Virat Kohli वेस्टइंडीज दौरे पर इन पांच बड़े रिकॉर्डस को कर सकते हैं अपने नाम

कैरेबियाई दौरे पर विराट भारतीय टेस्ट और वनडे टीम में शामिल है।
भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में होती है। क्रिकेट जगत में ऐसी कोई भी टीम नहीं होगी जिसके खिलाफ विराट का बल्ला खामोश रहा हो, उन्होंने अपने असाधारण बल्लेबाजी के दम पर न सिर्फ भारतीय टीम को कई मैचों में जीत दिलाई है, बल्कि अपने सामने खड़ी हर टीम के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां भी उड़ाई है। अब तक उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 75 शतक दर्ज है।
बता दें 12 जुलाई से शुरु हो रहे वेस्टइंडीज के दौरे में, विराट भारतीय टेस्ट और वनडे टीम में शामिल है। वहीं, टी20 सीरीज से उनको आराम दिया गया है। कैरेबियाई दौरे पर टीम इंडिया को 2 टेस्ट और 3 वनडे मुकाबले खेलने हैं। ये पांच मुकाबले भारतीय टीम के साथ-साथ विराट के लिए भी काफी अहम होने वाले हैं, क्योंकि इन पांच मैचों में वो अपने नाम 5 बड़े रिकॉर्ड कर सकते हैं।
तो चलिए हम आपको बताते हैं उन रिकॉर्डस के बारे में जो इस सीरीज के दौरान विराट कोहली अपने नाम कर सकते हैं:
1. वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले मे विराट कोहली (Virat Kohli) इस समय तीसरे स्थान पर हैं, उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक कुल 11 शतक लगाए हैं। बता दें इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर के नाम है। उन्होंने विंडीज के खिलाफ 13 शतक लगाए हैं। 12 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस हैं। लेकिन अब अगर कोहली 2 टेस्ट और 3 वनडे में तीन शतक और बना देते हैं, तो वो इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ कर ऊपर आ जाएंगे।
2. वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस के नाम है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 66 मैचों में 4120 रन बनाए हैं। वहीं, उनके बाद विराट कोहली (Virat Kohli) 3653 रनों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। अब अगर कोहली इस टीम के खिलाफ 468 रन और बना लेते हैं, तो वह कैलिस को पीछे छोड़ते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
3. सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले बनेंगे चौथे भारतीय खिलाड़ी
बता दें विराट कोहली (Virat Kohli) ने अभी तक भारत के लिए तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 498 मैच खेले हैं। कैरेबियाई दौरे पर दो मैच खेलते ही वह भारत की तरफ से 500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले एक और खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक राहुल द्रविड़, महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए 500 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
4. जो रूट को छोड़ सकते हैं पीछे
वेस्टइंडीज की धरती पर अभी तक सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट के नाम है, उन्होंने वेस्टइंडीज की धरती पर 1389 रन बनाए हैं। उनके बाद इस लिस्ट में दूसरा नाम कोहली का है, रूट का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए कोहली को सिर्फ 24 रनों की और जरूरत है, जो कि वो आसानी से इस दौरे में हासिल कर लेंगे। वेस्टइंडीज की धरती पर तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है। उन्होंने अभी तक 29 मैचों में 1838 रन बनाए हैं।
5. 13000 रन कर सकते हैं अपने नाम
विराट कोहली (Virat Kohli) ने वनडे में 274 मैचों में 12,898 रन बनाए हैं। अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले इस दौरे में विराट सिर्फ 102 रन बना लेते हैं, तो वह इस फॉर्मेट में अपने 13000 रन पूरे कर लेंगे। अब तक वनडे क्रिकेट में केवल सचिन तेंदुलकर, कुमार संगकारा, रिकी पोंटिंग और सनथ जयसूर्या ही वनडे में 13000 रन के आंकड़े को पार कर सके हैं।