Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

PAK vs BAN: सुपर-4 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को रौंदा, रिजवान, इमाम और रऊफ ने मचाया धमाल

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :September 7, 2023 at 3:43 AM
Modified at :September 7, 2023 at 3:46 AM
PAK vs BAN: सुपर-4 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को रौंदा, रिजवान, इमाम और रऊफ ने मचाया धमाल

रिजवान और इमाम ने खेली अर्धशतकीय पारियां।

एशिया कप (Asia Cup) 2023 के सुपर 4 स्टेज का पहला मुकाबला मेजबान पाकिस्तान और बांग्लादेश (PAK vs BAN) के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में मेजबान टीम ने 7 विकेट से जीत हासिल की। तेज गेंदबाज हारिस रउफ (Haris Rauf) को उनकी शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 6 ओवरों में मात्र 19 रन खर्च करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

इस मुकाबले के बारे में अधिक बात करें तो बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 38.4 ओवरों में 193 के स्कोर पर 10 विकेट गँवा दिए और पाकिस्तान के सामने 194 रनों का लक्ष्य रखा। मेजबान टीम ने 39.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। पाकिस्तान की ओर से इमाम-उल-हक (78) ने सबसे अधिक रन बनाए।

PAK vs BAN: बांग्लादेश की शुरुआत रही बेहद खराब:

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने शुरुआती 10 ओवरों में ही मेहदी हसन मिराज (0), लिटन दास (16), मोहम्मद नईम (20) और तौहीद हृदोय (2) के रूप में 4 बड़े विकेट गँवा दिए। इसके बाद, शाकिब अल हसन (53) और मुशफिकुर रहीम (64)ने शानदार अर्धशकीय पारियां खेली। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 100 रनों की अच्छी साझेदारी भी हुई।

147 के स्कोर पर कप्तान शाकिब (53) के आउट हो जाने के बाद 174 के स्कोर पर शमीम हुसैन (16) के रूप में बांग्लादेश को छठा झटका लगा। इसके बाद 190 के स्कोर पर मुशफिकुर रहीम (64) भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद, बांग्लादेश की टीम ने तस्कीन अहमद (0) के रूप में 8वां, अफीफ हुसैन (12) के रूप में 9वां और शोरीफुल इस्लाम (1) के रूप में 10वां विकेट गँवा दिया। इस तरह से बांग्लादेश की टीम 193 के स्कोर पर आलआउट हो गई।

पाकिस्तान की ओर से हारिस रउफ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवरों में मात्र 19 रन खर्च करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके अलावा, नसीम शाह को 3 और शाहीन अफरीदी, इफ्तिखार अहमद एवं फहीम अशरफ को 1-1 सफलता हाथ लगी।

194 रनों के आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद धीमी रही। उन्होंने शुरुआती 10 ओवरों में फखर जमान (20) के रूप में एक विकेट खोकर सिर्फ 37 रन बनाए। इसके बाद, कप्तान बाबर आज़म (17) भी 16वें ओवर में पवेलियन लौट गए। इसके बाद, सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक (78) ने शानदार पारी खेलकर आउट हुए। मोहम्मद रिजवान (63) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और आगा सलमान ने 12 रन बनाए। दोनों ही बल्लेबाज अंत तक नाबाद रहे।

बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद, शोरीफुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज को एक-एक सफलता मिली। मेजबान पाकिस्तान ने इस मुकाबले को 39.3 ओवरों में जीत लिया। इस तरह से उन्होंने सुपर 4 के पॉइंट्स टेबल में दो अंक अर्जित कर लिए। अब पाकिस्तान को अपना अगला मुकाबला भारत के साथ कोलंबो में खेलना है।

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.