Khel Now logo
HomeSportsBangladesh Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

WWE न्यूज

WWE इतिहास के टॉप 10 सबसे बढ़िया बेबीफेस रेसलर्स

Neeraj has been part of Khel Now Since November 2023 covering WWE and Kabaddi.
Published at :November 19, 2023 at 7:00 PM
Modified at :November 19, 2023 at 7:00 PM
WWE इतिहास के टॉप 10 सबसे बढ़िया बेबीफेस रेसलर्स

इस सूची में मौजूद सभी WWE सुपरस्टार्स काफी लोकप्रिय हैं।

WWE ने पिछले 4 दशकों से भी ज्यादा समय से प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री पर अपना वर्चस्व कायम किया हुआ है। यहां ब्रूनो सैमर्टिनो, हल्क होगन, द रॉक, रिक फ्लेयर और जॉन सीना जैसे दिग्गज रेसलर्स काम कर चुके हैं और आज रोमन रेंस, सैथ रॉलिंस समेत कई अन्य प्रतिभाशाली रेसलर्स ने कंपनी का भार अपने कंधों पर संभाला हुआ है। इस आर्टिकल में हम WWE इतिहास को ध्यान में रखते हुए 10 सबसे बड़े बेबीफेस सुपरस्टार्स के बारे में आपको बताने वाले हैं।

10. डेनियल ब्रायन

एक समय था जब 2010 में डेनियल ब्रायन को WWE ने रिलीज कर दिया था, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उनकी वापसी हुई थी। वापस आने के बाद बेबीफेस किरदार में काम किया और कुछ समय बाद उनकी Yes मूवमेंट ने सबका दिल जीत लिया था। उनकी एंट्री मात्र को क्राउड बहुत तगड़ा रिएक्शन दे रहा होता था। ऐसा कहा जाता है कि उन्हें Wrestlemania 30 में WWE चैंपियन ना बनाने का प्लान बनाया गया था, लेकिन वो फैंस का सपोर्ट ही था जिसने उन्हें चैंपियन और उस दौर का सबसे बड़ा बेबीफेस बनाया था।

9. कोफी किंग्सटन

कोफी किंग्सटन को उनके करियर की शुरुआत में हील किरदार में दिखाया जाता था, लेकिन आगे चलकर वो ऐसे बेबीफेस बने कि आज उन्हें विलेन किरदार में काम करते देखने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। Wrestlemania 35 में जब उन्हें WWE चैंपियनशिप स्टोरीलाइन में शामिल किया गया तब स्पष्ट हो गया था कि फैंस उन्हें किस हद तक सपोर्ट करते हैं।

8. ब्रेट हार्ट

ब्रेट हार्ट भी अपने WWE करियर की शुरुआत में हील हुआ करते थे, लेकिन कुछ समय बाद जब उन्होंने बेबीफेस टर्न लिया तो वो एक ऐसे सुपरस्टार के रूप में उभर कर सामने आए जिन्हें फैंस अपने हीरो के रूप में देखते थे। उनकी इन-रिंग स्किल्स, किसी फिल्मी सितारे की तरह एंट्री लेना और उनके जबरदस्त एक्शन से भरपूर मुकाबले लोगों को बहुत पसंद आते थे।

7. मिक फोली

मिक फोली को प्रो रेसलिंग जगत में उनके हार्डकोर स्टाइल के लिए जाना जाता है। वो फैंस का मनोरंजन करने के लिए कुछ भी करने को तैयार थे और इसी हदों को पार कर देने वाले स्टाइल ने उन्हें फैंस के सबसे चहेते सुपरस्टार्स में से एक बनाया था। उन्होंने WWE में 3 किरदारों में काम कर साबित किया था कि वो उस दौर के सबसे प्रतिभाशाली रेसलर्स में से एक थे।

6. बैकी लिंच

बैकी लिंच अपने अधिकांश WWE करियर में बेबीफेस किरदार में काम करती आई हैं और पिछले करीब एक दशक में उन्होंने विमेंस रोस्टर को आगे बढ़ाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने हील के रूप में भी काम किया, लेकिन बैकी को हमेशा प्राकृतिक रूप से बेबीफेस रिएक्शन मिलता आया है। वो आज भी कंपनी की टॉप बेबीफेस सुपरस्टार्स में से एक बनी हुई हैं।

5. रे मिस्टीरियो

रे मिस्टीरियो ने एक क्रूज़रवेट रेसलर होते हुए भी प्रो रेसलिंग में अपार सफलता हासिल की है और WWE में वर्ल्ड चैंपियन भी रहे हैं। अक्सर छोटे कद के कारण उन्हें कम आंका जाता था, लेकिन फैंस जानते थे कि वो कितने बेहतरीन परफॉर्मर हैं। हाई-फ्लाइंग मूव्स और तेजी के बलबूते उन्होंने दुनिया भर के फैंस का दिल जीता है और आज भी एक दिग्गज बेबीफेस सुपरस्टार होने की भूमिका को अच्छे से निभा रहे हैं।

4. 'स्टोन कोल्ड' स्टीव ऑस्टिन

स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन ने 1995 में WWE को जॉइन किया था, लेकिन उनके शानदार सफर की शुरुआत 1997 में एटीट्यूड एरा के आने के बाद हुई। वो कुछ ही समय में इंडस्ट्री के टॉप सुपरस्टार्स में से एक बन चुके थे। उनके जबरदस्त प्रोमो, कभी हार ना मानने वाला स्टाइल उन्हें किसी हीरो की तरह प्रदर्शित कर रहा होता था। वहीं विंस मैकमैहन के खिलाफ फ्यूड ने भी उन्हें टॉप बेबीफेस सुपरस्टार बनने में मदद की थी।

3. जॉन सीना

ये बात आपको चौंका सकती है कि जॉन सीना ने अपने WWE करियर की शुरुआत हील किरदार में की थी, लेकिन 2003 में बेबीफेस टर्न लेने के बाद वो आज भी फैंस के हीरो बने हुए हैं। करीब 20 सालों तक चले करियर में फैंस के एक हीरो की जिम्मेदारी संभालना आसान काम नहीं है। उनका थीम सॉन्ग भी इतिहास का एक खास हिस्सा बन चुका है, जिसे सुन कर फैंस झूम उठते हैं। उनकी टी-शर्ट पर छपे संदेश भी उन्हें बड़ा हीरो बना रहे होते थे।

2. द रॉक

आज द रॉक दुनिया के सबसे बड़े मूवी सुपरस्टार्स में से एक बन चुके हैं, लेकिन एक समय पर हजारों की संख्या में फैंस उन्हें खूब चीयर कर रहे होते थे। उनके द्वारा कॉमेडी अंदाज में अपने प्रतिद्वंदियों पर तंज कसना और आक्रामकता से भरा रेसलिंग स्टाइल फैंस का खूब मनोरंजन कर रहा होता था। फैंस से मिले अपार समर्थन के कारण ही उन्हें द पीपल्स चैंपियन कहा जाता है।

1. हल्क होगन

WWE इतिहास के सबसे बेहतरीन बेबीफेस सुपरस्टार्स की बात हो रही हो और हल्क होगन का नाम सामने ना आए, ऐसा नहीं हो सकता। वो हालांकि अपने निजी जीवन में बड़े विवादों से घिरे रहे हैं, लेकिन इस बात में कोई संदेह नहीं कि वो रेसलिंग इंडस्ट्री के सबसे बड़े बेबीफेस सुपरस्टार रहे हैं। उनके इंटरव्यूज़, इन-रिंग स्टाइल और लगातार बड़े इवेंट्स को हेडलाइन करना और उनमें शानदार प्रदर्शन भी उन्हें फैंस का सबसे बड़ा हीरो बना रहा होता था।

Neeraj Sharma
Neeraj Sharma

Enjoy playing different kind of sports but never got a chance to thrive, Neeraj has been writing about sports since 2018. Last 7 years have been full of ups and downs but passion of sports is still in the veins and would remain forever.

Latest News
Advertisement