ICC Rankings: वनडे रैंकिंग में हुआ बड़ा फेरबदल, 2019 के बाद पहली बार टॉप-10 में भारत के तीन बल्लेबाज

ICC Rankings में भारतीय बल्लेबाजों ने लगाई जबरदस्त छलांग।
आईसीसी की ताजा जारी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन भारतीय बल्लेबाज टॉप 10 का हिस्सा हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने करियर का सर्वश्रेष्ठ दूसरा स्थान हासिल किया है। जनवरी 2019 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब भारत के तीन बल्लेबाज एक साथ टॉप 10 में हैं। गिल, जिन्होंने 58 रन बनाए थे और पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मैच में कप्तान रोहित शर्मा के साथ 121 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी, एक स्थान ऊपर आ गए हैं। जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी दो-दो स्थान का फायदा हुआ है, विराट जहां आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं रोहित नौवें पायदान पर हैं।
बता दें रोहित ने एशिया कप के लगातार तीन मैचों में अर्धशतक जड़ा है, वहीं विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन की पारी की बदौलत आगे बढ़े हैं। साल 2019 में रोहित शर्मा, कोहली और शिखर धवन ये तीनों बल्लेबाज वनडे रैंकिंग में टॉप 10 में थे। अब चार साल बाद एक बार फिर ऐसा हुआ है जब भारत के टॉप तीन बल्लेबाज शीर्ष रैंकिंग पर मौजूद हैं।
आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग
आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है, और इस बीच वनडे रैंकिंग के टॉप 10 में पाकिस्तान के भी तीन बल्लेबाज मौजूद हैं। कप्तान बाबर आजम टॉप पर हैं और गिल पर 100 से अधिक रेटिंग अंकों की बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि इमाम-उल-हक और फखर जमान क्रमशः पांचवें और 10वें स्थान पर हैं।
इस रैंकिंग में, दक्षिण अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के तीन मैचों और इंग्लैंड-न्यूजीलैंड श्रृंखला के दो मैचों का प्रदर्शन भी शामिल किया गया है। दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा तीन शतक और दो अर्धशतक के बाद शीर्ष -10 में शामिल हो गए हैं। बावुमा 21 स्थान आगे बढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ 25वां था।
वहीं स्टार ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (एक स्थान ऊपर चौथे स्थान पर), ट्रेविस हेड (छह स्थान ऊपर 20वें स्थान पर) और मार्नस लाबुशेन (24 स्थान ऊपर 45वें स्थान पर) पहुंच गए हैं। इनके अलावा चोट से वापसी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (10 स्थान ऊपर 37वें स्थान पर) पहुंच गए हैं। जबकि ईशान किशन (दो पायदान ऊपर 22वें स्थान पर) हैं।
गेंदबाजों को भी हुआ अच्छा फायदा
न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट गेंदबाजों में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे मैच में चार विकेट लेने के बाद पहली बार गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पांच में हैं। वहीं भारत के बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव एशिया कप के दो मैचों में 9 विकेट लेने के बाद पांच स्थान ऊपर उठकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रउफ आठ पायदान ऊपर चढ़कर 21वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (आठ पायदान ऊपर 27वें) और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (21 पायदान ऊपर 56वें) पर आ गए हैं। ऑलराउंडरों में भी पांड्या चार पायदान ऊपर छठे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज (10 पायदान ऊपर 25वें स्थान पर) और तबरेज शम्सी (15 पायदान ऊपर 29वें स्थान पर) रैंकिंग में आगे बढ़ने वाले अन्य खिलाड़ियों में शामिल हैं।