका प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा। चाइनीज ताइपे के खिलाफ जब पवन सेहरावत काफी देर तक बाहर रहे, तब सचिन लगातार प्वॉइंट्स लाते रहे और उनकी कमी नहीं खलने दी।
डिफेंस में सुरजीत सिंह का जलवा
अपने बॉडी ब्लॉक के लिए मशहूर सुरजीत सिंह इस टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं और इस मैच में उन्होंने अपने नाम के अनुरूप जबरदस्त प्रदर्शन किया। सुरजीत सिंह ने कोरिया के खिलाफ हाई-फाइव लगाया और कुल सात प्वॉइंट हासिल किए। दूसरे मैच में उन्होंने अपने बॉडी ब्लॉक का बेहतरीन नमूना भी पेश किया। सुरजीत सिंह से दूसरे दिन भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वहीं दूसरी तरफ विशाल भारद्वाज और प्रवेश मलिक खेल के पहले दिन ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाए। प्रवेश भैंसवाल ने कई मौकों पर जरूर बेहतरीन तरीके से असिस्ट दिया लेकिन उनका प्रदर्शन उतना ज्यादा अच्छा नहीं रहा। विशाल भारद्वाज पूरी तरह से लय में नहीं दिखे और उनके अंदर सुधार की जरूरत है। नितिन रावल और नितेश कुमार की अगर बात करें तो इन दोनों प्लेयर्स ने सुरजीत सिंह को अच्छा सपोर्ट दिया। जापान के खिलाफ मैच में सुनील कुमार उपलब्ध होंगे और ऐसे में इन डिफेंडर्स में से किसी एक खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ सकता है।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.