Khel Now logo
HomeSportsBangladesh Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

ODI World Cup के प्रत्येक संस्करण में भारत की कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों की सूची

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :September 30, 2023 at 5:30 PM
Modified at :September 30, 2023 at 5:30 PM
ODI World Cup के प्रत्येक संस्करण में भारत की कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों की सूची

कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में अब तक टीम इंडिया 2 बार विश्व विजेता बना है।

वनडे विश्व कप के 13वें संस्करण (World Cup 2023) की शुरुआत 05 अक्टूबर से भारत में होने वाला है। ऐसा पहली बार हो रहा है जब भारत अकेले विश्व कप की मेजबानी करने जा रहा है। इस संस्करण में रोहित शर्मा भारतीय टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। वह पहली बार वनडे विश्व कप में भारत की कप्तानी कर रहे हैं और उनके पास कपिल देव और एमएस धोनी की तरह बतौर कप्तान पहली बार में ही अपनी टीम को चैंपियन बनाने का पूरा मौका है।

बता दें कि, रोहित शर्मा से पहले 7 खिलाड़ी अलग-अलग संस्करणों में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। इसमें मोहम्मद अजहरुद्दीन ने सबसे अधिक 3 संस्करणों में भारत की कप्तानी की है। उनके अलावा, अन्य किसी को भी 2 संस्करण से अधिक कप्तान रहने का मौका नहीं मिला है। यहां हम वनडे विश्व कप के अलग-अलग संस्करणों में भारत की कप्तानी करने वाले कप्तानों की सूची बताने जा रहे हैं

ये खिलाड़ी वनडे विश्व कप के अलग-अलग संस्करणों में कर चुके हैं भारत की कप्तानी:

1. Srinivas Venkataraghavan - 1975 और 1979 World Cup:

शुरुआती 2 संस्करणों यानी 1975 और 1979 के विश्व कप में भारत की कमान श्रीनिवास वेंकटराघवन के हाथों में थी। उस समय भारतीय टीम उतनी अधिक मजबूत नहीं थी। इसीलिए दोनों ही संस्करणों में भारतीय तटीम ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था। दोनों ही संस्करणों में क्लाइव लॉयड की कप्तानी में वेस्टइंडीज ने खिताब जीता था।

2. Kapil Dev - 1983 और 1987 World Cup:

कपिल देव ने 1983 में पहली बार विश्व कप में कप्तानी करते हुए भारत को चैंपियन बनाया था। उस समय किसी को भी यह उम्मीद नहीं थी कि अंडरडॉग भारतीय टीम 23 वर्षीय कप्तान के नेतृत्व में ऐसा करिश्मा कर सकती है। हालांकि, कपिल ने 1987 के विश्व कप में भी भारत की कप्तानी की थी, लेकिन उस संस्करण में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी थी।

3. Mohammed Azharuddin - 1992, 1996 और 1999 World Cup:

मोहम्मद अजहरुद्दीन भारतीय क्रिकेट इतिहास के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने विश्व कप के 3 संस्करणों में कप्तानी की है। उन्होंने 1992, 1996 और 1999 के विश्व कप में भारत का नेतृत्व किया था। 1992 और 1999 के विश्व कप में भारतीय टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी थी, जबकि 1996 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेला था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

4. Sourav Ganguly - 2003 World Cup:

क्रिकेट प्रेमी यह मानते हैं कि सौरव गांगुली के द्वारा बनाई गई टीम और उनके द्वारा निखारे गए खिलाड़ियों के बलबूते ही भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2011 का विश्व कप जीता था और यह बात सच भी है। गांगुली ने 2003 के विश्व कप में भारत की कप्तानी की थी, जिसमें उनकी टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था। इसके बाद उन्हें आगे के विश्व कप में कप्तानी करने का मौका नहीं मिला।

5. Rahul Dravid - 2007 World Cup:

ग्रेग चैपल के बीच हुए विवाद के बाद सौरव गांगुली लंबे समय तक टीम से बाहर थे, इसी के चलते राहुल द्रविड़ को भारतीय टीम की कमान संभालने का मौका मिला। उन्हें विश्व कप 2007 में भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया हालांकि, गांगुली भी उस टीम का हिस्सा थे। लेकिन, उस टूर्नामेंट में उन्हें ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश से हार झेलना पड़ा था, जिसके चलते वह बाहर हो गए थे। इस मैच को विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े अपसेट में से एक माना जाता है।

6. MS Dhoni - 2011 और 2015 World Cup:

आईसीसी ट्रॉफी जीतने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 3 आईसीसी ट्रॉफियां जीती हैं, जिसमें 2011 का विश्व कप खिताब भी शामिल है। उस संस्करण में एमएस धोनी ने पहली बार विश्व कप में कप्तानी की थी और पहली बार में ही उन्होंने भारत को चैंपियन बनाकर करोड़ों भारतीयों के दिल में अपनी जगह बना ली थी। बता दें कि, भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से विश्व कप 2011 की मेजबानी की थी।

7. Virat Kohli - 2019 World Cup:

भारत के सफल कप्तानों में से एक विराट कोहली मात्र एक ही बार विश्व कप में भारत का नेतृत्व कर सके हैं। उन्होंने 2019 के वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। उस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन करके सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। उन्हें ग्रुप स्टेज में मात्र इंग्लैंड के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। हालांकि, सेमीफाइनल में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था और भारत का विश्व कप जीतने का सपना भी चकनाचूर हो गया था।

8. Rohit Sharma - 2023 World Cup*:

रोहित शर्मा को पहली बार 2022 में भारतीय टीम का नियमित कप्तान बनाया गया था। वह पहली बार विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी करने जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी कप्तानी में वनडे फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप टूर्नामेंट में भारत को चैंपियन बनाया है। इससे पहले 2018 में भी वनडे फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को चैंपियन बनाया था।

यह वर्ल्ड कप भारत में खेला जाने वाला है और ऐसे में रोहित शर्मा के पास कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी की तरह पहली बार कप्तानी करते हुए भारत को 2023 के विश्व कप चैंपियन बनाने का सुनहरा अवसर है। भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को यह उम्मीद है कि रोहित के नेतृत्व में भारतीय टीम 12 सालों बाद एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बन सकती है।

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement