Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 10: तमिल थलाइवाज ने रिटेन किए सबसे ज्यादा खिलाड़ी, पवन सेहरावत का नाम शामिल नहीं

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :September 1, 2023 at 7:55 PM
Modified at :September 1, 2023 at 7:55 PM
PKL 10: तमिल थलाइवाज ने रिटेन किए सबसे ज्यादा खिलाड़ी, पवन सेहरावत का नाम शामिल नहीं

पिछले सीजन की सेमीफाइनलिस्ट ने 10 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

तमिल थलाइवाज प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) इतिहास की उन टीमों में से है जिसने अभी तक एक बार भी टाइटल नहीं जीता है। टीम सबसे ज्यादा करीब पिछली बार पहुंची थी जब उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। तमिल थलाइवाज की चर्चा 9वें सीजन के ऑक्शन से ही शुरू हो गई थी क्योंकि उन्होंने पवन सेहरावत को दो करोड़ 26 लाख की रकम में खरीदकर सबको चौंका दिया था। हालांकि शुरूआती मैच में ही पवन सेहरावत चोटिल होकर बाहर हो गए थे लेकिन इसके बावजूद टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था।

तमिल थलाइवाज ने पीकेएल के आगामी सीजन (PKL 10) के लिए सबसे ज्यादा 10 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। उन्होंने एलीट रिटेन्ड कैटेगरी में एक, रिटेन्ड यंग प्लेयर्स कैटेगरी में छह और न्यु यंग प्लेयर्स कैटेगरी से तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया है। हालांकि पवन सेहरावत को फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया है। आइए जानते हैं तमिल थलाइवाज ने किन-किन प्लेयर्स को रिटेन किया है।

तमिल थलाइवाज के रिटेन किए गए प्लेयर्स की लिस्ट

एलीट रिटेन्ड कैटेगरी

अजिंक्य पंवार - इस कैटेगरी से मात्र एक ही खिलाड़ी को रिटेन किया गया है और वो अजिंक्य पंवार हैं। पिछले सीजन अजिंक्य पंवार का प्रदर्शन अच्छा रहा था और उन्होंने 22 मैचों में 141 प्वॉइंट हासिल किए थे। फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल किया है और उनसे इस सीजन काफी ज्यादा उम्मीदें रहेंगी।

रिटेन्ड यंग प्लेयर्स

सागर - राइट कॉर्नर स्पेशलिस्ट सागर ने बीते सीजन कई मैचों में तमिल थलाइवाज को अपने दम पर जीत दिलाई थी। खासकर ऐसे मौके पर जब थलाइवाज की टीम ऑलआउट होने के करीब रहती थी तो फिर वहां पर सागर काफी अहम भूमिका निभाते थे। सागर ने बीते पीकेएल सीजन 17 मैच खेले और 53 टैकल प्वॉइंट हासिल किए और इस दौरान पांच हाई-फाइव लगाया था। सबसे ज्यादा हाई-फाइव के मामले में वो चौथे पायदान पर रहे थे। वहीं सबसे ज्यादा सुपर टैकल के मामले में भी सागर तीसरे नंबर पर रहे। अब उनको दोबारा रिटेन किया गया है।

हिमांशु - लेफ्ट कॉर्नर पर हिमांशु को तमिल थलाइवाज ने रिटेन किया है। इस तरह से सागर और हिमांशु की जोड़ी इस सीजन भी थलाइवाज फैंस को देखने को मिलेगी। हिमांशु ने पीकेएल के 9वें सीजन के दौरान कुल मिलाकर 23 मुकाबले खेले और इस दौरान 60 प्वॉइंट हासिल किया था। उन्होंने साहिल गूलिया और सागर को डिफेंस में अच्छी तरह से सपोर्ट किया था।

एम अभिषेक - डिफेंस में एक और खिलाड़ी एम अभिषेक को भी रिटेन किया गया है। तमिल थलाइवाज की टीम नहीं चाहती होगी कि पिछले सीजन जो बेहतरीन कॉम्बिनेशन बना था वो इस सीजन टूट जाए। क्योंकि एक सीजन खेलने के बाद प्लेयर्स के बीच का तालमेल काफी अच्छा हो गया था और इसी वजह से राइट कवर में एम अभिषेक को बरकरार रखा गया है।

साहिल - डिफेंस में एक और बड़ा नाम साहिल गूलिया भी टीम के साथ बने रहेंगे। लेफ्ट कॉर्नर में साहिल गूलिया ने बीते पीकेएल सीजन काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने 23 मैचों में 57 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे। मुकाबले ऐसे रहे जिसमें उनकी भूमिका सबसे ज्यादा रही और उन्होंने अपने परफॉर्मेंस से सबको काफी प्रभावित किया था।

मोहित - तमिल थलाइवाज के लिए पीकेएल के 9वें सीजन में लेफ्ट कवर पर मोहित उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पाए थे जैसा उनसे उम्मीद की जा रही थी। मोहित ने बीते सीजन कुल मिलाकर 22 मुकाबले खेले जिसमें वो केवल 34 प्वॉइंट ही हासिल कर पाए थे लेकिन इसके बावजूद उन्हें रिटेन किया गया है, क्योंकि थलाइवाज अपने कॉम्बिनेशन से कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहते हैं।

आशीष - लेफ्ट कवर की पोजिशन पर एक और डिफेंडर आशीष को भी रिटेन किया गया है। हालांकि पिछली बार उन्हें ज्यादा चांस नहीं मिले थे और वो केवल छह ही मैच खेल पाए थे लेकिन बैकअप के तौर पर उन्हें टीम में बरकरार रखा गया है।

न्यु यंग प्लेयर्स

नरेंद्र कंडोला - युवा रेडर नरेंद्र कंडोला ने पिछले सीजन तमिल थलाइवाज को पवन सेहरावत की कमी बिल्कुल नहीं खलने दी थी। उन्होंने 23 मैचों में 243 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे और सीजन के चौथे सबसे बेस्ट रेडर साबित हुए। नरेंद्र ने डू और डाई सिचुएशन में 40 प्वॉइंट लिए और ये दिखाता है कि वो दबाव में भी बेहतर खेलना जानते हैं। वो सीजन की एक बेहतरीन खोज साबित हुए और इसी वजह से तमिल थलाइवाज ने उन्हें रिलीज नहीं किया है।

हिमांशु नरवाल - बैकअप रेडर के तौर पर थलाइवाज ने हिमांशु को न्यु यंग प्लेयर्स कैटेगरी में रिटेन किया है। पिछले सीजन उन्होंने तीन मैचों में छह प्वॉइंट हासिल किए थे और शायद इस बार ज्यादा खेलने का मौका मिले।

जतिन - एक और युवा रेडर जतिन को भी थलाइवाज ने टीम के साथ बनाकर रखा है। पिछली बार वो एक भी मैच नहीं खेले थे। हालांकि बैकअप के तौर पर उन्हें रिटेन कर लिया गया है।

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.