Asian Games कैंप के लिए भारतीय Kabaddi टीम का ऐलान, परदीप नरवाल समेत कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल

टीम में पीकेएल के कई स्टार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
Asian Games के 19वें संस्करण के लिए भारत की 24 सदस्यीय संभावित Kabaddi टीम का ऐलान हो गया है। परदीप नरवाल, पवन सेहरावत और सुनील कुमार समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों को इस संभावित टीम में जगह मिली है। मंजीत दहिया और सुरेंदर नाडा को पहले स्टैंडबाई के रूप में रखा गया था लेकिन इन प्लेयर्स को भी अब संभावित टीम में जगह दे दी गई है। ये सारे खिलाड़ी बेंगलुरू में लगे कैंप का हिस्सा होंगे। 6 जुलाई से 27 जुलाई तक बेंगलुरू में एक कैंप लगेगा और यहां पर खिलाड़ियों के परफॉर्मेंस के आधार पर फाइनल टीम का चयन किया जाएगा।
Asian Games के लिए अगर भारत की संभावित टीम की बात करें तो इसमें कई दिग्गज नाम मौजूद हैं। अर्जुन देशवाल, असलम ईनामदार, दीपक हूडा, मोहित गोयत, नितेश कुमार और सचिन तंवर जैसे दिग्गज इस संभावित टीम का हिस्सा हैं। पिछले एशियन गेम्स में भारत की पुरुष और महिला दोनों ही टीमें गोल्ड मेडल जीतने में नाकाम रही थीं। लंबे अरसे बाद भारत की बादशाहत खत्म हुई थी। ऐसे में यह एशियन गेम्स भारत के लिए काफी अहम है जहां उन्हें अपना वर्चस्व साबित करना है। टीम के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो दोबारा से गोल्ड मेडल जिता सकते हैं।
सुरजीत सिंह को टीम से किया गया बाहर
हाल ही में कोरिया में हुए एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में जिन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया था उनमें से लगभग सभी प्लेयर्स को इस संभावित टीम में जगह दी गई है। हालांकि सुरजीत सिंह को टीम में जगह नहीं मिली है और इसकी बजाय सुरजीत नरवाल को शामिल किया गया है। वहीं राहुल चौधरी जिन्होंने सेलेक्शन में पक्षपात का आरोप लगाया था, उनको भी टीम में जगह नहीं मिली है। इसके अलावा मीतू शर्मा जैसे युवा ऑलराउंडर को भी टीम में जगह मिली है। वहीं विकाश कंडोला जिन्हें एशियन कबड्डी चैंपियनशिप की टीम में जगह नहीं मिली थी वो इस कैंप का हिस्सा हैं।
एशियन गेम्स कैंप के लिए भारत की 24 सदस्यीय टीम इस प्रकार है
अबिनेश नादराजन, आकाश शिंदे, अर्जुन देशवाल, असलम ईनामदार, दीपक हूडा, जयदीप दहिया, मीतू शर्मा, मोहित गोयत, नवीन कुमार, नितेश कुमार, नितिन रावल, पंकज मोहिते, परदीप नरवाल, प्रवेश मलिक, पवन सेहरावत, राकेश संगरोया, सचिन तंवर, सौरभ नांदल, शुभम शिंदे, सुनील कुमार, विजय मलिक, सुरजीत नरवाल, विकाश कंडोला, विशाल भारद्वाज, मंजीत और सुरेंदर नाडा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.