PKL 10: आगामी पीकेएल सीजन के लिए बंगाल वॉरियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन

टीम के पास इस बार ज्यादा बड़े खिलाड़ी नहीं हैं।
बंगाल वॉरियर्स ने प्रो कबड्डी लीग (PKL) के सातवें सीजन का खिताब जीता था। टीम ने मनिंदर सिंह की अगुवाई में पहली बार टाइटल अपने नाम किया था। हालांकि उसके बाद से अभी तक टीम का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। अगर बात करें तो बंगाल वारियर्स उस हिसाब से खेल नहीं दिखा पाई है। टीम के लिए पिछला सीजन भी काफी खराब रहा था। बंगाल वारियर्स बीते सीजन 22 में से केवल 8 मुकाबले ही जीत पाई थी और 11 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 3 मुकाबले टाई पर समाप्त हुए थे। आखिरी पांच मैचों में चार हार मिलने की वजह से बंगाल वॉरियर्स प्लेऑफ में भी क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।
टीम ने आगामी सीजन के लिए एक मजबूत टीम तैयार की है। मनिंदर सिंह को पहले रिलीज कर दिया गया था लेकिन ऑक्शन के दौरान उनके लिए एफबीएम कार्ड का प्रयोग कर उन्हें दोबारा हासिल कर लिया गया। इसलिए कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर से मनिंदर सिंह के ऊपर ही रहने वाली है। टीम के पास इस बार रेडिंग डिपार्टमेंट में ज्यादा विकल्प हैं, जबकि डिफेंस में थोड़े कम विकल्प हैं। आइए जानते हैं पीकेएल के 10वें सीजन के दौरान बंगाल वारियर्स किन-किन प्लेयर्स के साथ मैदान में उतर सकती है।
रेडिंग में इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
टीम के अलावा रेडिंग की जिम्मेदारी भी इस बार पूरी तरह से कप्तान मनिंदर सिंह के ऊपर ही रहने वाली है। मनिंदर सिंह ने पिछले सीजन अपनी टीम के लिए 21 मैच खेले थे और 238 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। उनके अलावा टीम में श्रीकांत जाधव भी नजर आ सकते हैं। जाधव पिछले सीजन टीम के दूसरे बेस्ट रेडर रहे थे। उन्होंने पिछले सीजन 21 मैचों 123 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे और कप्तान मनिंदर सिंह का बेहतरीन साथ दिया था।
टीम में तीसरे रेडर के लिए बंगाल वॉरियर्स की टीम में कई सारे विकल्प हैं लेकिन देखने वाली बात होगी कि मौका किसे दिया जाता है। सुयोग गैकर, गुहान राजू, प्रशांत यादव, असलम सजा, विश्वास गौड़ा, चाई मिंग चांग, महारुद्र गरजे और नितिन धनकर जैसे रेडर टीम का हिस्सा हैं और इनमें से शायद सुयोग गैकर को स्टार्टिंग सेवन में मौका दिया जाए, क्योंकि वो पिछले सीजन भी टीम का हिस्सा थे और फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया है। ऐसे में उन्हें खेलने का भी मौका दिया जा सकता है।
डिफेंस में शुभम शिंदे और वैभव गरजे खेल सकते हैं
डिफेंस में इस बार बंगाल वॉरियर्स के पास ज्यादा ऑप्शन नहीं हैं। राइट कॉर्नर में शुभम शिंदे, लेफ्ट कॉर्नर पर अक्षय कुमार और राइट कवर पर वैभव गरजे को स्टार्टिंग सेवन में मौका दिया जा सकता है। टीम ने नितिन रावल को ऑक्शन में 30 लाख की रकम में हासिल किया था और इसी वजह से ऑलराउंडर के तौर पर उन्हें भी खिलाया जा सकता है। राइट कॉर्नर डिफेंडर शुभम शिंदे ने पिछले सीजन सबसे ज्यादा प्रभावित किया था। उन्होंने 20 मैचों में 43 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे।
वहीं राइ़ट कवर स्पेशलिस्ट वैभव गरजे ने अपने पहले ही पीकेएल सीजन में बेहतरीन खेल दिखाया था। उन्होंने कुल 18 मुकाबले खेले थे जिसमें 31 प्वॉइंट हासिल किए थे। इस दौरान उन्होंने एक हाई-फाइव लगाया और एक बार सुपर टैकल भी किया था। अक्षय की अगर बात करें तो बीते सीजन वो हरियाणा स्टीलर्स की टीम में थे और उनके लिए कुल सात मुकाबले खेले थे जिसमें छह प्वॉइंट हासिल किए थे। ऐसे में उनको स्टार्टिंग सेवन में मौका दिया जा सकता है।
PKL 10 के लिए बंगाल वॉरियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन
रेडर्स - मनिंदर सिंह, श्रीकांत जाधव और सुयोग गैकर
डिफेंडर्स - शुभम शिंदे, वैभव गरजे और अक्षय कुमार।
ऑलराउंडर्स - नितिन रावल।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.