IND A vs PAK A: भारत के Emerging Asia Cup जीतने के सपने पर पाकिस्तान ने फेरा पानी, लगातार दूसरी बार मारी बाजी

पाकिस्तान लगातार इस टूर्नामेंट का दूसरी बार चैंपियन बना है।
भारत ए और पाकिस्तान ए (IND A vs PAK A) टीम के बीच आज यानी रविवार 23 जुलाई को इमर्जिंग एशिया कप (Emerging Asia Cup) 2023 का खिताबी मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। आपको बता दे पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम के सामने 353 रनों का विशाल बड़ा लक्ष्य रखा था। पाकिस्तान ने टॉस गंवाने के बावजूद निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 352 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से तैयाब ताहिर ने सबसे ज्यादा 71 गेंदों में 108 रनों की पारी खेली थी।
उनके अलावा साहिबजादा फरहान (65) ने अपनी टीम को भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ तेज शुरुआत दी, खासकर पावरप्ले ओवरों में, उनकी तेज शुरुआत के कारण पाकिस्तान ने सिर्फ 17.2 ओवर में 121 रन जोड़ दिए। जिस वजह से हम कह सकते हैं कि इस मैच में शुरू से ही पाकिस्तानी टीम का भारतीय टीम पर दबदबा कायम रहा।
भारत की तरफ से रियान पराग ने पाकिस्तान ए को बुरी तरह झटका दिया क्योंकि उन्होंने दो गेंदों में ओमैर यूसुफ (35) और कासिम अकरम दोनों को आउट कर दिया और फिर निशांत सिंधु ने पाकिस्तान ए के कप्तान मोहम्मद हारिस को 2 रन पर आउट कर दिया, जिस वजह से बल्लेबाजी टीम एक समय पर 29 ओवर में 187/5 पर फिसल गई।
लेकिन प्रतिभाशाली तैय्यब ताहिर ने कदम बढ़ाया और वहां से भारतीय गेंदबाजों पर शानदार ढंग से जवाबी हमला किया और सिर्फ 66 गेंदों पर शानदार 100 रन बनाए और 71 गेंदों में 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 108 रनों की आक्रामक पारी खेली। उन्हें मुबाशिर खान से बहुत जरूरी समर्थन मिला, जिन्होंने 35 रन बनाए और छठे विकेट के लिए दोनों ने मिलकर 126 रन जोड़े। निचले क्रम के कुछ आक्रमण ने पाकिस्तान को फाइनल में 50 ओवरों में 352/8 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
इसके अलावा आपको बता दें भारत के लिए राजवर्धन हंगरगेकर और रियान पराग ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए। हालांकि गेंद के साथ सभी भारतीय गेंदबाज महंगे साबित हुए।
IND A vs PAK A: विशाल लक्ष्य के दबाव में ढह गई भारत की बल्लेबाजी; सुफियान मुकीम गेंद से चमके
भारतीय टीम ने जब लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया तो सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (29) और अभिषेक शर्मा शुरु में संभलकर खेलते हुए नजर आए, और पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 64 रन जोड़े। जैसे ही सुदर्शन के रूप में भारत का पहला विकेट गिरा उसके बाद एक-एक करके बाकी खिलाड़ी आते गए और आउट होकर वापस लौटते गए। भारत की तरफ से अभिषेक शर्मा ने 51 गेंदों पर 61 रन बनाए और अगला सर्वश्रेष्ठ स्कोर कप्तान यश ढुल का रहा, जिन्होंने 39 रन बनाए।
इन दोनों के अलावा, कोई भी भारतीय बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका, क्योंकि पाकिस्तान के गेंदबाजों ने उनके विशाल स्कोर की मदद से विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान की तरफ से सबसे प्रभावशाली बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर सुफियान मुकीम थे, जिन्होंने 66 रन देकर 3 विकेट लिए, उनके विकेटों में ढुल, अभिषेक और हर्षित राणा शामिल थे। उनके अलावा अरशद इकबाल, मेहरान मुमताज और मोहम्मद वसीम जूनियर ने भी दो-दो विकेट लिए।
पाकिस्तान ने किया अपने खिताब का बचाव
भारत ए की टीम 40 ओवर में 224 रन पर ही ढेर हो गई और पाकिस्तान ए ने 128 रन से मैच जीत लिया। वे अपने खिताब का बचाव करने में सफल रहे और लगातार दूसरी बार चैंपियन बने। भारत ए और प्रशंसकों के लिए, यह चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल की एक दुखद याद थी जब पाकिस्तान द्वारा बनाए गए लगभग इतने बड़े स्कोर का पिछा करने उतरी भारतीय टीम 180 रनों से बुरी तरह मैच हार गई थी।