Asia Cup 2023 की बेस्ट प्लेइंग 11, जानिए किन खिलाड़ियों ने इस टीम में बनाई अपनी जगह

एशिया कप 2023 की हमारी सर्वश्रेष्ठ एकादश में चार भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं।
एशिया कप (Asia Cup 2023) को दो चीजों के लिए याद किया जाएगा, एक तो खराब मौसम के कारण क्योंकि ज्यादातर मैचों में हमें लगातार बारिश के कारण रुकावट देखने को मिली। तो वहीं रोमांचक और शानदार मैचों के लिए, क्योंकि मौसम खराब होने के बावजूद सारे मुकाबले बेहद ही जबरदस्त हुए। इस बार के एशिया कप के फाइनल से ठीक पहले मोहम्मद सिराज के लिए पूरा टूर्नामेंट कुछ खास नहीं था, लेकिन फाइनल में उन्होंने गेंद से जो कमाल किया वो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में सिराज के मैजिक स्पैल ने भारत को ट्रॉफी उठाने में अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा 20 वर्षीय डुनिथ वेलालेज ने भी अपनी प्रतिभा से सभी को काफी प्रभावित किया।
एशिया कप 2023 के फाइनल में श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर टीम इंडिया ने खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल में मोहम्मद सिराज ने अपने 7 ओवर के स्पैल में 6 विकेट लेकर श्रीलंका को कुल 50 रन पर समेट दिया। भारत ने सिर्फ 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद, प्रत्येक टीम के कई शानदार प्रदर्शनों का आकलन करते हुए, खेल नाउ ने इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने वाली सर्वश्रेष्ठ संभावित प्लेइंग 11 बनाई है। तो आइए उन 11 खिलाड़ियों पर एक नजर डालें जो टूर्नामेंट में अपनी-अपनी टीमों के लिए मैच विजेता बनकर उभरे हैं।
Asia Cup 2023 की बेस्ट प्लेइंग 11:
1. Rohit Sharma (भारत) (कप्तान):

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एशिया कप 2023 में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट की अपनी पहली और आखिरी पारी के अलावा, रोहित अच्छे टच में थे और उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार तीन अर्धशतक बनाए। इस एशिया कप में रोहित ने अपने करियर के कुछ पड़ाव भी पूरे किए। वह 10,000 से अधिक वनडे रन बनाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज और वनडे क्रिकेट में 50 अर्धशतक बनाने वाले 8वें भारतीय बने। रोहित ने टूर्नामेंट में 5 पारियों में 194 रन बनाए और भारत को रिकॉर्ड 8वीं बार वनडे एशिया कप का खिताब दिलाया।
2. Shubman Gill (भारत):

एशिया कप 2023 में भारतीय सलामी बल्लेबाजों का जलवा रहा, शुभमन गिल इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर उभरे। गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ 2 अर्धशतक और एक शतक के साथ 302 रन बनाए। बांग्लादेश के खिलाफ उनकी पारी को लंबे समय तक याद रखा जाएगा, क्योंकि सुपर 4 राउंड में 266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वह अकेले टीम की तरफ से लड़ रहे थे। गिल इस प्लेइंग इलेवन में अपने भारतीय ओपनिंग पार्टनर रोहित शर्मा के साथ होंगे।
3. Kusal Mendis (श्रीलंका):
कुसल मेंडिस श्रीलंका के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए इस टूर्नामेंट में उनका सबसे बड़ा मैच विजेता रहा है। कुसल मेंडिस ने दो 90 से अधिक स्कोर सहित अपने 3 अर्धशतकों के साथ श्रीलंका को एशिया कप 2023 के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 91 रनों की पारी कठिन परिस्थितियों में आई। मेंडिस फाइनल में श्रीलंका के लिए शीर्ष स्कोरर भी बने, जब पूरी टीम सिर्फ 50 रन पर ऑल आउट हो गई। उन्होंने 6 पारियों में 270 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाली सूची में दूसरे स्थान पर रहे।
4. Sadeera Samarawickrama (श्रीलंका):
श्रीलंकाई टीम को सदीरा समरविक्रमा के रूप में एक उभरता हुआ सितारा मिल गया है। सदीरा ने अपनी वापसी के बाद से श्रीलंकाई प्लेइंग इलेवन में एक अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने एशिया कप 2023 में खेले 6 पारियों में 215 रन बनाए और टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। समरविक्रमा ने श्रीलंकाई मध्य क्रम बल्लेबाजी को पहले से कई अधिक मजबूत किया और अपनी टीम की मदद के लिए कुछ अच्छी साझेदारिया भी करते हुए नजर आए।
5. Mohammad Rizwan (पाकिस्तान) (विकटकीपर):

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का एशिया कप 2023 में 4 पारियों में औसत 97.50 का रहा। पाकिस्तान के लिए एक संकटमोचक बनकर उभरे, रिजवान ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान को दो बार संकट से बाहर निकाला, एक बार नेपाल के खिलाफ जब उन्होंने शुरुआती विकेट खो दिए थे और फिर श्रीलंका के खिलाफ जब उन्होंने उन्होंने 130 रन के अंदर 5 विकेट खो दिए थे। रिजवान की 86 रन की पारी की मदद से पाकिस्तान ने श्रीलंका को एक मजबूत लक्ष्य दिया। रिजवान ने टूर्नामेंट में 4 पारियों में 195 रन बनाए, और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें स्थान पर रहे।
6. Shakib Al Hasan (बांग्लादेश):

बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन की एशिया कप चैंपियन भारत के खिलाफ 80 रनों की पारी ने उनकी टीम को अपना अंतिम मैच जीतने में मदद की। शाकिब के 80 रनों ने बांग्लादेश को मैच में राहत दी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी शानदार संघर्षपूर्ण पारी खेली, जहां उन्होंने 53 रन बनाए थे। गेंदबाजी में भी उन्होंने अपनी पकड़ मजबूत रखी और टूर्नामेंट में 3 विकेट लिए। अफगानिस्तान और भारत के खिलाफ बांग्लादेश की जीत में उनका अहम योगदान था।
7. Hardik Pandya (भारत):

ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भारतीय क्रिकेट टीम की रीढ़ की हड्डी बन गए हैं क्योंकि वह निचले क्रम की बल्लेबाजी के साथ-साथ एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में भी पूरी जिम्मेदारी लेने लगे हैं। एशिया कप टूर्नामेंट में पंड्या ने शानदार प्रदर्शन किया और संकट की स्थिति में पाकिस्तान के खिलाफ 87 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने गेंद से भी योगदान दिया और टूर्नामेंट में 5 पारियों में 20.33 की स्ट्राइक रेट से 6 विकेट लिए। पांड्या ने फाइनल में भी 3/3 विकेट लिए।
8. Dunith Wellalage (श्रीलंका):

टूर्नामेंट में अपने जादुई प्रदर्शन से डुनिथ वेललेज श्रीलंका के उभरते सितारे बन गए। भारत बनाम श्रीलंका सुपर 4 राउंड मैच में इस युवा सितारे ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। वेललेज ने स्पिन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली को लगातार तीन ओवरों में आउट किया और मैच में कुल 5 बड़े विकेट लिए। भारत के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 42 रन की साहसिक पारी भी खेली।
9. Kuldeep Yadav (भारत):

कुलदीप यादव इस समय शायद दुनिया के सबसे बेहतर गेंदबाज हैं। एक समय उनकी गिनती हर फॉर्मेट में होती थी और अब वह टीम इंडिया में एकमात्र फ्रंट लाइन स्पिनर के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सुपर 4 राउंड में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए कुलदीप को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ 5, तो वहीं श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट लिए। वहीं टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 9 विकेट हासिल किए।
10. Matheesha Pathirana (श्रीलंका):

लसिथ मलिंगा की झलक यानी की मथीशा पथिराना ने एशिया कप 2023 में अपनी टीम को निराश नहीं किया है। पथिराना 6 मैचों में 11 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। पथिराना का फॉर्म भारत में आगामी आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में श्रीलंका के काम आएगा। पथिराना ने आईपीएल 2023 में भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। बता दें पथिराना ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ दो शानदार स्पेल फेंके।
11. Taskin Ahmed (बांग्लादेश):

बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद के लिए एशिया कप 2023 शानदार रहा, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा समर्थन प्राप्त नहीं हुआ। एशिया कप 2023 में तस्कीन की लय शानदार रही और उन्होंने टूर्नामेंट में खेले गए 4 मैचों में 9 विकेट लिए। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 4 विकेट लिए।