IND vs BAN: Virat Kohli के तूफान में उड़ा बांग्लादेश, World Cup 2023 में भारत ने लगाया जीता का 'चौका'

मौजूदा विश्व कप में ये भारत की चौथी लगातार जीत है।
विश्व कप 2023 (World Cup 2023) का 17वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच (IND vs BAN) पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम को 7 विकेट से जीत हासिल हुई। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए विराट कोहली (97 गेंदों पर 103* रन) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बता दें कि, भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत हासिल की है और अंक तालिका में पहले स्थान पर आ गई है।
मैच के बारे में अधिक बात करें तो बांग्लादेश ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 257 रन बनाए थे और भारत के सामने 258 रनों का लक्ष्य रखा था। बांग्लादेश की ओर से दोनों सलामी बल्लेबाजों तंजिद हसन (51) और लिटन दास (66) ने अर्धशतक लगाए। उनके अलावा महमुदुल्लाह 36 गेंद पर 46 रनों के साथ टीम के लिए तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
भारत की ओर से स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने सबसे अच्छा गेंदबाजी प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवरों में 38 रन खर्च करते हुए दो विकेट चटकाए। उनके अलावा मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह के खाते में भी 2-2 विकेट रहे, जबकि कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर ने भी 1-1 सफलता हासिल की।
IND vs BAN: भारत ने 7 विकेट से आसान जीत दर्ज की
258 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 41.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर जीत हासिल की। सबसे पहले कप्तान एवं सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (48) और शुभमन गिल (55) ने टीम को काफी अच्छी शुरुआत दी। इसके बाद विराट कोहली 103* ने और केएल राहुल 34* ने रन बनाए। कोहली ने पहली बार विश्व कप में रन चेज के दौरान शतक जड़ा। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने सबसे अधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि तेज गेंदबाज हसन महमूद ने एक विकेट मिला।
इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम लगातार 4 मुकाबलों में जीत हासिल करके विश्व कप 2023 के अंक तालिका में 8 अंकों और +1.659 के नेट रन रेट के साथ अब भी दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा, बांग्लादेश 4 मैचों में लगातार 3 हार झेलने के बाद 2 अंकों और -0.784 के नेट रन रेट के साथ छठे से 7वें स्थान पर खिसक गई है।
गौरतलब हो कि, भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ धर्मशाला में खेलना है। यह मुकाबला बेहद ही रोमांचक होगा, क्योंकि उस मुकाबले में दोनों टीमों में से किसी एक को पहली बार हार का मुंह देखना पड़ेगा। इसके अलावा, बांग्लादेश को अपना अगला मुकाबला 24 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है।