Khel Now logo
HomeSportsIPL 2025Live Score

क्रिकेट न्यूज

वनडे क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :October 31, 2023 at 8:05 PM
Modified at :October 31, 2023 at 8:05 PM
Post Featured

इन खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी से जलवा बिखेरा है।

वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड वर्तमान समय में दक्षिण अफ्रीका के एबी डी विलियर्स के नाम दर्ज है। लेकिन भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा उनके इस रिकार्ड को तोड़ने से मात्र 3 छक्के दूर हैं। विश्व कप 2023 के दौरान ही रोहित पूर्व दक्षिण अफ्रीका बल्लेबाज के रिकॉर्ड को तोड़कर पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे।

साल 2023 में भारतीय कप्तान एवं सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में एक अलग अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। वह वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में क्रिस गेल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर भी आ चुके हैं और जल्द ही ऑल टाइम रिकॉर्ड को भी ध्वस्त करने वाले हैं। यहां पर हम आपको उन टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाए हैं।

एक कैलेंडर वर्ष में इन बल्लेबाजों ने वनडे क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के:

10. Eoin Morgan (ENG) - 41 छक्के (2019):

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ऑयन मॉर्गन के लिए 2019 का वर्ष हमेशा ही यादगार रहेगा, क्योंकि उस साल इंग्लैंड ने उनकी कप्तानी में पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। उसी विश्व कप में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में एक पारी में 17 छक्के जड़कर वनडे क्रिकेट में विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था, जो अब तक अटूट है। बता दें कि, मॉर्गन ने साल 2019 में 21 वनडे मुकाबलों की 18 पारियों में 791 रन बनाते हुए कुल 41 छक्के जड़े थे।

9. Heinrich Klaasen (SA) - 41 छक्के (2023)*:

दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन इस समय अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने साल 2023 में अब तक कुल 17 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसकी 16 पारियों में उन्होंने 827 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 41 छक्के भी निकले हैं। (यह आंकड़ा विश्व कप 2023 के 30वें मुकाबले तक का है।)

8. Martin Guptill (NZ) - 42 छक्के (2015):

न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल 2015 में अपने वनडे करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे थे। वह उस साल के वनडे विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे और उस विश्व कप में उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 237* रनों की एक बेहतरीन पारी भी खेली थी। गप्टिल ने साल 2015 में वनडे क्रिकेट में 32 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने कुल1489 रन बनाए थे, जिसमें 42 छक्के भी शामिल थे।

7. Shane Watson (AUS) - 42 छक्के (2011):

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बेहतरीन ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने साल 2011 में वनडे क्रिकेट में 42 छक्के जड़े थे, जिसके चलते वह इस सूची में 7वें स्थान पर आते हैं। वॉटसन ने उस साल कुल 23 वनडे मुकाबले खेले थे, जिसकी 22 पारियों में उन्होंने 108.89 की स्ट्राइक रेट से कुल 1139 रन बनाए थे।

6. Rohit Sharma (IND) - 46 छक्के (2017):

भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा साल 2017 में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे थे। उन्होंने उस साल 21 वनडे मैचों में 1293 रन बनाए थे, जिसमें 46 छक्के भी शामिल थे। उसी साल रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ अपने वनडे करियर का तीसरा दोहरा शतक भी जड़ा था। यह बतौर कप्तान किसी भी खिलाड़ी का वनडे क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ पारी भी है।

5. Muhammad Waseem (UAE) - 47 छक्के (2023):

यूएई के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज मोहम्मद वसीम का नाम भी इस सूची में शुमार है। उन्होंने साल 2023 में अब तक 24 वनडे मुकाबलों में 103.98 की स्ट्राइक रेट से कुल 782 रन बनाए हैं। इस दौरान वसीम ने कुल 47 छक्के जड़े हैं।

4. Shahid Afridi (PAK) - 48 छक्के (2002):

पाकिस्तान के पूर्व बेहतरीन ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी अपने समय में लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते थे। साल 2002 में उन्होंने 37 वनडे मैचों की 36 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 112.74 की स्ट्राइक रेट से 743 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 48 छक्के भी जड़े थे, जो कि पाकिस्तान की ओर से वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है।

3. Chris Gayle (WI) - 56 छक्के (2019):

यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने साल 2019 में वनडे क्रिकेट में कुल 56 छक्के लगाए थे। हालांकि, भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा इस मामले में उनकी बराबरी कर चुके हैं और जल्द ही उन्हें भी पीछे छोड़ने वाले हैं। गेल ने साल 2019 में 17 मैचों की 15 पारियों में 109.76 की स्ट्राइक रेट से 753 रन बनाते हुए यह कारनामा किया था।

2. Rohit Sharma (IND) - 56 छक्के (2023):

वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर भारत के रोहित शर्मा का नाम आता है। वह साल 2023 में अब तक कुल 56 छक्के लगा चुके हैं और जल्द ही एबी डी विलियर्स के ऑल टाइम रिकॉर्ड को भी तोड़ने वाले हैं। रोहित ने इस साल अब तक कुल 22 मुकाबले खेले हैं जिसकी 21 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 113.33 की स्ट्राइक रेट से 1065 रन बनाए हैं। (यह आंकड़ा विश्व कप 2023 के 30वें मुकाबले तक है।)

1. AB De Villiers (SA) - 58 छक्के (2015):

वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बेहतरीन बल्लेबाज एबी डी विलियर्स के नाम दर्ज है। मिस्टर 360 के नाम से मशहूर डी विलियर्स ने साल 2015 में कुल 20 वनडे मुकाबले खेले थे, जिसकी 18 पारियों में 137.91 की स्ट्राइक रेट से 1193 रन बनाते हुए उन्होंने 58 छक्के लगाए थे।

नोट: यहां दिए गए सभी आंकड़े 31 अक्टूबर 2023 तक के हैं।*

Neetish Kumar Mishra
Neetish Kumar Mishra

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement