वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार 400+ का स्कोर बनाने वाली टॉप टीमें

वनडे क्रिकेट में अब तक केवल 7 टीमें ही 400+ का स्कोर बनाने में सफल रही हैं।
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 400+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम दर्ज है। हालांकि, साल 2023 में जब दक्षिण अफ्रीका के नाम 6 बार 400+ का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड था, तब भारतीय टीम ने उनके रिकॉर्ड की बराबरी की थी। लेकिन उसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने 2 अन्य मैचों में 400+ का स्कोर खड़ा किया और एक बार फिर से भारत को काफी पीछे छोड़ दिया। लेकिन विश्व कप 2023 में भारतीय टीम एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका के इस रिकॉर्ड के करीब पहुंच गई है।
दरअसल, नीदरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में दमदार तरीके से बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 410 रन बनाए। अब भारत के नाम रिकॉर्ड 7वीं बार ये आंकड़ा दर्ज हो गया है, वहीं प्रोटियाज उनसे ज्यादा आगे नहीं है उन्होंने 8 बार ये कारनामा किया है।
बता दें कि, विश्व कप 2023 में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बाद अब 400+ का आंकड़ा भारतीय टीम ने भी अपने नाम कर लिया है। प्रोटियाज ने यह कारनामा श्रीलंका के खिलाफ दिल्ली में और कीवी टीम ने यह कारनामा पाकिस्तान के खिलाफ बेंगलुरु में किया था। वहीं भारत ने चिन्नास्वामी के मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ ये कारनामा करके दिखाया। इसी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक बार 400+ स्कोर के आंकड़ों में इजाफा भी किया। यहाँ हम आपको वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक बार 400+ का स्कोर बनाने वाली टीमों के बारे में बताने जा रहे हैं।
वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक बार 400+ टोटल बनाने वाली टीमें:
7. Zimbabwe – 1 बार:

ज़िम्बाब्वे ने वनडे क्रिकेट इतिहास में सिर्फ एक बार 400 से अधिक रनों का टोटल बनाया है। उन्होंने यह कारनामा इसी साल आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर में यूएई के खिलाफ किया था। ज़िम्बाब्वे ने उस मुकाबले में 6 विकेट खोकर 408 रन बनाए थे, जिसमें शॉन विलियम्स ने 101 गेंदों पर 174 रनों की बड़ी पारी खेली थी।
6. Sri Lanka – 2 बार:

श्रीलंकाई टीम भी वनडे क्रिकेट में 2 बार 400+ रनों का आँकड़ा पार कर चुकी है। उन्होंने पहली बार यह कारनामा 2006 में नीदरलैंड्स के खिलाफ एम्स्टलवीन में किया था, जिसमें उन्होंने 443/6 का स्कोर बनाया था। इसके अलावा दूसरी बार उन्होंने यह कारनामा 2010 में भारत के खिलाफ राजकोट में किया था। उस मुकाबले में उन्होंने 411/8 का स्कोर बनाया था।
5. Australia – 2 बार:

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वनडे क्रिकेट इतिहास में अब तक 2 बार 400+ रनों का आँकड़ा पर किया है। उन्होंने पहली बार 2006 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जोहान्सबर्ग में 434/4 और दूसरी बार 2015 में अफगानिस्तान के खिलाफ पर्थ में 417/6 का स्कोर बनाया था। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ जीत मिली थी।
4. New Zealand – 2 बार:

न्यूजीलैंड की टीम ने वनडे क्रिकेट में अब तक 2 बार 400 से अधिक रनों का टोटल बनाया है। पहली बार उन्होंने यह कारनामा जुलाई 2008 में स्कॉटलैंड के एबरडीन में आयरलैंड के खिलाफ किया था। उस मुकाबले में उन्होंने 2 विकेट खोकर 402 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार यह कारनामा विश्व कप 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ किया, जब उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 401 रन बनाया।
3. England – 5 बार:

इंग्लैंड की टीम ने अब तक कुल 5 बार 400+ रनों का आँकड़ा पर किया है। वनडे क्रिकेट इतिहास में टॉप 3 सबसे बड़े टोटल इंग्लैंड द्वारा ही बनाए गए हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ 498/4 (2022 में), ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 481/6 (2018 में), पाकिस्तान के खिलाफ 444/3 (2016 में), वेस्टइंडीज के खिलाफ 418/6 (2019 में) और न्यूजीलैंड के खिलाफ 408/9 (2015) के टोटल बनाए हैं।
2. India – 7 बार:

भारतीय टीम ने अब तक वनडे क्रिकेट में 7 बार 400+ रनों के आँकड़े को पार किया है। उन्होंने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में 418/5, 2009 में श्रीलंका के खिलाफ राजकोट में 414/7, 2007 में बरमूडा के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 413/5, 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ चट्टोग्राम में 409/8, 2014 में श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता में 404/5 और 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में 401/3 का टोटल बनाया था।
वहीं भारत ने वनडे विश्व कप 2023 में नीदरलैंड के खिलाफ 7वीं बार इस खास आंकड़े को पार किया। बता दें इस मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए अपने निर्धारित 50 ओवर में 410/4 रन बनाए।
1. South Africa – 8 बार:

दक्षिण अफ्रीका के नाम वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक बार 400+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। 15 सितंबर 2023 को सेंचुरियन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले से पहले वह 6 बार 400+ स्कोर बनाकर भारत के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने सेंचुरियन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और विश्व कप 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 400+ स्कोर बनाकर भारत को पीछे छोड़ दिया।
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहान्सबर्ग में 439/2, 2006 में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 438/9, 2015 में भारत के खिलाफ मुम्बई (वानखेड़े स्टेडियम) में 438/4, विश्व कप 2023 में श्रीलंका के खिलाफ दिल्ली में 428/5, 2015 में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ पोचेफस्ट्रूम में 418/5, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेंचुरियन में 416/5, 2015 में आयरलैंड के खिलाफ कैनबरा में 411/4 और 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिडनी में 408/5 का स्कोर बनाया था।
(ये सभी आंकड़े 04 अक्टूबर, 2023 तक अपडेट हैं।)
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.