IND vs SL: 20 वर्षीय Dunith Wellalage ने तोड़ी भारतीय बल्लेबाजी की कमर, चटकाए पांच बड़े विकेट

दुनिथ वेल्लालगे के साथ चरिथ असलंका ने भी शानदार गेंदबाजी की और कई अहम विकेट निकाले।
एशिया कप (Asia Cup 2023) के सुपर 4 स्टेज का एक मुकाबला मंगलवार को भारत और श्रीलंका के बीच (IND vs SL) कोलंबो के आर० प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में श्रीलंका के 20 वर्षीय गेंदबाज दुनिथ वेल्लालगे (Dunith Wellalage) ने 5 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी है।
श्रीलंका की ओर से वेल्लालगे के अलावा चरिथ असलंका (Charith Asalanka) ने भी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए। बता दें कि, चरिथ असलंका एक बैटिंग ऑलराउंडर हैं, जिन्हें एक पार्ट टाइम स्पिनर भी समझा जा सकता है। कोलंबो की इस पिच पर स्पिन गेंदबाजों ने 38.1 ओवरों में मात्र 127 रन खर्च करते हुए 10 विकेट हासिल किए। धनंजय डी सिल्वा ने भी 10 ओवरों में मात्र 28 रन खर्च किए लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिल सकी। वहीं महीश तीक्ष्णा ने 9.1 ओवर में 41 रन खर्च करते हुए 1 सफलता हासिल की।
IND vs SL: Dunith Wellalage ने भारत के खिलाफ 5 विकेट लेकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड:
एशिया कप 2023 के सुपर 4 स्टेज के मैच में भारत के खिलाफ लेफ्ट आर्म स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे किसी वनडे मैच में 5 विकेट लेने वाले सबसे युवा श्रीलंकाई गेंदबाज बने हैं। बता दें कि, वेल्लालगे ने 20 वर्ष 246 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। इससे पहले श्रीलंका की ओर से वनडे क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाले सबसे युवा गेंदबाज चरिथा बुद्धिका थे, जिन्होंने 2001 में 21 साल 265 दिन की उम्र में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में यह कारनामा किया था।
कौन हैं Dunith Wellalage ?
20 वर्षीय लेफ्ट-आर्म स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे ने जून 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पल्लेकेले में वनडे डेब्यू किया था। एशिया कप 2023 के सुपर 4 स्टेज में भारत के खिलाफ मुकाबले तक वह 13 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 18 विकेट दर्ज हैं। भारत के खिलाफ इस मैच में उन्होंने 5/40 का करियर बेस्ट प्रदर्शन किया है।
वेल्लालगे को इससे पहले इमर्जिंग एशिया कप 2023 में श्रीलंका ए टीम की कप्तानी करते हुए भी देखा गया था, जहाँ उनकी टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। उस मुकाबले में उन्हें पाकिस्तान ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ए ने फाइनल में भारत ए को हराकर खिताब पर कब्जा किया था।