Asian Games 2023: चीन के लिए रवाना हुई रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम, जानिए पूरा शेड्यूल

रुतुराज गायकवाड़ पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम आज यानी गुरुवार, 28 सितंबर को एशियन गेम्स (Asian Games 2023) में हिस्सा लेने के लिए मुंबई से चीन के लिए रवाना हो गई है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 3 अक्टूबर को करेगी। बता दें भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) पर भारतीय टीम के मुंबई से चीन के रवाना होने की फोटो शेयर किए हैं। साई ने लिखा, 'पुरुष क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2023 के लिए तैयार है। भारतीय टीम मुंबई एयरपोर्ट से हांगझोऊ के लिए रवाना हुई। हम उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हैं।'
भारत का पहला मुकाबला सीधा क्वार्टर फाइनल में
आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ये पांच टीमें टॉप पर मौजूद है। जिस वजह से इन सभी टीमों को खास छूट दी गई है। दरअसल, ये सभी टीमें सीधा क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई हो चुकी है। इस बार टीम इंडिया को गोल्ड मेडल जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
जैसा की आप जानते ही होंगे अभी कुछ दिनों पहले ही महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में श्रीलंकाई टीम को हराकर गोल्ड मेडल जीता। उनके बाद अब पुरुष क्रिकेट टीम से भी सभी को काफी उम्मीदें हैं कि, वह भी इस बार गोल्ड मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाएंगे।
रुतुराज गायकवाड़ करेंगे टीम की अगुवाई
गौरतलब है, रुतुराज गायकवाड़ को एशियन गेम्स के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया था। उनके अलावा युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी टीम में जगह मिली है। वहीं शिवम दुबे की टीम इंडिया में वापसी हुई है। जबकि IPL में इस बार अपने बल्ले से जोहर दिखाने वाले, रिंकू सिंह को भी टीम में मौका मिला है। भारतीय टीम काफी मजबूत नजर आ रही है, और वो अपना पहला मैच 3 सितंबर को खेलते हुए नजर आएंगे।
Asian Games के लिए भारतीय स्क्वॉड
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, राहुल त्रिपाठी, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, शिवम मावी, शिवम दुबे और प्रभसिमरन सिंह।
स्टैंडबाई खिलाड़ी- यश ठाकुर, साई किशोर, वेंकटेश अय्यर, दीपक हूडा और साई सुदर्शन।
कुछ इस तरह आप देख सकते हैं भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मैच
एशियन गेम्स 2023 में पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें शामिल होंगी। 7 अक्टूबर को इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को छोड़कर, शेष 9 टीमें ग्रुप स्टेज प्रारूप में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जहां उन्हें 3-3 टीमों के तीन ग्रुप्स में रखा गया है।
इन सभी मैचों का प्रसारण भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क टीवी चैनलों पर किया जाएगा। एशियन गेम्स 2023 क्रिकेट मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी।