महान भारतीय रेसलर करेंगे Superstar Spectacle में शिरक्त, WWE ने इवेंट से पहले फैंस को दी बड़ी सौगात

भारतीय फैंस इस बड़े इवेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं
अगस्त की शुरुआत में, WWE ने 8 सितंबर (शुक्रवार) को भारत में सुपरस्टार स्पेक्टेकल (Superstar Spectacle) शो की घोषणा की और बिक्री शुरू होने के तुरंत बाद शो के टिकट हाउसफुल हो गए। WWE प्रशंसकों ने इस इवेंट में शामिल होने वाले सुपरस्टार्स की सूची जारी होने से पहले ही, काफी उत्साह दिखाते हुए शो से जुड़ी तमाम तैयारी करना शुरू कर दिया।
WWE ने बाद में कुछ रेसलर्स की सूची की घोषणा की जिसमें विश्व हैवीवेट चैंपियन सैथ रॉलिन्स, महिला विश्व चैंपियन रिया रिप्ले, इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन गुंथर, सैमी जेन, केविन ओवेन्स और जिंदर महल, वीर महान, सांगा और शैंकी जैसे भारतीय सुपरस्टार शामिल थे। वहीं अभी हाल ही में कंपनी ने 16 बार के चैंपियन जॉन सीना को इस इवेंट में शामिल करके WWE यूनिवर्स को चौंका दिया। WWE के इस फैसले से इस इवेंट की लोकप्रियता और ज्यादा बढ़ गई। भारतीय रेसलिंग फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी अब सामने आई है, बता दें अब यह पुष्टि हो गई है कि WWE हॉल ऑफ फेमर भारत में सुपरस्टार स्पेक्टेकल के दौरान नजर आएंगे।
Superstar Spectacle में शिरक्त करेंगे The Great Khali
PWInsider Elite की एक रिपोर्ट के अनुसार WWE हॉल ऑफ फेमर द ग्रेट खली (The Great Khali) के सुपरस्टार स्पेक्टेकल में दिखाई देने की उम्मीद है। वहीं खली ने खुद भी एक वीडियो में हैदराबाद के कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है। इसके साथ ही उन्हें हैदराबाद में देखा भी गया है, जहां आज रात सुपरस्टार स्पेक्टेकल का आयोजन किया गया है।
WWE में द ग्रेट खली की सबसे हालिया उपस्थिति सऊदी अरब के जेद्दा में 2018 ग्रेटेस्ट रॉयल रंबल में थी, जहां उन्होंने 45वें प्रतियोगी के रूप में रंबल में प्रवेश किया और कुछ ही मिनटों में बाहर हो गए। उन्हें हॉल ऑफ फेम, क्लास ऑफ 2021 में शामिल किया गया, जहां उन्होंने कोविड 19 के कारण यात्रा बाधाओं के चलते अपने घर से WWE यूनिवर्स को संबोधित किया था।
2017 में, खली बैटलग्राउंड इवेंट में जिंदर महल के एंट्रेंस म्यूजिक के साथ हील के रूप में दिखाई दिए और पंजाबी प्रिजन मैच में रैंडी ऑर्टन के खिलाफ अपनी WWE चैंपियनशिप बरकरार रखने में महल की सहायता की।
उनकी उपस्थिति की पुष्टि हो गई है और जिंदर महल के इंडस शेर का इस इवेंट में मैच भी है। ऐसे में क्या हमें द ग्रेट खली का इस मैच में खलल देखने को मिलेगा? और क्या वो इंडस शेर को जीताने की कोशिश करते हुए नजर आएंगे? इन सवालों का जवाब जानने के लिए हमें केवल कुछ और घंटों का इंतजार करना पड़ेगा।