Asian Games 2023: भारतीय कबड्डी टीम ने चाइनीज ताइपे को एकतरफा मुकाबले में हराया, पवन सेहरावत का जबरदस्त प्रदर्शन
टीम इंडिया ने एक और बेहतरीन जीत हासिल की।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
भारतीय कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स (Asian Games 2023) में एक और मुकाबला अपने नाम कर लिया है। टीम ने चाइनीज ताइपे को 50-27 से हराया। भारतीय टीम ने इसके साथ ही लगातार तीसरी जीत हासिल की, हालांकि टीम सेमीफाइनल में पहले ही पहुंच चुकी है। भारतीय टीम के लिए इस मैच में कप्तान पवन सेहरावत, नितेश कुमार, सुरजीत सिंह और नवीन कुमार जैसे खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। विशाल भारद्वाज ने भी डिफेंस में बेहतरीन योगदान दिया। इस मैच में सुनील कुमार की जगह सुरजीत सिंह को खेलने का मौका मिला।
Asian Games में पवन सेहरावत ने रेडिंग में किया कमाल
चाइनीज ताइपे ने मैच में पहला प्वॉइंट लिया। हालांकि इसके तुरंत बाद नवीन कुमार ने भी टच प्वॉइंट लाकर भारत का भी खाता खोल दिया। सुरजीत सिंह ने डिफेंस में भारतीय टीम के लिए खाता खोला। चाइनीज ताइपे ने शुरुआत में थोड़ी टक्कर तो जरूर दी लेकिन पवन सेहरावत और नवीन कुमार जैसे रेडर लगातार प्वॉइंट्स लाते रहे। छठे मिनट में ही भारत ने चीनी ताइपे को ऑल आउट कर दिया और 10-2 से बड़ी बढ़त बना ली। पवन सेहरावत ने पहले हाफ में जबरदस्त प्रदर्शन किया लेकिन
अर्जुन देशवाल उतना ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके। डिफेंस में नितेश कुमार ने कई एडवांस टैकल किए और सफलता भी हासिल की। 11वें मिनट में भारत ने थाइलैंड को एक और ऑल आउट दे दिया। थाइलैंड ने एक सुपर रेड जरूर किया और पवन सेहरावत को भी एक बार आउट किया लेकिन इसके अलावा उनकी तरफ से पहले हाफ में उतना ज्यादा मुकाबला नहीं देखने को मिला। पहले हाफ में स्कोर 28-12 से भारत के पक्ष में रहा।
चाइनीज ताइपे ने भारत को ऑल आउट कर मचाई खलबली
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही चाइनीज ताइपे ने भारत को ऑल आउट कर सबको हैरान कर दिया और स्कोर डिफरेंस 30-16 ही रह गया। भारत की तरफ से सचिन तंवर को मैट पर उतारा गया और अर्जुन देशवाल को सब्सीट्यूट कर दिया गया। इस हाफ में चाइनीज ताइपे के रेडर्स का परफॉर्मेंस अपेक्षाकृत अच्छा रहा। मैच में जब 15 मिनट बचा तब असलम ईनामदार को भी मैट पर उतारा गया। सचिन और असलम ईनामदार को ही रेडिंग का ज्यादा मौका दिया गया। भारत के कॉर्नर विशाल भारद्वाज और नितेश कुमार के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिला। आखिर में टीम इंडिया ने आसानी से चाइनीज ताइपे को 50-27 से हरा दिया।
