Ajit Agarkar बने भारतीय टीम के नए चीफ सेलेक्टर, BCCI ने किया ऐलान

अजीत अगरकर ने भारत के लिए 191 वनडे, 26 टेस्ट और 4 टी20 मैच खेले हैं, और वो BCCI चयन समिति के सबसे अनुभवी सदस्य हैं।
पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) अब चेतन शर्मा (Chetan Sharma) के बाद भारतीय टीम के नए चीफ सेलेक्टर बन गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार 4 जुलाई को इसकी आधिकारिक घोषणा की। आपको बता दें चेतन शर्मा के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर पद को भरने की काफी समय से कोशिश की जा रही है। भारतीय टीम का सिलेक्शन पांच सदस्यों की कमेटी करती है। लेकिन उनके इस्तीफे के बाद पांच में से चार ही सदस्य इस कमेटी में रह गए थे। लेकिन आज BCCI ने खाली हुए इस पद को फिर एक बार भर दिया है।
सुश्री सुलक्षणा नाइक, श्री अशोक मल्होत्रा और श्री जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने इस पद के लिए वर्चुअल साक्षात्कार लिया था। जिसके बाद इस तीन सदस्यीय सीएसी ने सर्वसम्मति से उक्त पद के लिए श्री अजीत अगरकर की सिफारिश की है।
भारत के पूर्व ऑलराउंडर ने 110 प्रथम श्रेणी, 270 लिस्ट ए और 62 टी20 मैच खेलने के अलावा 26 टेस्ट, 191 वनडे और चार टी20 मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया है। एक पूर्व तेज गेंदबाज के रूप में, वह 2007 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित उद्घाटन टी20 विश्व कप में भारत की विजयी टीम का हिस्सा भी थे। उनके पास अभी भी वनडे में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है, जो उन्होंने 21 गेंद में साल 2000 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया था। उन्होंने लगभग एक दशक तक सबसे तेज 50 एकदिवसीय विकेट तक पहुंचने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, और केवल 23 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की।
Ajit Agarkar को उनके क्रिकेट करियर के बाद, सीनियर मुंबई टीम के लिए मुख्य चयनकर्ता के रूप में नियुक्त किया गया और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के साथ कोचिंग की ज़िम्मेदारियां भी निभाई।
आपको बता दें तीन सदस्यीय समिति ने वरिष्ठता (टेस्ट मैचों की कुल संख्या) के आधार पर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष की भूमिका के लिए श्री अगरकर की सिफारिश की।
इन कारणों के चलते Ajit Agarkar बने चीफ सेलेक्टर, कैसे हैं उनके इंटरनेशनल आंकड़े
BCCI की तरफ से कुल मिलाकर पांच सेलेक्टर चुने जाते हैं। इसमें से जो भी सबसे ज्यादा अनुभवी होता है, वो चीफ सेलेक्टर की कुर्सी संभालता है। इससे पहले चेतन शर्मा चीफ सेलेक्टर थे, लेकिन उनके हटने के बाद शिव सुंदर दास इस पद को संभाल रहे थे। लेकिन अब अजीत अगरकर इस पद के लिए चुन लिए गए हैं और अब वो चीफ सेलेक्टर बन चुके हैं।
अजीत अगरकर के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 26 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 571 रन और 58 विकेट उनके नाम दर्ज है। वहीं 191 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 1269 रन और 288 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा उन्होंने 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले हैं, जिसमें उनके नाम 15 रन और 3 विकेट हैं। वहीं वो काफी समय तक IPL में भी कोलकाता और दिल्ली की टीम की तरफ से खेलते हुए अपने अनुभव का प्रदर्शन कर चुके हैं।