1984 से 2023 तक वनडे Asia Cup जीतने वाले विजेताओं की सूची

भारत ने एशिया कप में सबसे ज्यादा सात संस्करण जीते हैं।
एशिया कप (Asia Cup) एक बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट है जो हर दो साल में एक बार आयोजित किया जाता है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1984 में तीन टीमों के साथ हुई थी। लेकिन अब इस टूर्नामेंट में, टीमों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। अब तक हमें एशिया कप के 16 सफल संस्करण देखने को मिले हैं, जिसमें टीम इंडिया टूर्नामेंट की पहली विजेता थी।
अब तक यह टूर्नामेंट वनडे और टी20 फॉर्मेट में खेला गया है, जिसमें 13 वनडे और 2 टी20 संस्करण हुए हैं। भारत ने कुल मिलाकर 7 संस्करण जीते हैं, वहीं उसके बाद श्रीलंका (6) और पाकिस्तान (2) बार ये टूर्नामेंट जीतने में सफल हुआ है। तो चलिए आज हम एशिया कप के इतिहास में वनडे प्रारूप जीतने वाले सभी विजेताओं की सूची पर एक नजर डालेंगे। बता दें अब तक, केवल 2016 और 2022 संस्करण ही टी20 प्रारूप में खेला गया था। जिसमें एक बार भारत तो वहीं एक बार श्रीलंका ने बाजी मारी है।
वनडे प्रारूप में आयोजित Asia Cup के विजेताओं की सूची कुछ इस प्रकार है:
1. 1984 - भारत

एशिया कप का उद्घाटन संस्करण संयुक्त अरब अमीरात में खेला गया था। टूर्नामेंट में भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान ने भाग लिया था। प्रत्येक टीम ने अन्य दो टीमों के विरुद्ध एक-एक मैच खेला था। भारत अपने दोनों मैच जीतकर उद्घाटन एशिया कप टूर्नामेंट का विजेता बना था।
2. 1986 - श्रीलंका
गत चैंपियन, भारत ने 1986 में दूसरे संस्करण में भाग नहीं लिया। परिणामस्वरूप, बांग्लादेश ने भारत की जगह टूर्नामेंट में अपनी शुरुआत की, जो श्रीलंका में आयोजित किया गया था। कोलंबो में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका ने जगह बनाई थी। श्रीलंका ने फाइनल में पांच विकेट से जीत हासिल कर टूर्नामेंट जीत था।
3. 1988 - भारत
दूसरे सीजन में हिस्सा न लेने के बाद, भारत ने 1988 में बांग्लादेश में आयोजित तीसरे संस्करण में वापसी की और एक बार फिर खिताब हासिल किया। यह चार टीमों का टूर्नामेंट था और प्रत्येक टीम ग्रुप चरण में एक-एक बार खेली थी। भारत और श्रीलंका ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। नवजोत सिद्धू के 76 रनों की बदौलत भारत ने फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट से जीत हासिल की थी।
4. 1990-91 - भारत
भारत ने अगले संस्करण में अपना खिताब बरकरार रखा। यह 1990-91 में भारत में खेला गया था। पाकिस्तान इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं था और केवल तीन टीमों ने ही इसमें हिस्सा लिया था। भारत और श्रीलंका एक और फाइनल में पहुंचे। संजय मांजरेकर के नाबाद 75 रनों की बदौलत भारत ने सात विकेट से जीत हासिल की थी। इस जीत के बाद भारत ने चार संस्करणों में अपना ये तीसरा खिताब जीता था।
5. 1995 - भारत
पेप्सी एशिया कप के नाम से जाना जाने वाला 1995 संस्करण शारजाह, संयुक्त अरब अमीरात में हुआ था। उसमें चार टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें एक बार फिर भारत और श्रीलंका ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और एक बार फिर भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर फाइनल जीता था। नवजोत सिद्धू ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता, जबकि सचिन तेंदुलकर ने सबसे अधिक (205) रन बनाए थे।
6. 1997 - श्रीलंका
बांग्लादेश ने 1997 एशिया कप की मेजबानी की, टूर्नामेंट में कुल चार टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही थीं। ग्रुप में शीर्ष दो में रहने के बाद एक बार फिर से श्रीलंका और भारत के बीच फाइनल खेला गया था। लेकिन इस बार श्रीलंका, भारत को आठ विकेट से हराकर अपना दूसरा खिताब जीतने में सफल रहा। अर्जुन रणतुंगा ने उस संस्करण में सर्वाधिक (272) रन बनाए और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।
7. 2000 - पाकिस्तान

एशिया कप 2000 दूसरी बार बांग्लादेश में खेला गया, इस संस्करण में कुल चार टीमें खेल रही थीं। इस टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण के बाद ये पहली बार था जब भारत फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया था। इस बार फाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबला हुआ था। जिसमें पाकिस्तान ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर अपना पहला एशिया कप जीतकर इतिहास रच दिया। यूसुफ योहाना ने सर्वाधिक (295) रन बनाए और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था।
8. 2004 - श्रीलंका

इंडियन ऑयल एशिया कप के नाम से जाना जाने वाला आठवां संस्करण चार साल के अंतराल के बाद आयोजित हुआ। यह भी एक बड़ा टूर्नामेंट था, क्योंकि हांगकांग और यूएई इसमें शामिल हो गए, जिससे यह छह टीमों का टूर्नामेंट बन गया। यह तीन-तीन टीमों के दो समूहों के साथ खेला गया। भारत और श्रीलंका ने फाइनल में जगह बनाई, केवल 209 रन बनाने के बावजूद भी श्रीलंका ने फाइनल 25 रन से जीत लिया था। सनथ जयसूर्या ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता था।
9. 2008 - श्रीलंका

श्रीलंका ने नौवें संस्करण में सफलतापूर्वक अपना खिताब बरकरार रखा। यह पहली बार था जब एशिया कप पाकिस्तान में आयोजित किया गया था। इसे स्टार क्रिकेट द्वारा प्रायोजित किया गया था। छह टीमों में से भारत और श्रीलंका ने चार संस्करणों में तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका ने 100 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की। अजंता मेंडिस ने टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता था।
10. 2010 - भारत

2010 एशिया कप श्रीलंका में खेला गया था. छह टीमों के साथ लगातार दो सीजन के बाद, यह वापस चार टीमों में बदल गया। श्रीलंका ने लगातार दसवीं बार फाइनल में जगह बनाई, वहीं भारत ने आठवीं बार फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। टूर्नामेंट को माइक्रोमैक्स द्वारा प्रायोजित किया गया था। इस बार भारत ने श्रीलंका को 81 रनों से हराया। दिनेश कार्तिक ने फाइनल में 66 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता था। यह भारत का पांचवां खिताब था।
11. 2012 - पाकिस्तान

एशिया कप 2012 बांग्लादेश में खेला गया था, इस बार टूर्नामेंट में चार टीमें खेली थी। इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार था जब, न तो भारत और न ही श्रीलंका फाइनल में पहुंचे थे। उस बार पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच फाइनल खेला गया था। यह कांटे का मुकाबला था और पाकिस्तान ने दो रन से जीतकर अपना दूसरा एशिया कप खिताब हासिल किया था। वहीं बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता था।
12. 2014 - श्रीलंका

2014 एशिया कप लगातार दूसरी बार बांग्लादेश में खेला गया। यह पहली बार था कि अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट में खेला था, इस बार टूर्नामेंट में कुल पांच टीमें खेली थी। पाकिस्तान और श्रीलंका ने टूर्नामेंट के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। श्रीलंका ने फाइनल पांच विकेट से जीता था, जिसमें लसिथ मलिंगा ने 56 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। लाहिरू थिरिमाने ने सर्वाधिक (279) रन बनाए और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था।
13. 2018 - भारत

2016 में टी20 संस्करण के बाद, 2018 एशिया कप वनडे प्रारूप में खेला गया था। यह संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया गया था, जिसमें कुल छह टीमें थीं। भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने सुपर फोर में जगह बनाई थी। जहां फाइनल भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया था। रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने फाइनल तीन विकेट से जीता था। शिखर धवन ने सर्वाधिक (342) रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता था।
14. 2023 - भारत

टीम इंडिया ने 2023 संस्करण के फाइनल में श्रीलंका को हराकर अपना 8वां वनडे एशिया कप खिताब (1 टी20 एशिया कप ट्रॉफी सहित कुल मिलाकर 9वां) जीता। इस पूरे टूर्नामेंट में भारत केवल एक मैच हारा, जो बांग्लादेश के खिलाफ छह रन से करीबी मुकाबला था। लेकिन इसके अलावा, उन्होंने फाइनल सहित अपने सभी मैच 10 विकेट के बड़े अंतर से जीते। भारत ने फाइनल में मोहम्मद सिराज के 6/21 स्पैल की मदद से श्रीलंका को 50 रन पर आउट कर दिया और केवल 6.1 ओवर में 51/0 रन बनाकर अपना 8वां वनडे एशिया कप का खिताब जीत लिया।
- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, ईशान किशन और रिंकू सिंह को मिला इनाम
- क्या WWE से होने वाली है Triple H की छुट्टी? John Cena के रिटायरमेंट मैच के बाद कंपनी में चल रही है गर्मा गर्मी
- टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी