IND vs SL: भारतीय दिग्गजों के कल्ब में शामिल हुए Rohit Sharma, वनडे में 10 हजार रन पूरा करने वाले बने छठे भारतीय

Rohit Sharma ने श्रीलंका के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
एशिया कप (Asia Cup 2023) के सुपर 4 स्टेज का एक मुकाबला मंगलवार को भारत और श्रीलंका के बीच (IND vs SL) कोलंबो के आर० प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज और वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने वनडे क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करके कई सारे रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।
मैच के बारे में अधिक बात करें तो, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। खबर लिखे जाने तक भारत ने 13 ओवरों में शुभमन गिल (19) के रूप में एक विकेट खोकर 90 रन बना लिए हैं। इस दौरान कप्तान एवं सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 46 गेंदों पर 52 रन और विराट कोहली 7 गेंदों पर 3 रन बनाकर नाबाद थे।
वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने रोहित शर्मा:
रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में भी काफी शानदार बल्लेबाजी की शुरुआत की है। उन्होंने पारी के 7वें ओवर की 5वीं गेंद पर कसुन रजिथा के खिलाफ छक्का लगाकर वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे किए। इस मैच से पहले उन्हें यह आँकड़ा छूने के लिए 22 रनों की आवश्यकता थी। अब वह वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं।
वनडे क्रिकेट में 10,000 से अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची देखें तो उसमें सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर है। सचिन के नाम वनडे क्रिकेट में 18,426 रन दर्ज हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर विराट कोहली (13,024 रन), तीसरे स्थान पर सौरव गांगुली (11,363 रन), चौथे स्थान पर राहुल द्रविड़ (10,889 रन) और 5वें स्थान पर एमएस धोनी (10,773 रन) का नाम आता है।
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 10,000 रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बने हैं रोहित शर्मा:
रोहित शर्मा अब विश्व स्तर पर वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 10,000 रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने 241 पारियों में यह कारनामा किया है। इस मामले में पहले स्थान पर विराट कोहली का नाम आता है, जिन्होंने मात्र 205 पारियों में यह कारनामा किया है। उनके अलावा, तीसरे स्थान पर सचिन तेंदुलकर (259 पारियों में), चौथे स्थान पर सौरव गांगुली (263 पारियों में) और 5वें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (266 पारियों में) का नाम आता है।
वनडे में 10 हजार रन के बाद औसत के मामले में रोहित शर्मा का नाम भारतीय बल्लेबाजों में तीसरे पर:
वनडे क्रिकेट में 10000 से अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो औसत के मामले में रोहित शर्मा का नाम तीसरे स्थान पर आता है। वर्तमान समय में उनकी औसत 49.17 है। इस मामले में पहले स्थान पर विराट कोहली (57.62) और दूसरे स्थान पर एमएस धोनी (50.57) हैं।
नोट: इस आर्टिकल में दिए गए सभी आxकड़े एशिया कप 2023 के सुपर 4 स्टेज में भारत बनाम श्रीलंका मुकाबले की पारी के 13वें ओवर तक के हैं।