"मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं Asia Cup 2023 खेलूंगा", Shreyas Iyer ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले साझा किए अपने विचार

श्रेयस अय्यर ने आखिरी वनडे मैच जनवरी 2023 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।
भारत के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) मौजूदा एशिया कप (Asia Cup) 2023 टूर्नामेंट में खेलने के अवसर से बहुत खुश है, विशेषकर आज यानी 2 सितंबर, 2023 को श्रीलंका के कैंडी में पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का मौका मिलने से वो बहुत ज्यादा उत्साहित हैं।
मार्च 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान चोट लगने के कारण श्रेयस अय्यर टीम से बाहर हो गए थे। उनकी पीठ के निचले हिस्से की समस्या दोबारा उत्पन्न हो गई थी, जिसके लिए उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी थी। इस वजह से उन्हें IPL 2023 समेत WTC फाइनल खेलने का मौका भी गंवाना पड़ा था और एनसीए में लंबे समय तक पुनर्वास और रिकवरी करनी पड़ी थी।
हालांकि, उन्होंने कड़ी मेहनत की और फिट हो गए और आखिरकार एनसीए में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से हरी झंडी मिल गई और उन्हें एशिया कप 2023 टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में नामित किया गया। वो लगभग छह महीनों के अंतराल के बाद टीम में वापस लौटे हैं। जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी वनडे खेलने के बाद, अय्यर को एशिया कप में पाकिस्तान के साथ महत्वपूर्ण मैच के लिए भारतीय एकादश में शामिल किया गया। बता दें इस बड़े मैच से कुछ समय पहले उन्होंने अपने विचार साझा किए हैं।
“मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एशिया कप में खेलूंगा, रिकवरी धीमी और स्थिर थी। चयन से एक सप्ताह पहले मैंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया और मैं इससे वास्तव में खुश था। मैं कल रात घबरा गया था, सो नहीं सका था। मैं पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच खेलने के लिए बेहद उत्साहित हूं।' स्टारस्पोर्टस से खास बातचीत के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो यह एक अभूतपूर्व एहसास है क्योंकि वे इस समय नंबर 1 टीम हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ खेलकर खुश हूं- Shreyas Iyer
यह 14वीं बार है जब भारत और पाकिस्तान एशिया कप में एक-दूसरे के खिलाफ खेल रहे हैं और श्रेयस अय्यर ने कहा कि दुनिया की नंबर 1 वनडे टीम के खिलाफ खेलना उनके लिए खुशी की बात है। विशेष रूप से, पाकिस्तान ने मुल्तान में एशिया कप टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में नेपाल को हराया।
अय्यर ने कहा “मुझे इस टीम का हिस्सा बनने और कोच के रूप में राहुल सर (द्रविड़) के साथ और रोहित शर्मा की कप्तानी में यात्रा करने का सौभाग्य मिला है। ड्रेसिंग रूम में इस समय उत्साह काफी ज्यादा है और हम इस मैच का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अफरीदी, रऊफ, नसीम गेंदबाजों के खिलाफ खेलने से पहले मैं बहुत उत्साहित हूं, योजना सिर्फ गेंद को देखने और स्थिति के अनुसार खेलने की है।”
कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सुबह मध्य श्रीलंका के आसपास बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम साफ हो गया है और खेल समय पर शुरू हुआ है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस में यह भी खुलासा किया कि उनकी टीम भी पहले बल्लेबाजी करना चाह रही थी। पाकिस्तान अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव किए बिना मैच में उतरा है। पहली पारी में शाहीन अफरीदी और रोहित शर्मा के बीच होने वाली भिड़ंत का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें चार साल में यह पहली बार है कि ये दोनों टीमें एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में एक-दूसरे से भिड़ रही हैं।