Khel Now logo
HomeSportsBangladesh Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IND vs NZ: विराट कोहली के आगे बेबस दिखे न्यूजीलैंड के गेंदबाज, भारत ने World Cup में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :October 23, 2023 at 3:55 AM
Modified at :October 23, 2023 at 3:56 AM
IND vs NZ: विराट कोहली के आगे बेबस दिखे न्यूजीलैंड के गेंदबाज, भारत ने World Cup में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

मोहम्मद शमी के बाद विराट कोहली ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया।

विश्व कप (World Cup 2023) का 21वां मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच धर्मशाला में खेला गया, जिसमें मेजबान भारत को 4 विकेट से जीत मिली। इसी के साथ अब भारतीय टीम ने लगातार 5वां मुकाबला भी जीत लिया है, जबकि न्यूजीलैंड को इस टूर्नामेंट में पहली बार हार का सामना करना पड़ा है। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शमी (5/54) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 10 विकेट खोकर 273 रन बनाए थे और भारत के सामने 274 रनों का लक्ष्य रखा। कीवी टीम की ओर से डेरिल मिशेल ने 127 गेंदों पर 130 रनों की शानदार बड़ी पारी खेली थी, जबकि रचिन रविन्द्र ने भी 87 गेंदों 75 रनों का बेहतरीन योगदान दिया था।

भारत की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इस टूर्नामेंट में पहली बार खेलने का मौका मिला था और उन्होंने इस मौके को शानदार तरीके से भुनाते हुए 10 ओवरों में 54 रन खर्च करते हुए 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा, कुलदीप यादव ने 2 और जसप्रीत बुमराह एवं मोहम्मद सिराज ने 1-1 विकेट हासिल किए।

IND vs NZ: लगातार 5वीं जीत हासिल करके अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंची भारतीय टीम

न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 274 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 48.0 ओवरों में 4 विकेट से जीत हासिल की। इस मुकाबले में भारत के कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 40 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेलकर अच्छी शुरुआत दी। उनके अलावा, विराट कोहली 104 गेंदों पर 95 रनों की बेहतरीन पारी के साथ टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। अंत में रविंद्र जडेजा ने 39* रनों की नाबाद पारी खेली और 48वें ओवर की अंतिम गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत की दहलीज तक पहुँचाया।

न्यूजीलैंड की ओर से लोकी फर्ग्युसन ने सबसे अधिक 2 विकेट चटकाए। हालांकि, उन्होंने अपने 8 ओवरों में 7.9 की इकोनॉमी से 63 रन खर्च किए। उनके अलावा, मिशेल सैंटनर, मैट हेनरी और ट्रेंट बोल्ट को 1-1 विकेट हासिल हुए। इस औसत प्रदर्शन के चलते कीवी टीम को हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि, विश्व कप 2003 के बाद न्यूजीलैंड को पहली बार भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।

विश्व कप 2023 में लगातार 5वीं जीत के साथ भारतीय टीम अब अंक तालिका में 10 अंकों और +1.353 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। इसके अलावा, न्यूजीलैंड इस टूर्नामेंट में पहली हार झेलने के बाद 8 अंकों और +1.481 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है। बता दें कि, न्यूजीलैंड को अपना अगला मुकाबला 28 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के साथ धर्मशाला में ही और भारत को अपना अगला मुकाबला 29 अक्टूबर को इंग्लैंड के साथ लखनऊ में खेलना है।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement