Asian Games 2023: महिला क्रिकेट का एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल पक्का! फाइनल के लिए टीम में वापसी करेंगी ये दिग्गज

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर पर आईसीसी ने दो अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।
एशियन गेम्स (Asian Games 2023) कुछ दिनों पहले ही शुरू हुआ है और इस समय महिला महिला क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा है। क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद भारत की महिला टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। जिसके बाद रविवार 24 सितंबर को सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश की महिला टीम से हुआ और इस मुकाबले में भारतीय महिलाओं ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
बता दें रविवार को खेले गए इस मुकाबले में, भारत की जीत का श्रेय ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर को दिया जाता है। उन्होंने 4 विकेट लेकर बांग्लादेश को दबाव में ला दिया। यह खेल झेजियांग यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी पिंगफेंग क्रिकेट फील्ड में खेला गया था। टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन ये फैसला उनके लिए सही साबित नहीं हुआ। भारत ने काफी सधी हुई गेंदबाजी की और बांग्लादेश को 17.5 ओवर में केवल 51 रन पर ही ढेर कर दिया।
Asian Games 2023 के फाइनल में Harmanpreet Kaur करेंगी वापसी
भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद, लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 8.2 ओवर में ही इस स्कोर को हासिल कर लिया और इस जीत के साथ अब वे टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गए हैं। बता दें सोमवार को फाइनल मैच इस मैदान पर ही खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका की महिलाओं के बीच खेला जाएगा और उस मैच की विजेता फाइनल में भारत से भिड़ेंगी।
वहीं भारत ने इस टूर्नामेंट में एक पदक पक्का कर लिया है। यदि वे फाइनल जीतते हैं, तो वे स्वर्ण जीतेंगे, और हारने पर कम से कम रजत तो जीतेंगे ही। लेकिन इस समय भारत फाइनल जीतने का प्रबल दावेदार है, ऐसा इसलिए भी है क्योंकि भारत की नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) फाइनल में वापसी करेंगी।
बता दें इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उनकी हरकत के बाद आईसीसी ने हरमनप्रीत कौर पर 2 मैचों का प्रतिबंध लगाया था। इसलिए वह क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले का हिस्सा नहीं थीं। उनकी अनुपस्थिति में स्मृति मंधाना ने टीम का नेतृत्व किया, और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन अब बैन खत्म हो गया है और हरमनप्रीत कौर दोबारा कप्तान बनेंगी। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भारत की बल्लेबाजी की बात करें तो, लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेफाली वर्मा (17 गेंदों में 21) और जेमिमा रोड्रिग्स (20 गेंदों में 15) ने भारत को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया।।