IND vs PAK: सुपर-4 में भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों से रौंदा, कुलदीप, विराट और राहुल ने किया पाकिस्तानी टीम को चित

विराट और राहुल की शतकीय पारियों ने भारत को एक बढ़िया स्कोर तक पहुंचाया।
भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच एशिया कप (Asia Cup 2023) के सुपर 4 स्टेज का एक मुकाबला कोलंबो के आर० प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। बारिश के चलते यह मुकाबला रविवार को मात्र 24.1 ओवरों तक ही खेला जा सका और बचा हुआ मुकाबला रिजर्व डे पर खेला गया। इस मैच में भारत को 228 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल हुई। विराट कोहली (94 गेंदों पर 122*) को शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सबसे पहले मैच के बारे में अधिक बात करें तो पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेते हुए भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा (56) और शुभमन गिल (58) ने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दी।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली (122*) और केएल राहुल (111*) ने तीसरे विकेट के लिए 233 रनों की नाबाद बड़ी साझेदारी करके भारत को 356/2 के एक बड़े टोटल तक पहुँचाया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी और हारिस रउफ ने 1-1 विकेट चटकाए।
IND vs PAK: पाकिस्तान ने की खराब शुरुआत और अंत भी रही खराब:
357 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और अंत तक उनकी पारी नहीं सम्भल सकी, जिसके चलते उन्हें 228 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने शुरुआती 10 ओवरों में 1 विकेट खोकर 43 रन बना लिए थे, लेकिन उसके बाद पूरी टीम मात्र 128 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से फखर जमान ने सबसे अधिक 27 रन बनाए। उन्होंने कुल 50 गेंदें खेली। उनके अलावा, आगा सलमान और इफ्तिखार अहमद के खाते में 23-23 रन और बाबर आजम के खाते में 10 रन रहे। अन्य सभी बल्लेबाज इकाई के अंक पर ही पवेलियन लौट गए। नसीम शाह और हारिस रउफ बल्लेबाजी के लिए नहीं आए यानी एब्सेंट हर्ट रहे।
कुलदीप की फिरकी में फंसे पाकिस्तानी बल्लेबाज:
भारत की ओर से स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी में 5 पाकिस्तानी बल्लेबाजों को फसाया। उन्होंने 8 ओवरों में मात्र 25 रन खर्च किए। उनके अलावा, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर के खाते में 1-1विकेट रहे।
गौरतलब हो कि, इस जीत के साथ भारतीय टीम सुपर 4 स्टेज के अंक तालिका में 2 अंकों और +4.560 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर आ गई है। इसके अलावा, करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान की टीम 2 अंकों और -1.892 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में पहले से तीसरे स्थान पर आ गई है।