IND vs PAK: एक बार फिर बारिश की भेंट चढ़ा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, जानिए रिजर्व डे में कहां से शुरु होगा मैच

रविवार को भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में सिर्फ 24 ओवर का खेल संभव हो सका.
भारत बनाम पाकिस्तान (IND vs PAK) का मुकाबला जो आज यानी रविवार 10 सितंबर, को श्रीलंका के आर. प्रेमदास स्टेडियम में खेला जा रहा था, वो एक बार फिर बारिश की भेंट चढ़ गया है। बता दें लगातार बारिश के कारण भारतीय पारी के 24 ओवरों के बाद मैच संभव ही नहीं हो सका। अब मैच रिजर्व डे में खेला जाएगा, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने पहले ही इस महामुकाबले के लिए रिजर्व डे का ऐलान किया था।
एशिया कप (Asia Cup 2023) में अभी तक अपने सभी मुकाबलों में भारत को बारिश का सामना करना पड़ा है। कैंडी में ग्रुप लीग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी पारी संभव नहीं हो सकी थी, वहीं नेपाल के खिलाफ टीम इंडिया को 23 ओवर का मैच खेलने का मौका मिला था।
IND vs PAK: जानिए रिजर्व डे में कहां से शुरु होगा मैच
अब सुपर 4 राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ एक बार फिर बारिश आ गई और आगे का खेल संभव नहीं हो सका। जिसके बाद मैच को रिजर्व डे के लिए स्थगित कर दिया गया। बता दें कल यानी 11 सितंबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में नए टॉस के साथ पूरे 50 ओवर का मुकाबला खेला जाएगा। खेल तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा और टॉस 2:30 बजे किया जाएगा। रिजर्व डे पर भी बारिश की संभावना है, सोमवार को भी कोलंबो में बारिश की 90 फीसदी संभावना है।
रविवार को शाम के करीब पांच बजे अचानक तेज बारिश आ गई। उस समय भारत ने 24 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 147 रन बना लिए थे। एक घंटे के बाद बारिश रुक गई, लेकिन बारिश के कारण आर प्रेमदासा स्टेडियम के चारों ओर जगह-जगह गंदगी फैल गई, जिसके कारण अंपायरों को मैच शुरू करने से पहले थोड़ा और समय लेना पड़ा। बता दें रात 9 बजे 30 ओवर का मैच शुरू करने के लिए तैयारी की जा रही थी, लेकिन रात 8:30 बजे के आसपास भारी बारिश का एक और दौर आया। जिससे अंपायरों ने मैच को रिजर्व डे में ले जाने का अंतिम निर्णय लिया।
भारतीय ओपनरों ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपना 50वां वनडे अर्धशतक लगाया और 49 गेंदों में 56 रन बनाए। उनके सलामी जोड़ीदार शुभमन गिल का भी बल्ले से शानदार दिन रहा और उन्होंने अपने कप्तान के साथ पहले विकेट के लिए 16.4 ओवरों में 121 रनों की अच्छी साझेदारी की। गिल ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया और 52 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 58 रन बनाए। रोहित को शादाब खान ने और शुभमन को शाहीन ने आउट किया।