पाकिस्तान के Mohammad Amir करेंगे IPL में एंट्री?

इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने साल 2020 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
पाकिस्तान टीम के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हुए लगभग तीन साल से अधिक का समय हो गया है, हालांकि संन्यास के बावजूद वो क्रिकेट से जुड़े रहे और इस बीच उन्होंने दुनिया भर की कई टी20 लीग्स में भाग लिया, केवल दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग IPL के क्योंकि अभी तक उनके पास पाकिस्तानी नागरिकता है। लेकिन हाल ही में Amir ने IPL में खेलने के बारे में अपने विचार साझा किए।
Mohammad Amir झेल चुके हैं पांच साल का बैन
बता दें, पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) का नाम पाकिस्तान के उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें मैच फिक्सिंग का सामना करना पड़ा है। दरअसल, अगस्त 2010 में एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद पता चला था कि पाकिस्तान के तीन खिलाड़ी मोहम्मद आमिर, मोहम्मद आसिफ और सलमान बट लॉर्ड्स क्रिकेट टेस्ट में सट्टेबाज मजहर मजीद के साथ स्पॉट फिक्सिंग में शामिल थे। इस घटना के सामने आने के बाद नतीजा ये हुआ कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इन तीनों खिलाड़ियों पर 5 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।
बैन से Amir का अंतरराष्ट्रीय करियर हुआ खत्म
फिक्सिंग के आरोप के चलते Mohammad Amir पर 5 साल का बैन लग गया, इन पांच सालों ने उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को बहुत प्रभावित किया और उनका करियर लगभग समाप्त कर दिया था। बैन हटने के बाद उन्हें टीम में कुछ समय के लिए मौका मिला, लेकिन ज्यादा समय तक वो अपनी जगह सुरक्षित रखने में नाकामयाब साबित हुए। उन्होंने 2019 में अपना आखिरी वनडे और टेस्ट मैच खेला था, जबकि 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने आखिरी टी20 मैच खेल कर क्रिकेट जगत को अलविदा कह दिया था।
Mohammad Amir ने 36 टेस्ट मैच में कुल 119 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने वनडे में 61 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 81 विकेट है। वहीं, 50 टी20 मैच में उनके नाम 59 विकेट रहे हैं।
जेल में Amir को मिली एक नई दिशा
मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) को फिक्सिंग आरोप के बाद जेल भी जाना पड़ा था, उस समय वो अपने जीवन के बहुत ही बुरे दौर से गुजर रहे थे और उनके साथ सब कुछ गलत ही हो रहा था। लेकिन जेल में जाने के बाद उनके जीवन में एक अच्छी घटना भी घटी, दरअसल उनका केस पाकिस्तानी मूल की ब्रिटिश नागरिक नर्जिस खान संभाल रही थी। इस दौरान दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ने लगी और वो नजदीकियां आगे जाकर एक-दूसरे के लिए प्यार में बदल गई। जब साल 2016 में उनके ऊपर से बैन हटा, उसके बाद उन दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया और ये फैसला कई मायनों में उनके लिए सफल सिद्ध हुआ।
IPL में नजर आएंगे Mohammad Amir?
गौरतलब यह है कि मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) की पत्नी नर्जिस खान ब्रिटिश नागरिक हैं। लिहाजा, साल 2024 तक उनको भी ब्रिटिश की नागरिकता मिल जाएगी। वहीं उनका ये भी कहना है कि वह कभी भी इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलेंगे। हालांकि, IPL को लेकर उन्होंने कहा कि वह इस बारे में तब ही सोचेंगे जब उनको नागरिकता मिल जाएगी।
“उन्होंने कहा, अभी तक मुझे ब्रिटिश नागरिकता नहीं मिली है, 2024 तक शायद मुझे नागरिकता मिल जाए। जिसके बाद अगर संभव हो पाया तो में IPL खेलने के बारे में विचार कर सकता हूं। फिलहाल, भविष्य के बारे में अभी से कुछ कहा नहीं जा सकता, अगर सब कुछ सही रहा तो मैं खेल सकता हूं।”
आपको बता दें कि बैन हटने के बाद मोहम्मद आमिर, सलमान बट और मोहम्मद आसिफ ये तीनों ही खिलाड़ी पाकिस्तानी घरेलू क्रिकेट में लौट आए। लेकिन सिर्फ Mohammad Amir ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बार फिर से वापसी करने में सफल हो पाए, क्योंकि घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा था, वहीं वापसी के बाद भी Amir ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी को अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था। फिलहाल, उनके बयान से अनुमान ये है कि अगर उन्हें अगले साल नागरिकता मिल गई तो वो IPL में नजर आ सकते हैं।