IND vs SL: भारत ने श्रीलंका के अजेय रथ पर लगाया विराम, एशिया कप 2023 के फाइनल में मारी एंट्री

भारत की तरफ से कुलदीप और जडेजा गेंद के साथ हीरो रहे।
एशिया कप (Asia Cup 2023) के सुपर 4 स्टेज का एक मुकाबला मंगलवार को भारत और श्रीलंका के बीच (IND vs SL) कोलंबो के आर० प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 41 रनों से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ श्रीलंका की लगातार 13 जीत का सिलसिला भी टूट गया। हार के बावजूद भी 20 वर्षीय दुनिथ वेल्लालगे (Dunith Wellalage) को उनकी शानदार आलराउंड प्रदर्शन (5/40 और 42* रन) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
IND vs SL के बीच हुआ एक शानदार मुकाबला
मैच के बारे में अधिक बात करें तो, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 49.1 ओवरों में 213 के स्कोर पर आलआउट हो गई। भारत की ओर से कप्तान एवं सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 53 रनों की पारी खेली, जबकि केएल राहुल 39 और ईशान किशन ने 33 रन जोड़े। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 23 और सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 19 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज इकाई के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए।
श्रीलंका की ओर से स्पिन गेंदबाजों ने सभी विकेट चटकाए। इसमें 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज दुनिथ वेल्लालगे ने 5 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। वेल्लालगे के अलावा चरिथ असलंका ने भी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए,जबकि महीश थीक्षणा को 1 सफलता मिली।
श्रीलंकाई टीम की शुरुआत हुई बेहद खराब
214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और वह अंत तक खुद को संभाल नहीं सकी। 25 के स्कोर पर 3 महत्वपूर्ण विकेट गँवाने के बाद 99 के स्कोर पर उनके 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि, इसके बाद धनजंय डी सिल्वा और दुनिथ वेल्लालगे के बीच 63 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।
दूसरी पारी के 38वें ओवर में रविन्द्र जडेजा ने धनंजय डी सिल्वा (41) को चलता किया, जिसके बाद कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर अधिक देर तक नहीं टिक सका। श्रीलंका की पूरी टीम 41.3 ओवरों में मात्र 172 के स्कोर पर आलआउट हो गई, जिसके चलते भारत को 41 रनों के अंतर से जीत मिली। हालांकि, वेल्लालगे 42 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी टीम की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे अधिक विकेट चटकाए और 213 के टोटल को डिफेंड करने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने 9.3 ओवरों में 43 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को 2-2 और मोहम्मद सिराज एवं हार्दिक पांड्या को 1-1 विकेट मिले।
इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम सुपर 4 स्टेज के प्वॉइंट्स टेबल में 4 अंकों और के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर है, जबकि श्रीलंका 2 अंकों और नेट रन रेट के साथ अभी भी दूसरे स्थान पर है। भारत को अपना अगला मुकाबला इसी मैदान पर 15 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।