IND vs AUS: Mohammed Shami ने मोहाली में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को किया ढेर, 16 साल बाद किया ये खास कारनामा

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शमी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) के बीच आज यानी 22 सितंबर को मोहाली में वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया टीम की शुरुआत खराब हुई, इन फॉर्म मिशेल मार्श को स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अपने स्पैल के शुरुआती ओवर में ही पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। हालांकि इसके बाद डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ के बीच एक अच्छी साझेदारी हुई, लेकिन वो भी कुछ खास नहीं कर पाई।
IND vs AUS: Mohammed Shami ने खोला पंजा
पहले वनडे में भारत की तरफ से शमी, ऑस्ट्रेलियाई टीम पर कहर बनकर टूटे। मोहम्मद शमी ने अपनी धारदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को काफी परेशान किया और 5 विकेट हासिल किए। बता दें शमी ने अपने 10 ओवर में 5.10 के इकॉनमी रेट से 51 रन और 1 मेडन ओवर के साथ 5 विकेट चटकाए।
16 साल बाद शमी ने किया खास कमाल
बता दें इस मैच में पांच विकेट लेकर, शमी 16 साल बाद वनडे में भारत की धरती पर 5 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। शमी को पिछले कुछ समय से ज्यादा वनडे खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन आज जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया जैसी तगड़ी टीम के सामने अपना जौहर दिखाया। इससे पहले घरेलू मैदान पर आखिरी बार तेज गेंदबाज जहीर खान ने 5 विकेट चटकाए थे।
जहीर खान ने 2007 में 42 रन देकर गोवा के मडगांव में श्रीलंका टीम के खिलाफ 5 विकेट चटकाए थे। अब 16 साल बाद भारतीय सरजमीं पर शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट चटकाकर ये बड़ी उपलब्धि हासिल की है।