IND vs SL: Asia Cup 2023 के फाइनल से पहले श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ी, स्टार स्पिनर हुआ चोटिल, क्या अब चैंपियन बनेंगे?

IND vs SL के मैच से पहले श्रीलंका को तगड़ा झटका लगा है।
एशिया कप (Asia Cup 2023) के फाइनल मुकाबले से पहले श्रीलंका को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, उनके स्टार स्पिनर महीश थीक्षणा चोटिल होने के चलते उस महत्वपूर्ण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वह पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे।
बता दें कि, श्रीलंका के लिए स्पिन गेंदबाजी में महीश थीक्षणा और वानिंदू हसरंगा दो प्रमुख विकल्प थे। हसरंगा पहले से ही एशिया कप से बाहर थे और अब थीक्षणा भी चोटिल होने के चलते बाहर हो गए हैं। ऐसे में श्रीलंका के लिए यह बहुत ही बुरी खबर है, लेकिन भारत के लिहाज से यह खबर संतोषजनक है।
हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते बाहर हुए हैं महीश थीक्षणा:
श्रीलंका क्रिकेट ने अपने एक्स अकॉउंट के जरिए गुरुवार को यह बताया था कि उनके स्पिन गेंदबाज महीश थीक्षणा के दाहिने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के चलते पाकिस्तान के खिलाफ बीच मुकाबले से बाहर हो गए हैं और वह आज यानी शुक्रवार को स्कैन के लिए जाएंगे। आज यह खबर आई है कि वह फाइनल मुकाबले में अनुपस्थित रहेंगे।
महीश थीक्षणा ने 2021 में श्रीलंका के लिए वनडे डेब्यू किया था। वह 2023 में अपनी टीम की ओर से इस फॉर्मेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने इस साल श्रीलंका की ओर से वनडे क्रिकेट में 15 मैचों में 17.61 की बेहतरीन औसत से 31 विकेट चटकाए हैं। थीक्षणा की अनुपस्थिति में दुशन हेमंता को फाइनल मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है।
गौरतलब हो कि, श्रीलंका ने सुपर 4 स्टेज के अपने अंतिम मुकाबले में पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्हें अंतिम 2 गेंदों पर 6 रनों की आवश्यकता थी और चरिथ असलंका ने 5वीं गेंद पर चौका और अंतिम गेंद पर डबल रन लेकर अपनी टीम को ना सिर्फ जीत दिलाई बल्कि उन्हें फाइनल में भी पहुंचाया।
अब श्रीलंका को एशिया कप 2023 का फाइनल मुकाबला भारत के खिलाफ कोलंबो में खेलना है। इस मैच में उनकी नजरें जीत हासिल करके लगातार दूसरी बार एशिया कप का खिताब जीतने पर होगी। हालांकि, उनके लिए यह मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं होगा क्योंकि उन्हें सुपर 4 स्टेज में भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।