Asian Games: दीपेंद्र सिंह ऐरी ने तोड़ा Yuvraj Singh का 16 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड, 9 गेंदों में ठोका तूफानी अर्धशतक

नेपाल के क्रिकेटर दीपेंद्र सिंह ऐरी ने सबसे तेज टी20 अर्धशतक का युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
एशियन गेम्स (Asian Games 2023) में पुरुष क्रिकेट के पहले ही मैच में एक बड़ा कारनामा हमें देखने को मिला है। बता दें नेपाल के ऑलराउंडर बल्लेबाज दीपेंद्र सिंह ऐरी (Dipendra Singh-Airee) ने बुधवार, 27 सितंबर को भारतीय स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। दीपेंद्र ने मंगोलिया के खिलाफ पहले ही मैच में केवल 9 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया।
चीन के हांगझोऊ में खेले गए एशियन गेम्स 2023 के पहले पुरुष क्रिकेट मैच में दीपेंद्र सिंह ऐरी ने मंगोलिया के खिलाफ 9 गेंदों में 8 छक्के की मदद से नाबाद 52 रन बनाए। इस ताबड़तोड़ पारी के साथ ही अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अब दीपेंद्र सिंह ऐरी के नाम दर्ज हो गया है।
Asian Games में 16 साल बाद टूटा Yuvraj Singh का वर्ल्ड रिकॉर्ड
इससे पहले टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम दर्ज था। जैसा की आप जानते ही होंगे उन्होंने 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में केवल 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। उस मैच में युवराज ने इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को 6 गेंदों में 6 छक्के जड़कर ये उपलब्धि हासिल की थी।
हालांकि, युवराज के बाद वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल और अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई ने भी 12 गेंदों में अर्धशतक लगाए थे। लेकिन वो दोनों केवल युवराज के रिकॉर्ड की बराबरी करने में सफल हुए थे। मगर अब दीपेंद्र सिंह ऐरी ने इस विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक
दीपेंद्र सिंह ऐरी - 9* गेंद.
युवराज सिंह - 12 गेंद.
क्रिस गेल - 12 गेंद.
हजरतुल्लाह जजई - 12 गेंद.
नेपाल के नाम दर्ज हुई रिकॉर्ड जीत
एशियन गेम्स के पहले ही मैच में नेपाल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का विश्व रिकॉर्ड भी बना लिया है। नेपाल ने इस मैच में मंगोलिया को 273 रनों के विशाल अंतर से मात दी। बता दें नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 315 रन बनाए थे। जवाब में मंगोलिया की टीम केवल 41 रन पर ही ढेर हो गई।
आपकी जानकारी के लिए बता दें इससे पहले यह रिकॉर्ड चेक गणराज्य के नाम दर्ज था, जिसने तुर्की को 257 रन के अंतर से मात दी थी। उस मैच में चेक गणराज्य ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 278 रन बनाए थे। जिसके जवाब में तुर्की की टीम महज 21 रन पर ऑलआउट हो गई थी।