एशिया कप में Ravindra Jadeja ने रचा इतिहास, तोड़ा भारतीय दिग्गज का महारिकॉर्ड

Ravindra Jadeja अपने वनडे करियर में एक और बड़ी उपलब्धि के करीब हैं।
एशिया कप (Asia Cup 2023) सुपर 4 राउंड में भारत बनाम श्रीलंका (IND vs SL) के मैच में भारतीय स्पिनर्स ने खेल पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। भारतीय बाएं हाथ के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) अब एशिया कप 2023 में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
अब तक इस टूर्नामेंट में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान उनसे आगे थे, और जडेजा ने इस मैच में सिर्फ एक विकेट लेते ही उन्हें इस मामले में पीछे छोड़ दिया। टीम इंडिया को अपने स्पिनरों के अच्छे प्रदर्शन की जरूरत थी क्योंकि उन्होंने बोर्ड पर केवल 213 रन ही बनाए थे। विकेट टर्न ले रहा था और श्रीलंकाई स्पिनर ने भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप को काफी परेशान किया।
इरफान पठान से आगे निकले Ravindra Jadeja
रवींद्र जडेजा ने श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका को वापस पवेलियन भेजकर इस टूर्नामेंट में अपनी विकटों की कुल संख्या 23 कर ली और इरफान पठान से आगे निकल गए। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने एशिया कप के 12 मैचों में 22 विकेट हासिल किए हैं। पठान ने 2004, 2008 और 2012 में इस टूर्नामेंट में खेला था। रवींद्र जडेजा ने अपने एशिया कप करियर में अब तक 18 मैच खेले हैं। वह एशिया कप 2023 में भाग लेने वाले मौजूदा खिलाड़ियों के बीच टूर्नामेंट में अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। शाकिब अल हसन 17 मैचों में 21 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
श्रीलंकाई ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मुरली ने 24 मैचों में 30 विकेट लिए हैं। वहीं लसिथ मलिंगा 14 मैचों में 29 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अजंता मेंडिस सिर्फ 8 मैचों में 26 विकेट के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। रवींद्र जडेजा अपनी संख्या को और अधिक बढ़ाना चाहेंगे, उन्होंने खेल में अब तक दो विकेट हासिल कर लिए हैं और 15 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ और यदि भारत फाइनल के लिए क्वालीफाई करता है तो वहां उनके पास अपने विकटों की संख्या को बढ़ाने का अच्छा मौका होगा।
2010 में श्रीलंका में डेब्यू के बाद से रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) अपना 5वां 50 ओवर का एशिया कप खेल रहे हैं। वह अपने करियर में एक और उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं। इस खेल में उतरने से पहले अपने 200 वनडे विकेट पूरे करने के लिए जडेजा को 3 और विकेट की जरूरत थी, उन्हें श्रीलंका के खिलाफ 2 विकेट मिले हैं और अब उन्हें भारत के लिए 200 वनडे अंतरराष्ट्रीय विकेटों वाली विशिष्ट सूची में शामिल होने के लिए मात्र एक और विकेट की जरूरत है।