IND vs AUS: Jasprit Bumrah दूसरे वनडे का नहीं होंगे हिस्सा, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध होंगे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मैच इंदौर में खेला जा रहा है। इस मैच के टॉस से ठीक पहले एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल, भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दूसरे वनडे मैच में खेलते हुए नहीं देखेंगे। उनकी जगह पर मुकेश कुमार को भारतीय टीम में जगह दी गई है।
हालांकि, जसप्रीत बुमराह को इंदौर में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच के लिए आराम दिया गया है। इस दौरान वह अपने परिवार से मिलने गए हैं, लेकिन बीसीसीआई ने यह पुष्टि की है कि वह राजकोट में खेले जाने वाले तीसरे वनडे मैच के लिए उपस्थित रहेंगे। बोर्ड ने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी।
IND vs AUS: BCCI ने ट्वीट करके Jasprit Bumrah के रिप्लेसमेंट की दी जानकारी
बीसीसीआई ने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा: "श्री जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे के लिए टीम के साथ इंदौर नहीं गए हैं। वह अपने परिवार से मिलने गए हैं और टीम प्रबंधन ने उन्हें एक छोटा ब्रेक दिया है। दूसरे वनडे के लिए बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर तेज गेंदबाज मुकेश कुमार टीम में शामिल हुए हैं। राजकोट में होने वाले आखिरी वनडे के लिए बुमराह टीम से जुड़ेंगे।"
इंदौर में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच के बारे में बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की ओर से नियमित कप्तान पैट कमिंस भी टीम से बाहर हो गए हैं। हालांकि, उनके बाहर होने की कोई ठोस वजह सामने नहीं आयी है। उनकी अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभाल रहे हैं। इस मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
ऑस्ट्रेलिया द्वारा पहले गेंदबाजी का विकल्प चुनने के चलते भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। हालांकि, भले ही मुकेश कुमार को दूसरे वनडे के लिए टीम में जगह दी गई है, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल सका है। जसप्रीत बुमराह की जगह पर प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है। बता दें कि, रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में केएल राहुल भारत की कमान संभाल रहे हैं।