Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

वनडे क्रिकेट में South Africa की तरफ से बनाए गए टॉप पांच सबसे बड़े स्कोर

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :September 16, 2023 at 3:30 AM
Modified at :September 16, 2023 at 3:30 AM
वनडे क्रिकेट में South Africa की तरफ से बनाए गए टॉप पांच सबसे बड़े स्कोर

सेंचुरियन में चौथे वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट खोकर 416 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले गए 5 मैचों की वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका (South Africa) ने 416/5 का बड़ा टोटल खड़ा किया। इस मुकाबले में हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर ने 5वें विकेट के लिए 92 गेंदों पर 222 रनों की बड़ी साझेदारी की।

गौरतलब हो कि, दक्षिण अफ्रीका ने वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया है, लेकिन पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए यह (416/5) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले वह जोहान्सबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेज करते हुए 438/9 का टोटल बना चुके हैं।

South Africa द्वारा वनडे क्रिकेट में बनाए गए टॉप 5 सबसे बड़े स्कोर:

5. 416/5 vs ऑस्ट्रेलिया, सेंचुरियन, 2023*:

सेंचुरियन में आज खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर 416 रन बनाए हैं। इस दौरान हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर के बीच 5वें विकेट के लिए मात्र 92 गेंदों पर 222 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। इस मुकाबले में क्लासेन ने 83 गेंदों पर 174 और मिलर ने 45 गेंदों पर 82* रन बनाए।

4. 418/5 vs जिम्बाब्वे, पोचेफस्ट्रूम, 2006:

सितम्बर 2006 में दक्षिण अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे के बीच 3 मैचों की एक वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसमें मेजबान टीम को 3-0 से जीत हासिल हुई थी। इस सीरीज का आखिरी मैच पोचेफस्ट्रूम में खेला गया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 418 रन बनाए था।

विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर ने इस मुकाबले में 68 गेंदों पर 147* रनों की नाबाद पारी खेली थी और अपनी टीम को इतने बड़े टोटल तक पहुँचाया था। उनके अलावा, लूट्स बॉसमैन (88), एल्विरो पीटरसन (80) और जैक्स कैलिस ने भी अर्धशतक जड़ा था। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 171 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल हुई थी और बाउचर प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।

3. 438/4 vs भारत, मुम्बई (वानखेड़े), 2015:

अक्टूबर 2015 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5 मैचों की एक वनडे सीरीज भारत में खेली गई थी, जिसमें मेहमान टीम ने 3-2 से बाजी मारी थी। इस सीरीज के अंतिम और निर्णायक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 438/4 का पहाड़ जैसा टोटल खड़ा किया था, जिसमें क्विंटन डी कॉक (109), फाफ डु प्लेसी (133) और एबी डी विलियर्स (119) ने शतक जड़ा था।

439 के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम मात्र 224 के स्कोर पर आलआउट हो गई थी और उन्हें 214 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। दक्षिण अफ्रीकी सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को 87 गेंदों पर 109 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

2. 438/9 vs ऑस्ट्रेलिया, जोहान्सबर्ग, 2006:

फरवरी-मार्च 2006 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की एक वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसमें मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से जीत मिली थी। इस सीरीज के अंतिम एवं निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 434 रन बनाए थे, जिसमें रिकी पोंटिंग ने 105 गेंदों पर 164 रन बनाए थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 49.5 ओवरों में 9 विकेट खोकर 438 रन बनाए और इस टारगेट को चेज कर लिया। इस रन चेज के दौरान दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने 111 गेंदों पर 174 रन बनाए थे। पोंटिंग और गिब्स दोनों ही इस मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे।

1. 439/3 vs वेस्टइंडीज, जोहान्सबर्ग, 2015:

जनवरी-फरवरी 2015 में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की एक सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज के दूसरा मुकाबला जोहान्सबर्ग में खेला गया था जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने मात्र 3 विकेट खोकर 439 का टोटल बनाया था, जो वनडे क्रिकेट इतिहास में उनका सबसे बड़ा टोटल है। इस मुकाबले में सभी 3 बल्लेबाजों ने शतक जड़ा था।

सलामी बल्लेबाजों हाशिम अमला और राइली रूसो ने क्रमशः 153 और 128 रनों की पारियाँ खेली थी, जबकि एबी डीविलियर्स ने मात्र 44 गेंदों पर 149* रन बनाए थे। वेस्टइंडीज को इस मुकाबले में 148 रनों से हार मिली थी और डीविलियर्स प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.