Virat Kohli ने 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में तोड़े पांच बड़े रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज और भारत के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट में विराट कोहली ने 206 गेंदों पर 121 रन बनाए, इस शतक के साथ उनके नाम कई उबलब्धियां दर्ज हुई।
भारत के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 76वां शतक लगाया। बता दें इस पारी के साथ ही विराट 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे दिन 180 गेंदों का सामना कर 100 रन बनाए, जोकि टेस्ट क्रिकेट में उनका 29वां शतक है, वहीं घर के बाहर ये कोहली का 15वां टेस्ट शतक है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें इस शतकीय पारी की मदद से विराट ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। हालांकि शतक के बाद विराट ज्यादा लंबी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 206 गेंदों का सामना कर 11 चौकों की मदद से 121 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें रन आउट के चलते अपना विकेट गंवाना पड़ा और उनकी अच्छी पारी का वहीं अंत हुआ।
तो चलिए आपको बता दें इस शतक के साथ ही विराट कोहली ने किन-किन बड़ी उपलब्धियों को अपने नाम किया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक:
इस शतक के साथ ही विराट कोहली (Virat Kohli) वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को पछाड़ कर उनकी जगह ले ली है। अभी तक इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर के नाम हैं, उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 शतक लगाए हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर जैक्स कैलिस हैं, जिनके नाम 12 शतक हैं। जबकि विराट 12 शतक के साथ अब तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं एबी डिविलियर्स 11 शतकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
Virat Kohli ने की सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी:
आपको बता दें वेस्टइंडीज के खिलाफ 29वां टेस्ट शतक लगाकर विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के टेस्ट शतकों की बराबरी कर ली है। ब्रैडमैन ने 52 टेस्ट में 29 शतक लगाए थे, जबकि विराट ने अपने 111वें टेस्ट में ये उपलब्धि हासिल की है।
टेस्ट में चौथे नंबर पर सबसे ज्यादा शतक:
टेस्ट में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में अब विराट कोहली चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। चौथे नंबर पर टेस्ट में बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है, उन्होंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 44 शतक लगाए हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर जैक्स कैलिस हैं जिनके नाम 35 शतक हैं। वहीं तीसरे स्थान पर श्रीलंका के महान बल्लेबाज महेला जयवर्धने हैं, जिन्होंने 30 शतक लगाए हैं। अब विराट 25 शतकों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, उन्होंने महान बल्लेबाज ब्रायन लारा को पछाड़ कर उनकी जगह ले ली है, जिनके नाम 24 शतक हैं।
500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद सबसे ज्यादा शतक:
बता दें विराट कोहली (Virat Kohli) ने 500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने के बाद इस मामले में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। विराट के 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में 76 शतक हो गए हैं, जबकि इतने ही मैच में सचिन के नाम 75 शतक थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस शतक के साथ ही विराट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे तेज अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
500वें मैच में 50 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज:
वह अपने करियर पर अमिट छाप छोड़ते हुए 500वें मैच में 50 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बने। बता दें न केवल वह 50 तक पहुंचे, बल्कि कोहली ने एक शानदार पारी खेली, जोकि 121 रन के प्रभावशाली स्कोर के साथ समाप्त हुई।
कोहली ने अपने उल्लेखनीय 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच को एक शानदार पारी के साथ काफी यादगार बनाया। यही नहीं वो ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने, उनसे पहले इस मुकाम पर पहुंचे बाकी 9 बल्लेबाज अर्धशतक तक भी नहीं बना सके थे। आपको बता दें विराट के बाद 500वें मैच में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कुमार संगकारा के नाम है, उन्होंने कुल 48 रन बनाए थे।
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर ने अपने 500वें मैच में 35 रन बनाए थे।