अब Steve Smith के रन आउट पर मचा बवाल, थर्ड अंपायर के फैसले पर उठ गए कई सवाल

ओवल टेस्ट के दूसरे दिन थर्ड अंपायर नितिन मेनन द्वारा Steve Smith के रन आउट फैसले पर MCC ने नियम समझाए हैं।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया (England vs Australia) के बीच खेली जा रही एशेज (Ashes) 2023 सीरीज में अब तक काफी सारा रोमांच और ड्रामा हमें देखने को मिला है। पहले इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के रन आउट पर काफी बखेड़ा खड़ा हो गया। जिसके बाद अब ओवल में खेले जा रहे 5वें टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) के रन आउट के फैसले को लेकर विवाद देखने मिल रहा है।
बता दे ओवल टेस्ट मैच में इंग्लैंड के सब्स्टिट्यूट फील्डर मार्क एल्हाम के थ्रो पर स्मिथ दूसरा रन लेने गए और इस चक्कर में उनका बल्ला क्रीज से थोड़ा बाहर रह गया। स्मिथ से लेकर सभी को लगा वह आउट हो गए, लेकिन जब तीसरे अंपायर नितिन मेनन ने उन्हें नॉट आउट दिया तो सभी हैरान रह गए और यहां से इस फैसले से बवाल की शुरुआत हुई। स्मिथ के इस रन आउट फैसले को लेकर थर्ड अंपायर नितिन मेनन को अब काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है और सोशल मीडिया में उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
बता दें इस जीवनदान का फायदा उठाते स्मिथ ने पहली पारी में 71 रनों की बहुमूल्य पारी खेली, उनकी इस पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड के पहली पारी के स्कोर की तुलना में 12 रनों की बढ़त लेने में भी कामयाब हो सकी।
कुछ इस तरह है पूरा मामला
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 78वें ओवर में स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने लेग साइड की तरफ शॉट मारकर 2 रन चुराना चाहा, इस दौरान उन्होंने अंत में डाइव भी लगाई। लेकिन सब्स्टिट्यूट फील्डर जॉर्ज एलहम मैदान पर काफी एक्टिव दिखे। उन्होंने थ्रो सीधा विकेटकीपर बेयरस्टो के दस्तानों में दिया और उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत स्टंप्स उड़ा दिए। ऐसा होते ही एक समय पर सभी को लगा कि ये आउट है, यहां तक की खुद स्मिथ को भी। जिसके बाद पूरी इंग्लैंड की टीम जश्न मनाने लगी लेकिन तभी अंपायर ने इस रन आउट को चेक करने के लिए फैसला थर्ड अंपायर नितिन मेनन के पास भेज दिया।
यहां देखे विडियो:
थर्ड अंपायर ने स्टीव स्मिथ के पक्ष में लिया फैसला
जब निर्णय ऊपर भेजा गया तो शुरुआती रीप्ले से देखा गया कि बेयरस्टो ने गेंद को इकट्ठा करने से पहले ही बेल्स को उखाड़ दिया था जबकि स्मिथ क्रीज से दूर थे। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर पता चला कि जब बेयरस्टो ने बेल्स पूरी तरह से हटा दी थीं, तब तक स्मिथ क्रीज के अंदर थे। अंपायर नितिन मेनन ने रीप्ले की मदद ली और स्मिथ को नॉट आउट करार दिया, इस फैसले पर इंग्लैंड की भीड़ ने आलोचना की।
MCC ने बताया क्या है नियम
मेरिलबॉन क्रिकेट क्लब (MCC) ने इस मामले को बढ़ते देख इस पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने कहा कि नियम 29.1 के अनुसार जब तक स्टंप्स से बेल्स पूरी तरह नीचे नहीं गिर जाती या एक स्टंप अपनी जगह से उखड़ नहीं जाता तब तक खिलाड़ी को आउट नहीं माना जाएगा। बता दें रन आउट वाले विडियो में बेयरस्टो ने जब गेंद को स्टंप पर मारा तक बेल्स पूरी तरह नहीं हिली जिस वजह से स्मिथ को आउट करार नहीं दिया गया।